एक और Air India विमान क्रैश हो सकता था! टैकऑफ करते ही अचानक 900 फीट नीचे आई दिल्ली-विएना फ्लाइट, DGCA ने पायलट को हटाया

इस घटना पर एयर इंडिया ने बयान जारी कर कहा, “पायलट की रिपोर्ट मिलने के बाद DGCA को पूरी जानकारी दी गई। रिकॉर्डर से मिले डाटा के आधार पर जांच जारी है और जब तक जांच पूरी नहीं होती, पायलट्स को ड्यूटी से हटाया गया है।” यह घटना इसलिए और चौंकाने वाली मानी जा रही है, क्योंकि यह AI 171 हादसे के महज 40 घंटे बाद हुई

अपडेटेड Jul 01, 2025 पर 4:13 PM
Story continues below Advertisement
एक और Air India विमान हादसा टला! हवा में उड़ान भरते ही अचानक 900 फीट नीचे आई दिल्ली-विएना फ्लाइट (FILE PHOTO)

देश अभी अहमदाबाद विमान हादसे के सदमे से उबरा भी नहीं था कि महज 40 घंटे बाद एक और एयर इंडिया फ्लाइट ने हजारों यात्रियों की सांसें रोक दीं। यह घटना 14 जून की रात हुई। एयर इंडिया की AI 187 फ्लाइट, जो दिल्ली से विएना जा रही थी, टेक-ऑफ के कुछ मिनटों बाद ही तकनीकी खराबी और खराब मौसम के कारण अचानक 900 फीट नीचे आ गई। रात 2:56 बजे विमान ने उड़ान भरी थी। उसी वक्त दिल्ली में तूफान और खराब मौसम था। कुछ ही मिनटों में फ्लाइट की ऊंचाई में अचानक गिरावट आई, जिससे यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई।

प्लेन का 900 फीट तक गिरना किसी बड़ी दुर्घटना का संकेत था, लेकिन पायलट की त्वरित कार्रवाई ने 268 लोगों की जान बचा ली। बाद में विमान सुरक्षित रूप से विएना पहुंच गया। इस खतरनाक घटना की जानकारी मिलते ही नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

फ्लाइट का ब्लैक बॉक्स भी जब्त


फ्लाइट का ब्लैक बॉक्स भी जब्त कर लिया गया है और तकनीकी डेटा की जांच की जा रही है। साथ ही DGCA ने दोनों पायलट को बाकी दूसरी किसी फ्लाइट से हटा दिया है, जब तक जांच पूरी नहीं हो जाती।

इस घटना पर एयर इंडिया ने बयान जारी कर कहा, “पायलट की रिपोर्ट मिलने के बाद DGCA को पूरी जानकारी दी गई। रिकॉर्डर से मिले डाटा के आधार पर जांच जारी है और जब तक जांच पूरी नहीं होती, पायलट्स को ड्यूटी से हटाया गया है।”

यह घटना इसलिए और चौंकाने वाली मानी जा रही है, क्योंकि यह AI 171 हादसे के महज 40 घंटे बाद हुई, जिसमें अहमदाबाद में 260 से ज्यादा लोगों की जान गई थी।

एयर इंडिया की उड़ानों में सुरक्षा के मानक पर गंभीर सवाल?

अब सवाल उठ रहे हैं कि क्या एयर इंडिया की उड़ानों में सुरक्षा के मानक गंभीर खतरे में हैं? DGCA की जांच से इसका जवाब सामने आएगा।

एयर इंडिया (Air India) की उड़ानों में लगातार सामने आ रही तकनीकी गड़बड़ियों के बीच DGCA (नागरिक उड्डयन महानिदेशालय) ने एयरलाइन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की शुरुआत कर दी है। हाल ही में हुई सेफ्टी ऑडिट में सामने आया है कि एयर इंडिया के विमानों में बार-बार मेंटेनेंस में लापरवाही और खराबी दूर करने में कोताही बरती जा रही है।

इस जांच की शुरुआत तब हुई जब इस महीने की शुरुआत में एयर इंडिया की कई फ्लाइट्स में तकनीकी खामियों की शिकायतें मिलीं। अब DGCA यह जांच कर रहा है कि इन घटनाओं के पीछे खराब मौसम, तकनीकी गड़बड़ी या पायलट की गलती तो नहीं थी। जांच के बाद एयरलाइन के ऑपरेशन प्रोटोकॉल और इंस्पेक्शन सिस्टम में बदलाव की संभावना जताई जा रही है।

गुरुग्राम बेस पर DGCA का बड़ा ऑडिट

23 जून को DGCA की एक टीम ने एयर इंडिया के मुख्य संचालन केंद्र गुरुग्राम में पहुंचकर एक विस्तृत ऑडिट की शुरुआत की। यह ऑडिट सालाना प्रक्रिया का हिस्सा है, लेकिन इस बार यह असाधारण रूप से सख्त और बड़े स्तर बताया जा रहा है।

PTI के सूत्रों के अनुसार, “DGCA ने एयर इंडिया के गुरुग्राम में मुख्य बेस पर ऑडिट शुरू कर दिया है। इस ऑडिट में संचालन, उड़ान की योजना, फ्लाइट शेड्यूलिंग, पायलट रोस्टरिंग और IOCC (इंटीग्रेटेड ऑपरेशंस कंट्रोल सेंटर) जैसे सभी महत्वपूर्ण एरिया को शामिल किया जाएगा।”

साजिश या हादसा? एयर इंडिया विमान क्रैश की इस एंगल से भी हो रही जांच, केंद्रीय मंत्री ने दी अहम जानकारी

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।