Ajit Pawar Funeral Live Updates: बारामती में अजित पवार के अंतिम संस्कार में शामिल होंगे अमित शाह
Ajit Pawar Baramati Plane Crash Live Updates: महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार का अंतिम संस्कार गुरुवार (29 जनवरी) को पुणे जिले के बारामती में पूरे राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) ने बताया कि अंतिम संस्कार में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी शामिल होंगे।
पवार (66) का अंतिम संस्कार विद्या प्रतिष्ठान के खेल मैदान में सुबह करीब 11 बजे किया जाएगा। इससे पहले अंतिम यात्रा सुबह 8 बजे शुरू हुई। पुणे से करीब 100 किलोमीटर दूर बारामती हवाई पट्टी के पास बुधवार सुबह एक 'लियरजेट' विमान के दुर्घटनाग्रस्त हो जाने से अजित पवार की मृत्यु हो गई थी। इस हादसे में दो पायलट, एक फ्लाइट अटेंडेंट और एक निजी सुरक्षा अधिकारी की भी जान चली गई।
गुरुवार सुबह अजित पवार के पार्थिव देह को पुण्यश्लोक अहिल्यादेवी अस्पताल, बारामती से उनके काटेवाडी गांव ले जाया गया। इस बीच, शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के नेता उद्धव ठाकरे और उनके बेटे आदित्य ठाकरे ने गुरुवार बारामती स्थित पवार परिवार के आवास पर जाकर शोक संवेदना व्यक्त की।
बुधवार को मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने भी अस्पताल जाकर परिजनों से मुलाकात की थी। एक अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने इस विमान दुर्घटना के संबंध में दुर्घटनावश मृत्यु रिपोर्ट (एडीआर) दर्ज की है।
विमान 'टेबलटॉप रनवे' से सिर्फ 200 मीटर दूर क्रैश हो गया, जिससे पवार समेत विमान में सवार सभी पांच लोगों की मौत हो गई। प्रक्रिया के अनुसार, यह एक्सीडेंटल डेथ रिपोर्ट (ADR) महाराष्ट्र क्रिमिनल इन्वेस्टिगेशन डिपार्टमेंट (CID) को सौंपी जाएगी, जो एयरक्राफ्ट एक्सीडेंट इन्वेस्टिगेशन ब्यूरो (AAIB) की फाइंडिंग्स के आधार पर आगे की जांच करेगा।
नागर विमानन मंत्रालय के अधीन कार्यरत एएआईबी ने पहले ही दुर्घटना की जांच अपने हाथ में ले ली है। सीआईडी के एक अधिकारी ने बताया कि किसी दुर्घटना में किसी प्रभावशाली जनप्रतिनिधि या हस्ती की मृत्यु होने पर जांच सीआईडी द्वारा ही की जाती है।
दुर्घटना में जान गंवाने वालों में कैप्टन सुमित कपूर भी शामिल हैं, जिनके पास 15,000 घंटे का उड़ान अनुभव था। 1,500 घंटे का उड़ान अनुभव रखने वाली सह-पायलट कैप्टन शांभवी पाठक, निजी सुरक्षा अधिकारी (पीएसओ) विधिप जाधव और फ्लाइट अटेंडेंट पिंकी माली की भी इस हादसे में मौत हो गई।
अस्पताल सूत्रों के अनुसार, उनके पार्थिव शरीर परिजनों को सौंप दिए गए हैं। सरकार ने गुरुवार को जारी बयान में बताया कि सुबह खराब विजिबिलिटी के कारण हवा में एक चक्कर लगाने के बाद 'लियरजेट' विमान को उतरने की अनुमति दे दी थी। हालांकि, अनुमति मिलने के बाद भी विमान ने ATC को कोई 'रीड-बैक' या प्रतिक्रिया नहीं दी। वह कुछ ही पल बाद रनवे के किनारे पर दुर्घटनाग्रस्त हो गया तथा उसमें आग लग गई।