Ahmedabad Plane Crash: अहमदाबाद एयरपोर्ट से लंदन के गैटविक एयरपोर्ट के लिए उड़ान भरने वाला एयर इंडिया का विमान AI-171 क्रैश हो गया है। इस विमान में 232 यात्री और 10 चालक दल के सदस्य सवार थे। जानकारी के मुताबिक, अहमदाबाद से लंदन जा रही इस विमान में 169 भारतीय, 53 ब्रिटिश, 7 पुर्तगाली और 1 कनाडाई नागरिक सवार थे। हादसे के कारणों की फिलहाल पुष्टि नहीं हुई है। एयर इंडिया का ये विमान लंदन के लिए उड़ान भर रहा था, तभी टेकऑफ के दौरान वो क्रैश हो गया है। जानकारी के मुताबिक, एयर इंडिया की फ्लाइट नंबर AI-171 ने दोपहर 1.38 बजे उड़ान भरी थी। दोपहर 1.40 बजे यह क्रैश हो गई।
एयर इंडिया का ये विमान मेघानीनगर इलाके के पास क्रैश हुआ, जो एयरपोर्ट कैंपस से सटा हुआ है। विमान के गिरते ही पूरे इलाके में धुएं का गुबार दिखाई दिया। इस हादसे के बाद आसपास के इलाकों में अफरा-तफरी मच गई।
गृहमंत्री अमित शाह ने ली ये जानकारी
घटना के बाद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने गुजरात के मुख्यमंत्री और अहमदाबाद पुलिस कमिश्नर से बातचीत की और सभी जरूरी मदद का भरोसा दिया है। वहीं, नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू हालात का जायजा लेने के लिए अहमदाबाद रवाना हो गए हैं। वहीं एयर इंडिया ने एक्स (पूर्व ट्विटर) पर एक पोस्ट के ज़रिए पुष्टि की है कि अहमदाबाद से लंदन गैटविक जाने वाली फ्लाइट AI-171, 12 जून 2025 को एक दुर्घटना का शिकार हो गई। प्रवक्ता ने बताया कि अभी स्थिति की जांच जारी है और जैसे ही कोई नई जानकारी मिलेगी, उसे एयर इंडिया की वेबसाइट और सोशल मीडिया पर साझा किया जाएगा।
घनी आबादी वाले इलाके में क्रैश हुआ विमान
शुरुआती जानकारी के मुताबिक, एयर इंडिया की फ्लाइट AI-171 अहमदाबाद एयरपोर्ट के पास एक घनी आबादी वाले इलाके में दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे के तुरंत बाद आसपास के स्थानीय लोग मदद के लिए आगे आए और राहत-बचाव कार्यों में प्रशासन का सहयोग किया। इस घटना को लेकर नागरिक विमानन महानिदेशालय (DGCA) ने पुष्टि की है कि यह हादसा एयर इंडिया के बोइंग 787 विमान (रजिस्ट्रेशन VT-ANB) के साथ हुआ, जो अहमदाबाद से लंदन गैटविक के लिए 12 जून 2025 को रवाना हुआ था। उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद यह दुर्घटना हुई।
विमान मे सवार थे 10 क्रू मेंबर
डीजीसीए ने अपने बयान में बताया कि हादसे के समय विमान में 2 पायलट, 10 केबिन क्रू समेत कुल 242 लोग सवार थे। इस फ्लाइट की कमान कैप्टन सुमीत सभरवाल संभाल रहे थे, जिनके पास 8,200 घंटे की उड़ान का अनुभव है और वे एक लाइन ट्रेनिंग कैप्टन (LTC) हैं। उनके साथ फर्स्ट ऑफिसर क्लाइव कुंदर भी थे, जिनका कुल उड़ान अनुभव 1,100 घंटे का था। एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) के अनुसार, विमान ने दोपहर 1:39 बजे (IST) अहमदाबाद एयरपोर्ट के रनवे 23 से उड़ान भरी थी। टेक-ऑफ के कुछ ही पलों बाद विमान ने ‘मेडे’ कॉल जारी की, लेकिन इसके बाद ATC से कोई और संपर्क नहीं हो सका। कुछ ही देर में विमान हवाई अड्डे के बाहरी इलाके में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। चश्मदीदों और अधिकारियों ने बताया कि दुर्घटनास्थल से घना काला धुआं उठता देखा गया।