AI Summit Protest Case: दिल्ली पुलिस ने AI इम्पैक्ट समिट 2026 के दौरान 'भारत मंडपम' के अंदर शर्टलेस प्रदर्शन करने के सिलसिले में 8वीं गिरफ्तारी की है। दिल्ली पुलिस ने प्रोटेस्ट मामले में इंडियन यूथ कांग्रेस के अध्यक्ष उदय भानु चिब को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने बताया कि 'भारत मंडपम' में यूथ कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन के सिलसिले में उदय भानु चिब को रातभर पूछताछ के बाद गिरफ्तार किया गया है।
इससे पहले इस मामले में कांग्रेस से जुड़े सात कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया जा चुका है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस मामले में कांग्रेस पर तीखा हमला बोल चुके हैं। 'इंडिया टुडे' की एक रिपोर्ट के मुताबिक, दिल्ली पुलिस ने रातभर सवाल-जवाब के बाद मंगलवार (24 फरवरी) तड़के करीब 4:30 बजे उदय भानु चिब को गिरफ्तार किया।
बताया जा रहा है कि कांग्रेस नेता को दिल्ली पुलिस तिलक मार्ग थाने में रखी है। कांग्रेस की तरफ से किसी भी प्रकार का विरोध-प्रदर्शन करने की आशंका को देखते हुए पुलिस स्टेशन के बाहर सुरक्षा बढ़ा दी गई है। भारी संख्या में सीआरपीएफ और दिल्ली पुलिस के जवान गेट पर तैनात हैं। दिल्ली पुलिस की ओर से मंगलवार सुबह आधिकारिक बयान सामने आया।
अब तक कुल 8 कांग्रेस कार्यकर्ता गिरफ्तार
इससे एक दिन पहले सोमवार को दिल्ली पुलिस ने कमीज उतारकर किए गए विरोध प्रदर्शन के सिलसिले में ग्वालियर से तीन कार्यकर्ताओं समेत सात लोगों को गिरफ्तार किया। उनपर विभिन्न समूहों के बीच शत्रुता को बढ़ावा देने तथा राष्ट्रीय एकता को नुकसान पहुंचाने वाले बयान देने सहित कई आरोप लगाए हैं। पुलिस ने बताया कि जितेंद्र यादव, राज गुर्जर और अजय कुमार नामक आरोपियों को मध्य प्रदेश के ग्वालियर से गिरफ्तार किया गया। इससे इस मामले में गिरफ्तारियों की कुल संख्या 8 हो गई है।
पुलिस ने उत्तर प्रदेश के ललितपुर से आईवाईसी की उत्तर प्रदेश इकाई के महासचिव रितिक उर्फ मोंटी शुक्ला को भी हिरासत में लिया है। जबकि आईवाईसी अध्यक्ष उदय भानु चिब से भी पूछताछ की जा रही है। पिछले शुक्रवार को 'भारत मंडपम' में 'एआई इम्पैक्ट समिट' के दौरान एक प्रदर्शनी हॉल में भारतीय युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं के एक समूह ने कमीज उतारकर विरोध प्रदर्शन किया था। वे ऐसी टी-शर्ट लेकर घूम रहे थे, जिनपर सरकार और भारत-अमेरिका व्यापार समझौते के खिलाफ नारे छपे थे। इसके बाद कार्यक्रम स्थल पर मौजूद सुरक्षाकर्मियों द्वारा उन्हें वहां से हटा दिया गया था।
दिल्ली पुलिस ने शुक्रवार को ही युवा कांग्रेस के चार कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर लिया था। अधिकारियों ने कहा कि मामले में व्यापक साजिश के पहलू से भी जांच की जा रही है। इस मुद्दे ने राजनीतिक विवाद खड़ा कर दिया। भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने इसे वैश्विक मंच पर भारत की छवि को धूमिल करने का एक शर्मनाक कृत्य बताया। जबकि भारतीय युवा कांग्रेस ने इसे राष्ट्रीय हितों की रक्षा के उद्देश्य से किया गया शांतिपूर्ण प्रदर्शन बताकर इसका बचाव किया।
टी-शर्ट उतारकर किया प्रदर्शन
पुलिस के अनुसार, शुक्रवार को युवा कांग्रेस के कार्यकर्ता हॉल नंबर-पांच के लॉबी क्षेत्र में घुस गए और नीचे पहनी हुई टी-शर्ट उतारकर या हाथों में पकड़कर नारे लगाने लगे। पुलिस सूत्रों के अनुसार, प्रदर्शनकारियों ने कार्यक्रम स्थल में प्रवेश करने के लिए QR कोड प्राप्त करने हेतु ऑनलाइन पंजीकरण कराया था। आरोपियों ने पहले काले रंग की छतरियों पर स्टिकर चिपकाकर उन्हें चुपके से भारत मंडपम में ले जाने की योजना बनाई थी।
एक सूत्र ने बताया कि हालांकि, बाद में उन्हें लगा कि काले छाते प्रवेश द्वार पर तैनात सुरक्षाकर्मियों का ध्यान आकर्षित कर सकते हैं इसलिए उन्होंने अपनी योजना बदल दी और टी-शर्ट पर छपे स्टिकर लगवाकर उन्हें अपनी कमीज के नीचे पहन लिया। अंदर एंट्री करने के बाद उन्होंने टी-शर्ट के ऊपर पहनी हुई कमीजें उतार दीं। सूत्रों ने दावा किया कि प्रदर्शनकारियों ने ड्यूटी पर तैनात कुछ पुलिस अधिकारियों के साथ हाथापाई भी की। फिलहाल पूरे मामले की जांच की जा रही है।