बेंगलुरु के एक प्राइवेट मेडिकल कॉलेज में उस वक्त हंगामा मच गया, जब एक प्रोफेसर ने क्लास के अंदर ही एक छात्रा को प्रपोज कर दिया। यह घटना 26 मार्च को नेलमंगला के टी. बेगुर स्थित श्री सिद्धार्थ इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज एंड रिसर्च सेंटर में हुई। रिपोर्ट के मुताबिक, 50 साल के प्रोफेसर अब्दुल मोहम्मद और 19 साल की छात्रा इस मामले में शामिल हैं। इस घटना के दो वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आए हैं।
एक वीडियो में प्रोफेसर क्लास के सामने छात्रा को प्रपोज करते नजर आते हैं। वह यह भी दावा करते हैं कि छात्रा पहले उन्हें अपने प्यार का इजहार कर चुकी है और वह भी उसे पसंद करते हैं। प्रोफेसर इस मौके पर चॉकलेट का डिब्बा भी लाए थे और छात्रों से उसे बांटने को कहा।
लेकिन छात्रा ने तुरंत इसका विरोध किया और कहा कि अगर ऐसा कुछ है तो प्रिंसिपल के सामने बात करें। उसने प्रोफेसर से यह भी पूछा कि उसने कब ऐसा कोई प्रस्ताव दिया।
वीडियो में प्रोफेसर बार-बार कहते हैं, “क्या तुमने नहीं कहा था कि I love you Mohammed?” उन्होंने यह भी कहा कि उनके पास CCTV फुटेज है, जो उनकी बात साबित कर सकती है।
छात्रा ने उनसे सबूत दिखाने को कहा। इसके बाद प्रोफेसर यह कहकर क्लास से निकल गए कि इस बारे में अगले दिन बात करेंगे और छात्रों से चॉकलेट एंजॉय करने को कहा।
दूसरे वीडियो में हालात और बिगड़ते दिखते हैं। उसमें छात्र प्रोफेसर को चप्पलों से मारते नजर आते हैं। जिस छात्रा को प्रपोज किया गया था, वह भी गुस्से में उन्हें चप्पल से मारती दिखती है।
इस घटना पर सोशल मीडिया पर लोगों की मिली-जुली प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। कुछ लोगों का कहना है कि कॉलेज पढ़ाई की जगह है, यहां इस तरह की हरकतें भरोसा तोड़ती हैं। वहीं कुछ ने इसे प्रोफेसर की गलत हरकत और सत्ता के दुरुपयोग बताया।
पुलिस के मुताबिक, यह मामला नेलमंगला रूरल पुलिस स्टेशन के तहत आता है, लेकिन अभी तक न तो छात्रा और न ही प्रोफेसर की तरफ से कोई आधिकारिक शिकायत दर्ज कराई गई है। इसी वजह से फिलहाल कोई कानूनी कार्रवाई नहीं की गई है।