Andhra Pradesh Explosion: आंध्र प्रदेश के अनकापल्ली जिले में रविवार (13 अप्रैल) को एक पटाखा फैक्ट्री में आग लगने से दो महिलाओं समेत आठ लोगों की मौत हो गई। जबकि इस हादसे में सात अन्य घायल हो गए है। मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने घटना पर दुख व्यक्त किया है। सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड के कर्मचारी और पुलिस मौके पर पहुंचे। फिर उन्होंने तुरंत बचाव अभियान शुरू किया। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। बताया जा रहा है कि घटना में सभी पीड़ित काकीनाडा जिले के समरलाकोटा इलाके के थे।
आंध्र प्रदेश के गृह मंत्री वी. अनिता ने न्यूज एजेंसी पीटीआई को बताया, "आग लगने की दुर्घटना में दो महिलाओं समेत आठ लोगों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए।" उन्होंने बताया कि घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया जा रहा है। एक आधिकारिक विज्ञप्ति में कहा गया कि मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने अनिता और जिले के अधिकारियों को घायलों के लिए बेहतर इलाज सुविधा सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है।
सीएमओ के अनुसार, मुख्यमंत्री ने घटना के बारे में जानकारी जुटाने के लिए जिला कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक और राज्य की गृह मंत्री अनिता से बात की। उन्होंने अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया कि घायलों को सर्वोत्तम संभव इलाज मिले। उन्होंने उन्हें आश्वासन दिया कि सरकार पीड़ित परिवारों की मदद करेगी और उनसे दृढ़ रहने का आग्रह किया।
उन्होंने अधिकारियों को घटना की गहन जांच करने और उन्हें रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया। अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को बताया कि घायलों में से दो की हालत गंभीर है। इस महीने की शुरुआत में गुजरात के बनासकांठा जिले में भी ऐसी ही घटना हुई थी। अधिकारियों के अनुसार, एक पटाखा फैक्ट्री में विस्फोट के बाद आग लग गई और इमारत के कुछ हिस्से ढह गए, जिससे सात लोगों की मौत हो गई।
यह घटना डीसा शहर के पास स्थित इकाई में हुई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, औद्योगिक क्षेत्र में स्थित फैक्ट्री में विस्फोट के कारण आग लग गई और इमारत के कुछ हिस्से ढह गए। इससे कई लोग मलबे में फंस गए। यह जानकारी डीसा की उप-मंडल मजिस्ट्रेट नेहा पंचाल ने दी थी।