Akhilesh Yadav Visit Ayodhya: उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी (SP) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव 12 दिसंबर को परिवार के साथ अयोध्या जाएंगे। इस दौरान वह राम जन्मभूमि मंदिर पहुंचकर रामलला के दर्शन करेंगे। उनके इस दौरे में पत्नी और सांसद डिंपल यादव के साथ बेटा एवं बेटी भी शामिल होंगे। सपा नेता और पूर्व मंत्री पवन पांडे ने अखिलेश यादव के अयोध्या दौरे की तारीख की पुष्टि की है। बताया जा रहा है कि अखिलेश यादव अयोध्या में पूरा दिन बिताएंगे। इस दौरान राम मंदिर में रामलला के दर्शन के बाद वह हनुमानगढ़ी मंदिर भी जाएंगे।
परिवार के साथ अयोध्या पहुंचेंगे अखिलेश यादव
सपा नेता पवन पांडे के मुताबिक, अखिलेश यादव 12 दिसंबर को अपने परिवार के साथ अयोध्या पहुंचेंगे। इस दौरान वह राम मंदिर में विराजमान रामलला के दर्शन और पूजन करेंगे। उनके साथ पत्नी डिंपल यादव, बेटा और बेटी भी मौजूद रहेंगे। अखिलेश यादव के अयोध्या दौरे को लेकर पूर्व मंत्री पवन पांडे ने शनिवार (7 नवंबर) को यह जानकारी शेयर की है। उन्होंने बताया कि सपा प्रमुख का यह दौरा 12 दिसंबर को प्रस्तावित है। हालांकि, अभी दौरे के विस्तृत कार्यक्रम और अन्य गतिविधियों को लेकर कोई जानकारी सामने नहीं आई है।
राम मंदिर को लेकर चर्चा में रहा है अखिलेश यादव का रुख
अयोध्या में राम मंदिर निर्माण और रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के बाद से ही राजनीतिक गलियारों में नेताओं के मंदिर दर्शन को लेकर चर्चाएं होती रही हैं। ऐसे में अखिलेश यादव का परिवार के साथ राम मंदिर पहुंचकर रामलला के दर्शन करना राजनीतिक और सामाजिक दृष्टि से भी चर्चा का विषय बन सकता है। फिलहाल, अगले साल होने वाले यूपी विधानसभा चुनाव की वजह से 12 दिसंबर को अखिलेश यादव के अयोध्या दौरे पर सभी की नजरें रहेंगी।
उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन अयोध्या में 10वें दीपोत्सव की शुरुआत करेंगे
उत्तर प्रदेश के अयोध्या में 10वें दीपोत्सव-2026 की शुरुआत शनिवार को उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन संतों और धर्माचार्यों की उपस्थिति में करेंगे। बयान के अनुसार, इस अवसर पर राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी मौजूद रहेंगे। दीपोत्सव के दौरान सरयू नदी के 56 घाट असंख्य दीपों से जगमग होंगे। जबकि श्रीराम जन्मभूमि मंदिर को रंग-बिरंगी रोशनी से भव्य रूप से सजाया जाएगा।
लोगों के आकर्षण का केंद्र रहेंगी आकर्षक झांकियां
दीपोत्सव में प्रभु श्रीराम, माता सीता और लक्ष्मण के अयोध्या आगमन को प्रतीकात्मक रूप से दर्शाती भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी, जिसमें देश के 13 राज्यों के दल भाग लेंगे। रामायण के विभिन्न प्रसंगों पर आधारित आकर्षक झांकियां भी लोगों के आकर्षण का केंद्र रहेंगी। धर्मपथ सहित अन्य प्रमुख मार्गों को विशेष थीम वाली आधुनिक रोशनी और एलईडी पैनलों से सजाया जाएगा।
बयान के अनुसार, राम की पैड़ी पर सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ 3-डी प्रोजेक्शन मैपिंग और भव्य लेजर शो आयोजित किया जाएगा। इसके अलावा, रामायण के प्रसंगों पर आधारित ड्रोन शो और नया घाट पर संगीत के साथ आतिशबाजी दीपोत्सव की भव्यता बढ़ाएगी। अंतरराष्ट्रीय और भारतीय रामलीला दल प्रभु श्रीराम की लीलाओं का मंचन करेंगे।
वहीं, देश और प्रदेश के करीब 2,000 कलाकार सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर रामनगरी को भक्तिमय बनाएंगे। इस भव्य आयोजन में उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक, मंत्री सूर्य प्रताप शाही और जयवीर सिंह सहित कई अन्य नेता भी मौजूद रहेंगे।
भव्य समारोह की भव्य तैयारी
10वें दीपोत्सव के लिए अयोध्या को दुल्हन की तरह सजाया गया है। भव्य समारोह से पहले सड़कों, घाटों और प्रमुख चौराहों को रोशनी से सजाया गया है। लेजर शो, 3D प्रोजेक्शन और रामायण के प्रसंगों को दर्शाने वाले 2,100 स्वदेशी ड्रोन के शानदार प्रदर्शन के साथ रामनगरी को रोशन करने के लिए 30 लाख से अधिक दीये लगाए गए हैं। दुनिया भर से भक्त यह उत्सव देखने के लिए अयोध्या पहुंच चुके हैं।