Bareilly Storm Viral Video: उत्तर प्रदेश में बीते बुधवार को आए भीषण आंधी-तूफान ने तबाही के ऐसे निशान छोड़े हैं जिन्हें देख कलेजा कांप जाए। सोशल मीडिया पर बरेली जिले का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक शख्स किसी कागज या पतंग की तरह हवा में उड़ता हुआ नजर आ रहा है। यह वीडियो बरेली जिले के नन्हे मियां नाम के शख्स का है, जो कुदरत के इस कहर के बीच अपनी जान जोखिम में डाल बैठे।
जानकारी के मुताबिक, बुधवार को जब बरेली में तेज आंधी चल रही थी, तब नन्हे मियां एक बारातघर के पास खड़े थे। टीनशेड को उड़ने से बचाने के लिए नन्हे मियां ने उसके लोहे के पाइप को मजबूती से पकड़ लिया। आंधी इतनी जोरदार थी कि भारी-भरकम टीनशेड उखड़ गई और पाइप पकड़े हुए नन्हे मियां को भी अपने साथ आसमान में ले उड़ी। वायरल वीडियो में साफ दिख रहा है कि वह काफी देर तक हवा में लहराते रहे और फिर दूर एक खेत के बीचों-बीच जा गिरे।
अस्पताल में भर्ती, हालत गंभीर
इस भयानक हादसे में नन्हे मियां को गंभीर चोटें आई हैं। बताया जा रहा है कि ऊंचाई से गिरने के कारण उनके हाथ और पैर दोनों टूट गए हैं। उन्हें तत्काल स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी स्थिति गंभीर बनी हुई है और डॉक्टर उनका इलाज कर रहे हैं।
यूपी में आंधी-तूफान का कहर: 70 से ज्यादा मौतें
बीता बुधवार उत्तर प्रदेश के लिए 'काला दिन' साबित हुआ। आंधी, वज्रपात और पेड़ों के गिरने जैसी घटनाओं में पूरे प्रदेश में 70 से अधिक लोगों की जान चली गई। बरेली सहित कई जिलों में बिजली के खंभे और दीवारें गिरने से भारी आर्थिक नुकसान भी हुआ है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस प्राकृतिक आपदा का तत्काल संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं। सीएम ने सभी जिलों के डीएम (DM) को खुद फील्ड पर उतरकर पीड़ितों से मिलने और सहायता पहुंचाने को कहा गया है। जनहानि, पशु हानि या मकान गिरने पर 24 घंटे के भीतर मुआवजा राशि देने का आदेश दिया है। सीएम ने स्पष्ट किया है कि पीड़ितों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। राहत आयुक्त कार्यालय से पल-पल की रिपोर्ट ली जा रही है।