Andhra Pradesh Bus Accident: आंध्र प्रदेश में दर्दनाक सड़क हादसा! बस-ट्रक में भीषण भिड़ंत में 14 लोगों की जिंदा जलकर मौत, 23 घायल

Andhra Pradesh Bus Accident: आंध्र प्रदेश के मार्कापुरम में गुरुवार (26 मार्च) सुबह एक प्राइवेट ट्रैवल बस के एक टिपर ट्रक से टकराने से कम से कम 14 लोगों की जलकर मौत हो गई। इस भीषण टक्कर के बाद बस में आग लगने से 23 याक्षी गंभीर रूप से घायल हो गए हैं

अपडेटेड Mar 26, 2026 पर 9:29 AM
आंध्र प्रदेश में बस में आग लगने की घटना में मरने वालों की संख्या बढ़कर 14 हो गई है

Andhra Pradesh Bus Accident: गुरुवार (26 मार्च) तड़के आंध्र प्रदेश के मार्कापुरम जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे में कम से कम 14 लोगों की जान चली गई। 'द टाइम्स ऑफ इंडिया' की रिपोर्ट के अनुसार, यह घटना मार्कापुरम जिले के रायवरम के पास हुई। एक प्राइवेट ट्रैवल बस की टिपर लॉरी से भीषण टक्कर हो गई, जिसमें 14 लोग जिंदा जल गए। पीटीआई के मुताबिक लगभग 20 लोग घायल हो गए हैं।

हादसा स्लैब क्वारी के पास हुआ, जहां बस में आग लग गई। उसमें कई यात्री फंस गए। बस की बजरी से लदी लॉरी से आमने-सामने टक्कर हो गई। बस पूरी तरह से जलकर खाक हो गई है। स्थानीय टीवी चैनलों के अनुसार, बस बजरी से लदे एक टिपर ट्रक से टकरा गई थी। पुलिस ने बताया कि कुछ यात्रियों को मामूली चोटें आई हैं। उनका एक अस्पताल में इलाज किया जा रहा है।

अधिकारी घटना के बारे में और जानकारी एकत्र करने के प्रयास कर रहे हैं। मार्कापुरम के पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) नागराजू ने एक टीवी चैनल से कहा, "करीब 14 लोग जिंदा जल गए और अब तक करीब 23 घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया है। घटना का पूरा ब्योरा जुटाने के प्रयास जारी हैं।"


उन्होंने कहा कि बचाव दल मृतकों की पहचान करने और उनके परिजन के बारे में जानकारी जुटाने का प्रयास कर रहे हैं। सत्यापन पूरा होने के बाद परिजन को सूचित किया जाएगा। नागराजू ने आशंका जताई कि कुछ शव अब भी बस के अंदर फंसे हुए हैं। मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने इस दुर्घटना में लोगों के मारे जाने पर दुख व्यक्त किया है।

मार्कापुरम के एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि शुरुआती जांच से पता चला है कि यह दुर्घटना तब हुई जब बस खदान वाले इलाके के पास एक मोड़ से गुज़र रही थी। उसी समय कथित तौर पर एक तेज़ रफ़्तार टिपर ने उसे टक्कर मार दी। उन्होंने आगे कहा कि टिपर की तेज रफ्तार ही इस दुर्घटना का कारण हो सकती है। हालांकि, इस मामले में विस्तृत जांच अभी भी जारी है।

अधिकारी ने कहा, "टकराव के तुरंत बाद ही निजी बस और टिपर में आग लग गई, जिससे बस के अंदर कई यात्री फंस गए। आग की लपटें इतनी तेज़ थीं कि दोनों वाहन पूरी तरह से जलकर खाक हो गए।" शुरुआती रिपोर्टों के अनुसार, बस में सवार 14 यात्री जिंदा जल गए। जबकि कई अन्य को अलग-अलग तरह की चोटें आई हैं।

मरने वालों की संख्या और बढ़ने की आशंका है। पुलिस और अग्निशमन विभाग की बचाव टीमें बस के अंदर फंसे यात्रियों को बाहर निकालने की कोशिश कर रही हैं।" घायलों को मार्कापुरम के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि उनमें से कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है।"

हादसे के समय बस में कथित तौर पर करीब 40 यात्री सवार थे। पुलिस अधिकारी ने बताया, "टक्कर और उसके बाद लगी आग के कारण बस के पिछले हिस्से में बैठे यात्री बाहर नहीं निकल पाए, जिसके चलते मरने वालों की संख्या इतनी ज्यादा हो गई। माना जा रहा है कि बस के अगले हिस्से में बैठे करीब 10 यात्री अपनी जान बचाने में कामयाब रहे।" मृतकों की सही पहचान की अभी आधिकारिक तौर पर पुष्टि नहीं हुई है।

ये भी पढ़ें- Bengal Election 2026: बंगाल में 13 लाख वोटर्स की अधर में किस्मत! SIR की सप्लीमेंट्री लिस्ट में कटे नाम, अब तक 76 लाख मतदाता सूची से बाहर

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।