Air India Plane Crash: अहमदाबाद विमान हादसे के बाद अपनों की तलाश में अस्पताल पहुंचे रोते बिलखते लोग

Ahmedabad Plane Crash: ऐसा बताया जा रहा है कि इसी विमान में गुजरात पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी भी सवार थे। हालांकि, उनकी स्थिति या मौजूदगी को लेकर फिलहाल आधिकारिक तौर पर कुछ भी नहीं बताया गया है। फ्लाइट टेकऑफ के 5 मिनट बाद ही ये विमान अहमदाबाद के बीजे मेडिकल कॉलेज के हॉस्टल पर क्रैश किया। बताया जा रहा है उस वक्त हॉस्टल में 50 डॉक्टर मौजूद थे

अपडेटेड Jun 12, 2025 पर 5:27 PM
Story continues below Advertisement
Air India Plane Crash: अहमदाबाद विमान हादसे के बाद अपनों की तलाश में अस्पताल पहुंचे रोते बिलखते लोग

अहमदाबाद में टेकऑफ के कुछ ही मिनटों बाद एयर इंडिया का एक विमान हादसे का शिकार हो गया। घटना के वक्त हादसे में 242 लोग शवार थे और अब तक 170 लोगों की मौत की खबर है। दोपहर 1:38 बजे रवाना हुई इस उड़ान में बोइंग 787-8 विमान में 242 यात्री और चालक दल के सदस्य सवार थे। ये फ्लाइट अहमदाबाद से लंदन जा रही थी। इस विमान हादसे में कई लोगों ने अपनों को खो दिया है या फिर घायल हैं। बहुत से लोग हादसे की जानकारी मिलते ही मौक पर अपने परिजनों की तलाश में पहुंचे।

इनमें से एक हैं भावना पटेल, जब उन्होंने एयर इंडिया विमान क्रैश की जानकारी मिली तो वह अहमदाबाद के सिविल अस्पताल पहुंचीं। वे रोते हुए कहती हैं, "मेरी बहन लंदन जा रही थी। उसकी फ्लाइट दोपहर 1.10 बजे थी, लेकिन फ्लाइट क्रैश हो गई।" फिलहाल उन्हें ये नहीं मालूम कि उनकी बहन कहां और कैसी है।


कुछ ऐसा ही हाल पूनम पटेल का है और वह भी हादसे की जानकारी मिलते ही अपनी भाभी को ढूंढते हुए अहमदाबाद के सिविल अस्पताल पहुंचे हैं। वह कहते हैं, "मेरी भाभी लंदन जा रही थीं। एक घंटे के भीतर ही मुझे खबर मिली कि विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया है। इसलिए मैं यहां आया हूं।"

अहमदाबाद की ही रहने वाली रमीला भी अस्पताल पहुंचीं। हालांकि, रमीला का बेटा उसी हॉस्टल में था, जिसके ऊपर ये विमान क्रैश (Air India Plane Crash) हुआ। वह कहती हैं, "मेरा बेटा लंच ब्रेक के दौरान हॉस्टल गया था और विमान वहीं दुर्घटनाग्रस्त हो गया। मेरा बेटा सुरक्षित है और मैंने उससे बात की है। वह दूसरी मंजिल से कूद गया था, इसलिए उसे कुछ चोटें आईं।"

अहमदाबाद के सिविल अस्पताल में पहुंचे एक और व्यक्ति ने बताया, "मेरी बहन और बहनोई दोनों अस्पताल के अंदर हैं, लेकिन वे हमें अंदर नहीं जाने दे रहे हैं... वे लंदन जा रहे थे... मेरी भतीजी लंदन में है और वे उससे मिलने जा रहे थे। उसने मुझे लंदन से फोन करके बताया कि उसके माता-पिता विमान में हैं और फिर मैं यहां पहुंचा।"

ऐसा बताया जा रहा है कि इसी विमान में गुजरात पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी भी सवार थे। हालांकि, उनकी स्थिति या मौजूदगी को लेकर फिलहाल आधिकारिक तौर पर कुछ भी नहीं बताया गया है।

एयर इंडिया ने आधिकारिक बयान जारी कर बताया कि ड्रीमलाइनर बोइंग 787 विमान, अहमदाबाद से लंदन जा रहा था, उसमें 169 भारतीय नागरिक, 53 ब्रिटिश नागरिक, 1 कनाडाई नागरिक है और 7 पुर्तगाली नागरिक सवार थे।

फ्लाइट टेकऑफ के 5 मिनट बाद ही ये विमान अहमदाबाद के बीजे मेडिकल कॉलेज के हॉस्टल पर क्रैश किया। बताया जा रहा है उस वक्त हॉस्टल में 50 डॉक्टर मौजूद थे।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।