Ballia Murder Case: उत्तर प्रदेश के बलिया जिले से एक रूह कंपा देने वाली दोहरे हत्याकांड की खबर सामने आई है। बलिया जिले के नगरा थाना क्षेत्र के हसनपुर उर्फ बछईपुर छोटकापुरा गांव में एक युवक ने कथित तौर पर चाकू से हमला कर अपनी पत्नी और सास की हत्या कर दी। वहीं, इस हमले में ससुर को गंभीर रूप से घायल कर दिया। पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तारी के लिए तीन टीम गठित की गई हैं। पुलिस ने बताया कि गड़वार थाना क्षेत्र के सिंघाचवर गांव निवासी अमित कुमार गुप्ता शनिवार (25 अप्रैल) रात करीब साढ़े 12 बजे ससुराल पहुंचा और छत के रास्ते घर में घुस गया।
पुलिस ने बताया कि उसने पत्नी प्रीति गुप्ता (23) और सास सुशीला देवी (55) के गले पर चाकू से वार कर हत्या कर दी। इस दौरान दामाद ने बचाने आए ससुर अंतू गुप्ता (60) पर भी हमला कर दिया जिन्हें गंभीर हालत में जिला अस्पताल ले जाया गया। अधिकारियों ने बताया कि अंतू को वाराणसी के ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया।
साली की गला दबाने की कोशिश
पुलिस के अनुसार, घटना के दौरान अमित ने बीच-बचाव करने आई अपनी साली कीर्ति का गला दबाने का भी प्रयास किया। बाद में वह फरार हो गया। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। हत्याकांड की खबर मिलते ही पुलिस, स्वाट, सर्विलांस और फील्ड यूनिट मौके पर पहुंची। रसड़ा क्षेत्र के पुलिस क्षेत्राधिकारी (CO) आलोक गुप्ता ने बताया कि कीर्ति की तहरीर के आधार पर अमित के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में नामजद मुकदमा दर्ज किया गया है। उन्होंने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए ले जाया गया है।
बरेली पुलिस के बयान में कहा गया है, "दिनांक-25/26.04.2026 की मध्य रात्रि थाना नगरा के एक गांव से सूचना प्राप्त हुई थी कि वहां चाकू बाजी हुई है। इस सूचना पर तत्काल थाना प्रभारी नगरा मौके पर पहुंचे थे तो जानकारी हुई थी कि एक अमित कुमार गुप्ता नाम का लड़का है, जो मूल रूप से सिंहचौर गड़वार थाने का रहने वाला है, जिसका ससुराल बछईपुर गांव नगरा में थी, उसके द्वारा रात्रि में आकर अपनी पत्नी से किसी बात को लेकर विवाद होने के कारण पहले अपने पत्नी पर हमला किया।"
इसमें आगे कहा गया है, "उसके बाद जब उसके सास-ससुर बचाने आए तो उस पर भी हमला किया। इस घटना में जो आरोपी अमित कुमार है, उसकी पत्नी और उसकी सास सुशीला देवी की मृत्यु हो गई है तथा उसके घायल ससुर को तत्काल अस्पताल भेजा गया, जहां उन्हें बेहतर इलाज हेतु वाराणसी रेफर किया गया है। अभी तक उनकी स्थिति सही बताई जा रही है। इसकी गिरफ्तारी के लिए तीन टीमें लगाई गई है। इसके सभी संभावित स्थानों पर पुलिस दबिश दे रही है। मौके पर स्वाट/सिविल डिफेंस टीम/फील्ड यूनिट एवं क्षेत्राधिकारी रसड़ा घटना स्थल पर मौजूद है। आरोपी की गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है।"
आरोपी की 5 साल पहले हुई थी शादी
पुलिस अधीक्षक (एसपी) ओमवीर सिंह ने पीटीआई से कहा, "अमित का पत्नी से किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसी कारण पहले पत्नी पर हमला किया, फिर बचाने आए सास-ससुर पर भी वार कर दिया।" पुलिस अधिकारी ने बताया कि अमित की शादी पांच साल पहले हुई थी। उसकी पत्नी एक माह पहले मायके आई थी। उन्होंने बताया कि अमित कुछ दिन पहले ससुराल से लौटा था। आरोपी का तीन साल का एक बेटा है।