असम BJP ने डिलीट किया विवादित AI वीडियो, कांग्रेस ने लगाया 'अल्पसंख्यकों को टारगेट' करने का आरोप, सीएम पर कार्रवाई की मांग
Assam BJP AI Video: कांग्रेस ने दावा किया है कि असम बीजेपी की तरफ से शेयर किए गए वीडियो में 'अल्पसंख्यकों की टारगेटेड हत्या' दिखाई गई है जो बेहद गंभीर है। मुख्य विपक्षी पार्टी ने कहा कि न्यायपालिका को इसमें किसी भी तरह की नरमी बरते बिना कार्रवाई करनी चाहिए। यह वीडियो सामने आने के बाद सियासी घमासान मच गया है
Assam BJP AI Video: विवादित वीडियो को लेकर सत्तारूढ़ बीजेपी पर विपक्षी पार्टियों ने तीखा प्रहार किया है
Assam BJP AI Video: भारतीय जनता पार्टी (BJP) की असम इकाई के आधिकारिक X (पूर्व में ट्विटर) हैंडल से पोस्ट किए गए एक विवादित वीडियो को लेकर बवाल मच गया है। कांग्रेस ने सत्तारूढ़ दल पर तीखा प्रहार किया है। कांग्रेस ने दावा किया कि इसमें 'अल्पसंख्यकों की टारगेटेड हत्या' दिखाई गई है जो बेहद गंभीर है। मुख्य विपक्षी पार्टी ने कहा कि न्यायपालिका को इसमें किसी भी तरह की नरमी बरते बिना कार्रवाई करनी चाहिए। यह वीडियो सामने आने के बाद असम से लेकर दिल्ली तक सियासी घमासान मच गया है।
अब डिलीट किए जा चुके इस वीडियो में असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा कथित तौर पर राइफल से दो लोगों पर निशाना साधकर गोली चलाते दिखाए गए थे। इनमें से एक व्यक्ति ने टोपी पहन रखी है। जबकि दूसरे की दाढ़ी है। वीडियो के कैप्शन में 'पॉइंट ब्लैंक शॉट' लिखा गया था।
किसने क्या कहा?
कांग्रेस महासचिव (संगठन) केसी वेणुगोपाल ने इस मुद्दे पर BJP की कड़ी आलोचना करते हुए पर एक X पोस्ट में कहा, "BJP के एक आधिकारिक खाते से अल्पसंख्यकों की टारगेटेड और बहुत करीब से (पॉइंट ब्लैंक) हत्या दिखाने वाला वीडियो पोस्ट किया गया। यह नरसंहार का खुला ऐलान है। यह एक ऐसा सपना है, जिसे यह फासीवादी शासन दशकों से देखता रहा है।"
वेणुगोपाल ने कहा कि इसे सामान्य ट्रोल मटेरियल मानकर नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। बल्कि यह शीर्ष स्तर से फैलाया गया जहर है। इसके लिए जिम्मेदारी तय होनी चाहिए। उन्होंने कहा, "(प्रधानमंत्री) नरेंद्र मोदी की ओर से इसकी निंदा किए जाने या कोई कार्रवाई की उम्मीद नहीं है। लेकिन न्यायपालिका को जरूर कदम उठाना चाहिए। किसी तरह की नरमी नहीं बरतनी चाहिए।"
मुस्लिम पुरुषों पर गोली चलाते दिखे सीएम
कांग्रेस प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत ने कहा कि असम के मुख्यमंत्री शर्मा को मुस्लिम पुरुषों पर गोली चलाते हुए दिखाने वाले बिल्कुल करीब से गोली मारने के कैप्शन वाले वीडियो को केवल हटाना पर्याप्त नहीं है। उन्होंने X पर पोस्ट कर कहा, "यही असली BJP है। यह नफरत, जहर और हिंसा आपकी दी हुई है, श्री मोदी...। क्या अदालतें और अन्य संस्थाएं सो रही हैं?"
कांग्रेस की प्रवक्ता शमा मोहम्मद ने भी X पर कहा, "नरेंद्र मोदी जी, आप 'सबका साथ, सबका विकास' की बात करते हैं। लेकिन आपके नेता हिमंत विश्व शर्मा का मुसलमानों को गोली मारते दिखाने वाला वीडियो बीजेपी की असम इकाई के आधिकारिक खाते से पोस्ट किया गया।"
उन्होंने कहा, 'यह भारतीय संविधान पर हमला है। मुझे यह देखकर आश्चर्य होता है कि सुप्रीम कोर्ट मूकदर्शक बना हुआ है। न्यायालय की चुप्पी और स्वतः संज्ञान न लेने से उसकी भूमिका पर सवाल उठते हैं।’’ शिवसेना (UBT) की सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने भी BJP की आलोचना की।
शमा मोहम्मद ने X पर पोस्ट कर कहा, "BJP की असम इकाई के X अकाउंट ने 'पॉइंट ब्लैंक शॉट' शीर्षक से नफरत और टारगेटेड हिंसा से भरा वीडियो पोस्ट किया। विरोध के बाद इसे हटा दिया गया। लेकिन तब तक कई लोग इसे डाउनलोड कर आगे फैला चुके थे।"
उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग बेशर्मी से नफरत फैलाने वाले और राजनीतिक रूप से टारगेट करने के इस सबसे घृणित रूप को नजरअंदाज करेगा जो बीजेपी के सामने असल में असहाय और बेकार है।
कांग्रेस हुई हमलावर
कांग्रेस ने अपने आधिकारिक X हैंडल से जारी पोस्ट में कहा, "BJP की असम इकाई के आधिकारिक हैंडल से एक वीडियो पोस्ट किया गया है जो अल्पसंख्यकों की टारगेट, प्रत्यक्ष हत्या का महिमामंडन करता प्रतीत होता है।"
विपक्षी दल ने कहा, "यह बेहद घृणित और परेशान करने वाला है। इसे सामान्य ट्रोल मैटेरियल कहकर खारिज नहीं किया जा सकता। यह सामूहिक हिंसा और नरसंहार का आह्वान है।" इसमें कहा गया, "यह इस फासीवादी शासन के असली चेहरे का प्रतिबिंब है, जिसने दशकों से इस नफरत को पाला है। पिछले 11 वर्षों में इसे सामान्य बनाने की कोशिश की है।"
Deleting the video where Assam CM Himanta Biswa Sarma is shown shooting Muslim men with a caption ‘POINT BLANK SHOT’ isn’t enough
This is who the BJP really is: Mass murderers This venom, hatred and violence is on you Mr Modi Are the courts and other institutions sleeping? pic.twitter.com/pcWd6nLfpf — Supriya Shrinate (@SupriyaShrinate) February 8, 2026
सीएम पर कार्रवाई की मांग
कांग्रेस ने कहा कि मामले की गंभीरता को देखते हुए, समाज में अशांति और जहर फैलाने के इस कृत्य के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। कांग्रेस ने एक अन्य पोस्ट में कहा, "नरेंद्र मोदी ने अपने नेताओं को नफरत फैलाने की खुली छूट दे रखी है। BJP की असम इकाई के आधिकारिक हैंडल से किया गया पोस्ट इसका सबूत है- जिसमें मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा 'पॉइंट-ब्लैंक' पर अल्पसंख्यकों को निशाना बना रहे हैं। ये बेहद गंभीर और संवेदनशील मामला है।"
The BJP's official Assam Pradesh handle posted a video that appears to glorify the targeted, 'point-blank' murder of minorities. It is deeply abhorrent and disturbing and cannot be dismissed as random troll content. This amounts to a call to mass violence and genocide. It is a… pic.twitter.com/FrC1QwZicV — Congress (@INCIndia) February 8, 2026
विपक्षी दल ने कहा, "BJP सत्ता के लिए समाज में जहर घोल रही है, लोगों को हिंसा के लिए भड़का रही है। उसकी इस शर्मनाक करतूत को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। इससे पहले भी मोदी के लाडले हिमंत ने मुसलमानों के खिलाफ खुलेआम बयान देकर, उन्हें परेशान करने की बात कही थी।" कांग्रेस ने कहा कि नफरत बीजेपी के डीएनए मे हैं। ऐसी विचारधारा देश के लिए जहर है, जिसे परोसने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए।