Air India: चीन के एयरस्पेस से वापस दिल्ली लौटा एयर इंडिया का विमान, 7 घंटे हवा में उड़ाती रही फ्लाइट

Air India : एयर इंडिया ने बताया कि फ्लाइट को वापस लौटाने का फैसला एक तकनीकी या ऑपरेशनल समस्या के चलते लिया गया और यह कदम तय नियमों यानी स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर के अनुसार उठाया गया, हालांकि कंपनी ने इसके बारे में ज्यादा जानकारी साझा नहीं की

अपडेटेड Mar 20, 2026 पर 8:37 PM
Story continues below Advertisement
एयर इंडिया के एक विमान को वैंकूवर पहुंचने से पहले ही लगभग सात घंटे की उड़ान के बाद दिल्ली लौटना पड़ा।

एयर इंडिया के एक विमान को वैंकूवर पहुंचने से पहले ही लगभग सात घंटे की उड़ान के बाद दिल्ली लौटना पड़ा। एयरलाइन ने जानकारी दी कि, दिल्ली से वैंकूवर जा रही एयर इंडिया की फ्लाइट AI 185 को 19 मार्च को वापस लौटना पड़ा। फ्लाइट ट्रैकिंग के अनुसार, विमान इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट से उड़ान भरने के बाद जब चीन के हवाई क्षेत्र से गुजर रहा था, तभी उसे वापस मोड़ दिया गया। बाद में यह विमान सुरक्षित रूप से दिल्ली में लैंड कर गया और सभी यात्री व क्रू बिना किसी परेशानी के विमान से उतर गए।

कंपनी ने दी ये जानकारी

एयर इंडिया ने बताया कि फ्लाइट को वापस लौटाने का फैसला एक तकनीकी या ऑपरेशनल समस्या के चलते लिया गया और यह कदम तय नियमों यानी स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर के अनुसार उठाया गया, हालांकि कंपनी ने इसके बारे में ज्यादा जानकारी साझा नहीं की। इस उड़ान में एक और खास बात यह रही कि AI 185 के लिए इस बार Boeing 777-200 LR विमान का इस्तेमाल किया गया था, जबकि आमतौर पर इस रूट पर Boeing 777-337 (ER) विमान उड़ाया जाता है।


 दिल्ली से वैंकूवर जा रही  थी फ्लाइट

सूत्रों के अनुसार, जिस विमान का इस्तेमाल किया गया था उससे जुड़ी कोई तकनीकी दिक्कत सामने आई हो सकती है, जिसके कारण उड़ान को बीच रास्ते से ही वापस दिल्ली लाना पड़ा। हालांकि अभी तक इस घटना की सटीक वजह और विमान में कितने यात्री सवार थे, इसकी पूरी जानकारी सामने नहीं आई है। एयर इंडिया ने अपने बयान में कहा कि 19 मार्च को दिल्ली से वैंकूवर जा रही फ्लाइट AI 185 एक ऑपरेशनल समस्या के चलते तय नियमों के अनुसार वापस लौट आई, लेकिन विमान सुरक्षित रूप से लैंड हुआ और सभी यात्री व क्रू सदस्य बिना किसी परेशानी के उतर गए।

एयर इंडिया ने अपने बयान में कहा कि इस अचानक आई परेशानी से यात्रियों को हुई असुविधा के लिए उसे खेद है और दिल्ली में उसकी ग्राउंड टीम ने सभी जरूरी इंतजाम किए, जिनमें यात्रियों के लिए होटल में ठहरने की सुविधा भी शामिल थी। साथ ही, उन्हें जल्द से जल्द उनके गंतव्य तक पहुंचाने की पूरी कोशिश की गई। एयरलाइन ने बताया कि सभी प्रभावित यात्रियों के लिए ठहरने की व्यवस्था की गई थी और अगली सुबह वही फ्लाइट उन्हें लेकर वैंकूवर के लिए रवाना हो गई। कंपनी ने यह भी दोहराया कि यात्रियों और क्रू की सुरक्षा उसके लिए सबसे अहम है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।