Gaurav Gogoi: गौरव गोगोई की पत्नी Elizabeth का क्या है पाकिस्तान कनेक्शन? असम सरकार ने केंद्र से की जांच की मांग, सीएम ने लगाए गंभीर आरोप

Gaurav Gogoi Pakistan links: असम के मुख्यमंत्री और भारतीय जनता पार्टी (BJP) कांग्रेस की राज्य इकाई के प्रमुख गौरव गोगोई पर उनकी पत्नी एलिजाबेथ गोगोई के पाकिस्तान की जासूसी एजेंसी ISI से कथित संबंधों को लेकर निशाना साधते रहे हैं। मुख्यमंत्री हिमंत शर्मा ने कहा कि गौरव गोगोई और उनकी पत्नी एलिजाबेथ गोगोई पाकिस्तानी एजेंट अली तौकीर शेख के बहुत करीबी हैं

अपडेटेड Feb 08, 2026 पर 12:49 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
Gaurav Gogoi Pakistan links: असम सरकार ने राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े मामले की जांच केंद्रीय एजेंसियों से कराने के लिए केंद्र को पत्र लिखा है

Gaurav Gogoi Pakistan links: असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने रविवार (8 फरवरी) को कहा कि कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई के कथित पाकिस्तानी संबंधों के मामले को राज्य सरकार ने गृह मंत्रालय को सौंपने का फैसला किया है। उन्होंने कहा कि इस मामले में तीन प्रमुख नाम शामिल हैं, जो एक सांसद, उनकी ब्रिटिश पत्नी और पाकिस्तानी नागरिक अली तौकीर शेख का है। सीएम शर्मा ने कहा कि पाकिस्तानी एजेंट अली तौकीर शेख ने 2010 से 2013 के बीच 13 बार भारत का दौरा किया। इसका मुख्य उद्देश्य वैश्विक स्तर पर भारत विरोधी माहौल बनाना था।

शर्मा ने मंत्रिमंडल की बैठक की अध्यक्षता के बाद पत्रकारों को संबोधित करते हुए कहा, "असम सरकार ने शेख के एक ब्रिटिश नागरिक और एक सांसद के साथ मिलकर कथित भारत विरोधी साजिश रचने से जुड़े मामले की जांच के लिए एक विशेष जांच समिति (SIT) का गठन किया था। मामले की गंभीरता को ध्यान में रखते हुए, इसे गृह मंत्रालय (MHA) को सौंपने का निर्णय लिया गया है।"

उन्होंने कहा, "एसआईटी रिपोर्ट और जिस आधार पर मामला दर्ज कर जांच की गयी थीं, दोनों को गृह मंत्रालय के पास भेजा जाएगा। गृह मंत्रालय अपनी किसी भी जांच एजेंसी की मदद से आगे की कार्रवाई कर सकता है।" मुख्यमंत्री ने कहा कि मंत्रिमंडल का मानना ​​है कि यह मामला व्यक्तिगत नहीं बल्कि राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ा है। इसमें तीन लोग शामिल हैं।


पाकिस्तानी एजेंट से कनेक्शन के आरोप

शर्मा और BJP, कांग्रेस की राज्य इकाई के प्रमुख गोगोई पर उनकी पत्नी एलिजाबेथ गोगोई के पाकिस्तान की जासूसी एजेंसी ISI से कथित संबंधों को लेकर निशाना साधते रहे हैं। मुख्यमंत्री हिमंत शर्मा ने गुवाहाटी में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में आरोप लगाया, "कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई और उनकी पत्नी एलिजाबेथ पाकिस्तानी एजेंट अली तौकीर शेख के बहुत करीबी हैं।" सीएम ने कहा कि असम सरकार के जांच शुरू करने के बाद पाकिस्तानी एजेंट अली तौकीर शेख ने किसी को बचाने के लिए अपने सभी ट्वीट हटा दिए।

सीएम हिमंत शर्मा ने कहा कि पाकिस्तानी कंपनी ने गौरव गोगोई की ब्रिटिश पत्नी एलिजाबेथ को नौकरी दी और फिर उनका भारत तबादला कर दिया। मुख्यमंत्री ने दावा किया कि सैलरी का भुगतान अली तौकीर शेख ने किया। उन्होंने यह भी कहा, "गौरव की पत्नी एलिजाबेथ भारत से संबंधित विभिन्न जानकारियां जुटाती थीं और पाकिस्तानी नागरिक अली शेख को रिपोर्ट देती थीं।" सीएम ने कहा कि गौरव की पत्नी एलिजाबेथ ने नरेंद्र मोदी के सत्ता में आने के बाद जलवायु परिवर्तन संबंधी कार्रवाई के बारे में IB के सूत्रों से जानकारी जुटाई।

ये भी पढ़ें- 'किसान हित सर्वोपरि...'; अमेरिका से भारत नहीं आएंगे ये कृषि उत्पाद, India–US ट्रेड डील पर शिवराज सिंह चौहान ने दी पूरी डिटेल्स

मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई ने अपने चुनावी हलफनामे में अपनी पत्नी के पाकिस्तानी बैंक खाते का जिक्र नहीं किया। हिमंत शर्मा ने दावा किया कि भारतीय कंपनी में काम करते हुए गौरव की पत्नी एलिजाबेथ ने छह बार इस्लामाबाद की यात्रा की। इसके अलावा एक अन्य गैर सरकारी संगठन में शामिल होने के बाद उन्होंने तीन बार पाकिस्तान की यात्रा की। हिमंत शर्मा ने आरोप लगाया कि कांग्रेस सांसद गौरव की पत्नी अपनी पाकिस्तान यात्रा को गोपनीय रखने के लिए अटारी सीमा से होकर ही जाती थीं। वह कभी फ्लाइट से पाक नहीं जाती थीं।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।