बिहार MLC चुनाव से पहले अनंत सिंह ने दिए बगावत के संकेत, जन सुराज प्रत्याशी के नामांकन जुलूस में पहुंचे JDU विधायक

Bihar MLC Elections: बिहार के मोकामा से बाहुबलि विधायक अनंत सिंह ने पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से दोबारा चुनाव लड़ रहे JDU के विधान पार्षद नीरज कुमार को हराने का अपना इरादा पहले ही स्पष्ट कर दिया था। उन्होंने जन सुराज पार्टी के उम्मीदवार अनुज सिह के समर्थन में एक जुलूस भी निकाला

अपडेटेड Oct 01, 2026 पर 3:50 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
Bihar MLC Elections: जन सुराज उम्मीदवार अनुज सिह के नामांकन में शामिल हुए बाहुबली विधायक अनंत सिंह

Bihar MLC Elections: बिहार विधान परिषद चुनाव से पहले राज्य में सत्तारूढ़ जनता दल यूनाइटेड (JDU) के अंदर अब खुलकर खींचतान सामने आ गई है। JDU विधायक अनंत कुमार सिंह ने गुरुवार (1 अक्टूबर) को JDU के रुख से अलग जाते हुए विधान परिषद चुनाव के लिए प्रशांत किशोर की जन सुराज पार्टी (JSP) के उम्मीदवार अनुज सिंह के नामांकन में हिस्सा लिया। मोकामा से बाहुबलि विधायक सिंह ने पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से दोबारा चुनाव लड़ रहे JDU के विधान पार्षद नीरज कुमार को हराने का अपना इरादा पहले ही स्पष्ट कर दिया था। उन्होंने जन सुराज पार्टी के उम्मीदवार के समर्थन में एक जुलूस भी निकाला।

सिंह ने इस दौरान पत्रकारों से बातचीत में बगावती तेवर दिखाते हुए कहा, "मुझे नहीं पता कि इस मामले में पार्टी का क्या रुख है। सच्चाई यह है कि उन्होंने (नीरज कुमार ने) कई मौकों पर मेरा विरोध किया है। अब मुझे भी उन्हें उसी तरह जवाब देना है।" वह वर्ष 2015 के विधानसभा चुनाव से ही नीरज कुमार से नाराज हैं। उस समय JDU से नाता तोड़ने के बाद उन्होंने निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ा था।

JDU ने उनके खिलाफ कुमार को मैदान में उतारा था। हालांकि, सिंह ने बड़े अंतर से अपनी सीट बरकरार रखी थी। कई बार विधायक रह चुके अनंत सिंह जब जन सुराज पार्टी के उम्मीदवार के नामांकन के लिए पहुंचे, तो उनके साथ बड़ी संख्या में समर्थक भी मौजूद थे। समर्थकों ने जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार और केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह के समर्थन में नारे लगाए। ललन सिंह मुंगेर लोकसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते हैं, जिसके अंतर्गत मोकामा विधानसभा क्षेत्र आता है।


JDU का कोई नेता बोलने को तैयार नहीं

घटनाक्रम पर JDU के पदाधिकारियों ने चुप्पी साध रखी है। हालांकि, पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व राष्ट्रीय महासचिव श्याम रजक ने कहा, "हमारी पार्टी पूरी तरह राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) के साथ है। उन्हें (अनंत सिंह को) अपने कदम के बारे में खुद जवाब देना चाहिए। हम गठबंधन के सभी आठ उम्मीदवारों की जीत सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।"

इस महीने के अंत में होने वाले विधान परिषद चुनाव में JDU चार सीट पर चुनाव लड़ रही है। जबकि बाकी चार सीटों पर राज्य में केंद्र में सहयोगी भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने अपने उम्मीदवार उतारे हैं। रजक ने यह भी कहा, "अनंत सिंह से संबंधित घटनाक्रम की जानकारी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष को दे दी गई है। उचित समय पर उचित कार्रवाई की जा सकती है।"

ये भी पढ़ें- Weather Update: मानसून की विदाई तेज लेकिन इन राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट, IMD ने मौसम को लेकर जारी की ये चेतावनी

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।