Prateek Yadav Death News: समाजवादी पार्टी (SP) के प्रमुख अखिलेश यादव के छोटे भाई प्रतीक यादव के निधन के बाद भारतीय जनता पार्टी (BJP) की नेता एवं प्रतीक यादव की पत्नी अपर्णा बिष्ट यादव लखनऊ एयरपोर्ट पहुंच गई हैं। बताया जा रहा है कि वह किसी काम की वजह से मुंबई गई हुई थीं। प्रतीक यादव की मौत के बाद अपर्णा यादव पहली बार सामने आई हैं। लखनऊ एयरपोर्ट पर अपर्णा बदहवास हालत में दिख रही हैं।
पति के अचानक निधन की खबर मिलते ही वह फौरन मुंबई से लखनऊ पहुंचीं। प्रतीक यादव का पार्थिव शरीर पोस्टमॉर्टम के बाद उनके आवास पर लाया गया है। अपर्णा यूपी महिला आयोग की उपाध्यक्ष हैं। समाजवादी पार्टी (सपा) के संस्थापक मुलायम सिंह यादव के छोटे बेटे और अखिलेश यादव के सौतेले भाई प्रतीक यादव का बुधवार (13 मई) सुबह लखनऊ में निधन हो गया। वह लगभग 38 वर्ष के थे।
अखिलेश यादव ने प्रतीक के निधन पर शोक व्यक्त किया। इस दौरान मामले की जांच कराए जाने के बारे में पूछने पर कहा कि परिवार जो फैसला करेगा, उसी के अनुरूप काम किया जाएगा। वहीं, सपा विधायक रविदास मेहरोत्रा ने मामले की जांच हाई कोर्ट के किसी रिटायर जज से कराने की मांग की है।
पारिवारिक सूत्रों के मुताबिक तबीयत खराब होने पर प्रतीक को सुबह सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। उनकी मौत की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। सूत्रों के अनुसार, प्रतीक की जब मौत हुई तब अपर्णा उत्तर प्रदेश से बाहर थीं। लेकिन घटना की सूचना मिलने पर वह लखनऊ पहुंचीं हैं।
मृत अवस्था में लाया गया था अस्पताल
सिविल अस्पताल के निदेशक डॉक्टर जी.सी. गुप्ता ने न्यूज एजेंसी पीटीआई को बताया कि प्रतीक को अस्पताल में मृत अवस्था में लाया गया था। गुप्ता ने एक चैनल से बातचीत में प्रतीक को 'जहर' दिये जाने की आशंका वाले अपने बयान के बारे में पूछे जाने पर कहा, "मौत के सही कारण की पुष्टि केवल पोस्टमार्टम से ही हो पाएगी। लिहाजा पोस्टमार्टम होने से पहले किसी भी तरह की आशंका होने के बावजूद कुछ भी कहना सही नहीं होगा।"
सूत्रों के अनुसार, प्रतीक को कुछ समय पहले बीमार होने पर यहां के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था लेकिन वह कुछ दिनों में तबीयत ठीक होने पर घर लौट आए थे। प्रतीक यादव सपा संस्थापक मुलायम सिंह यादव और उनकी दूसरी पत्नी साधना गुप्ता के बेटे थे। प्रतीक की पत्नी BJP नेता अपर्णा यादव इस वक्त उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष हैं।
फिटनेस के शौकीन प्रतीक बेहद प्रभावशाली राजनीतिक परिवार से होने के बावजूद सियासत से दूर रहते थे। हालांकि प्रतीक की पत्नी अपर्णा बिष्ट यादव BJP में शामिल हो गई थीं। पोस्टमार्टम पूरा होने के बाद, शव को केजीएमयू से प्रतीक और अपर्णा यादव के आवास, 8/11 विक्रमादित्य मार्ग पर ले जाया गया है।