मुंबई में महिला ने बुक की बाइक राइड, सुनसान इलाके में ले जाकर राइडर करने लगा गंदी हरकत; विरोध करने पर पैसे लूटकर हुआ फरार

Bike Rider Crime: पीड़िता ने शाम 7 बजे चिकनघर इलाके से कल्याण रेलवे स्टेशन के पास अपने जिम तक जाने के लिए बाइक टैक्सी बुक की थी। राइडर ने महिला के ड्रॉप की ओर जाने के बजाय, आरोपी ने स्कूटर को सिंडिकेट इलाके में पुलिस कॉलोनी के पास एक सुनसान और अंधेरी जगह की ओर मोड़ दिया

अपडेटेड Dec 16, 2025 पर 3:38 PM
Story continues below Advertisement
जब महिला ने उसका विरोध किया, तो उसने स्कूटर रोक दिया और हाथ पकड़कर गंदी हरकत करने लगा

Bike Taxi Rider: महाराष्ट्र के ठाणे जिले के कल्याण में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। एक बाइक टैक्सी राइडर ने 26 वर्षीय महिला यात्री के साथ कथित तौर पर छेड़छाड़ की और उससे ₹1,000 लूट लिए। यह घटना शनिवार शाम को हुई, जिसके बाद आरोपी को रविवार को गिरफ्तार कर लिया गया। जब महिला ने उसका विरोध किया, तो उसने स्कूटर रोक दिया और हाथ पकड़कर अभद्र व्यवहार करने लगा।

क्या है पूरा मामला?

पीड़िता ने शाम 7 बजे चिकनघर इलाके से कल्याण रेलवे स्टेशन के पास अपने जिम तक जाने के लिए बाइक टैक्सी बुक की थी। महात्मा फुले पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ निरीक्षक बलिरामसिंह परदेशी ने बताया कि उसके ड्रॉप की ओर जाने के बजाय, आरोपी ने स्कूटर को सिंडिकेट इलाके में पुलिस कॉलोनी के पास एक सुनसान, अंधेरी जगह की ओर मोड़ दिया। जब महिला ने उसका विरोध किया, तो उसने स्कूटर रोक दिया और महिला का हाथ पकड़कर गंदी हरकतें करने लगा। फिर उसने महिला का पर्स छीन लिया और उसमें से ₹1,000 निकाल लिए।


लोगों ने राइडर को पकड़कर किया पुलिस के हवाले

महिला के शोर मचाने पर स्थानीय लोग इकट्ठा हो गए। स्थानीय निवासियों ने उसको पीटा और फिर उसे पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस अधिकारी ने बताया कि, आरोपी की पहचान सिद्धेश परदेशी (19) के रूप में हुई है, जिसने सातवीं कक्षा में पढ़ाई छोड़ दी थी। आरोपी के पास से एक चाकू भी बरामद किया गया है। उसे 18 दिसंबर तक पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है, और पुलिस यह पता लगाने के लिए जांच कर रही है कि क्या वह पहले भी इसी तरह के अपराधों में शामिल रहा है।

अवैध बाइक टैक्सी ऑपरेटर्स पर सरकार सख्त

इस घटना के बाद राज्य परिवहन विभाग ने ऐप-आधारित बाइक टैक्सी ऑपरेटरों पर कड़ी कार्रवाई शुरू कर दी है। परिवहन विभाग ने Rapido, Ola और Uber जैसे ऐप-आधारित बाइक टैक्सी ऑपरेटरों से स्पष्टीकरण मांगा है, जिन पर 'कानून का उल्लंघन करते हुए अवैध रूप से यात्रियों को ढोने' का आरोप है। विभाग ने पूछा है कि उनके अस्थायी लाइसेंस क्यों रद्द न किए जाएं। अधिकारियों ने कहा कि राज्य के परिवहन मंत्री प्रताप सरनाइक ने इस घटना और अन्य कथित अनियमितताओं के मद्देनजर बुधवार को एक बैठक बुलाई है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।