Mehul Choksi: भगोड़ा हीरा व्यापारी मेहुल चोकसी इस समय एंटीगुआ में नहीं है। यह जानकारी एंटीगुआ और बारबुडा के विदेश मंत्री पॉल चेट ग्रीन ने दी है। बता दें कि चोकसी पंजाब नेशनल बैंक (PNB) धोखाधड़ी मामले का मुख्य आरोपी है। विदेश मंत्री पॉल चेट ग्रीन ने कहा, "मेहुल चोकसी फिलहाल इलाज के लिए किसी और देश गया हुआ है। हम उसके मामले में कानून के मुताबिक कार्रवाई करेंगे। भारत सरकार और जनता को आश्वस्त करना चाहता हूं कि इसमें कोई धोखा नहीं होगा।"
13,850 करोड़ रुपये के घोटाले का आरोपी
पहले ये माना जा रहा था कि जनवरी 2018 में भारत छोड़ने के बाद चोकसी एंटीगुआ और बारबुडा में रह रहा था। 13,850 करोड़ रुपये के इस घोटाले का खुलासा होने से पहले ही केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज कर दी थी। भारत ने उसके प्रत्यर्पण की मांग की थी, लेकिन उसने इसे स्थानीय अदालतों में चुनौती दी।
चोकसी और उसके भतीजे नीरव मोदी पर आरोप है कि उन्होंने PNB बैंक के अधिकारियों को रिश्वत देकर फर्जी लेटर ऑफ अंडरटेकिंग (LoU) और विदेशी लेटर ऑफ क्रेडिट (FLC) बनवाए और 13,850 करोड़ रुपये का घोटाला किया। फरवरी में, एक विशेष CBI अदालत ने चोकसी की कंपनी गीतांजलि जेम्स लिमिटेड की असुरक्षित संपत्तियों की नीलामी की मंजूरी दी। अदालत ने कहा कि यदि संपत्तियां बेकार पड़ी रहीं तो उनकी कीमत गिर जाएगी। इसलिए, नीलामी जरूरी है।
ED की जांच और नीरव मोदी की गिरफ्तारी
प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने खुलासा किया कि 2014 से 2017 के बीच चोकसी ने PNB बैंक के अधिकारियों और अपने साथियों के साथ मिलकर फर्जी LoU और FLC जारी करवाए, जिससे बैंक को 6,097.63 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ। इसके अलावा, चोकसी ने ICICI बैंक से लिया गया लोन भी नहीं चुकाया। चोकसी का भतीजा नीरव मोदी भी जनवरी 2018 में भारत से भाग गया था। उसे मार्च 2019 में लंदन में गिरफ्तार किया गया और उसके प्रत्यर्पण की प्रक्रिया जारी है।