Ahmedabad Air India Boeing 787-8 Dreamliner Plane Crash: गुजरात के अहमदाबाद में गुरुवार 12 जून को एक बड़ा विमान हादसा हुआ। एयर इंडिया का बोइंग 787-8 ड्रीमलाइनर विमान (फ्लाइट संख्या AI-171) अहमदाबाद के सरदार वल्लभभाई पटेल इंटरनेशनल एयरपोर्ट से उड़ान भरने के कुछ ही मिनटों बाद क्रैश हो गया। लंदन के गैटविक एयरपोर्ट जा रहे इस विमान में 242 लोग सवार थे। मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, हादसे में सभी 242 यात्रियों की मौत हो गई। इसमें 230 यात्री और 12 क्रू सदस्य भी शामिल थे। गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रुपाणी के भी इस विमान में सवार होने की खबरें हैं। जानकारी के मुताबिक, विमान में 169 भारतीय नागरिक और 61 विदेशी नागरिक सवार थे।
एयर इंडिया प्लेन क्रैश हादसे में जो विमान दुर्घटनाग्रस्त हुआ है, वह बोइंग कंपनी का 787-8 ड्रीमलाइनर विमान था। अपने 15 सालों के इतिहास में यह विमान पहली बार क्रैश हुआ है। दुनिया भर में अपनी फ्यूल एफिशिएंसी, अत्याधुनिक टेक्नोलॉजी और यात्रियों को आरामदायक अनुभव देने वाले इस विमान की अब तक ऐसी कोई दुर्घटना नहीं हुई थी। एयर इंडिया ने लंबी दूरी की हवाई यात्राओं के लिए इस विमान को खरीदा था।
Boeing 787-8 Dreamliner plane Crash: कैसे हुआ हादसा?
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसे के समय जोरदार धमाका हुआ और उसके बाद काले धुएं का घना गुबार उठते हुए देखा गया। विमान अहमदाबाद के मेघानी नगर इलाके में क्रैश हुआ यह विमान कई इमारतों से टकराया। राहत और बचाव कार्य के लिए दमकल, एम्बुलेंस और एनडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंच चुकी हैं।
बोइंग 787 ड्रीमलाइनर का इतिहास
बोइंग 787 ड्रीमलाइनर को दुनिया के सबसे एडवांस विमानों में गिना जाता है। इसकी बॉडी कार्बन फाइबर कंपोजिट से बनी होती है, जिससे यह हल्का और ईंधन की खपत में किफायती है। इसमें बड़ी डिमेबल विंडोज़, बेहतर ह्यूमिडिटी और कम शोर वाला केबिन जैसे फीचर्स होते हैं। 787-8 वेरिएंट की पहली उड़ान 2009 में हुई थी और यह 242 यात्रियों के साथ 13,500 किमी से अधिक की दूरी तय कर सकता है। साल 2009 से अब तक इस विमान के दुर्घटना होने से किसी यात्री की मौत की खबर नहीं आई थी।
साल 2013 में ड्रीमलाइन विमानों के उड़ान पर लग गई थी रोक
हालांकि, कई टेक्निकल मुद्दों के चलते यह विमान कई बार विवादों में भी रहा है। साल 2013 में इसके सभी विमानों को दुनिया भर में उड़ान से रोक दिया गया था। उस वक्त जापान एयरलाइंस और ऑल निप्पॉन एयरवेज के बोइंग विमानों के लिथियम-आयन बैटरी में आग लगने की घटनाएं सामने आई थीं। तब अमेरिका की फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (FAA) ने बैटरी सिस्टम में ठीक नहीं होने तक, ड्रीमलाइन विमानों की उड़ान पर रोक लगा दी थी।
Air India Plane Crash: एयर इंडिया के पास कितने बोइंग 787-8 ड्रीमलाइनर विमान हैं?
भारत में बोइंग 787-8 ड्रीमलाइनर विमान सिर्फ एयर इंडिया के ही पास हैं। साल 2012 में एयर इंडिया ने अमेरिका के साउथ कैरोलिना में बोइंग की फैसिलिटी से अपना पहला 787-8 ड्रीमलाइनर खरीदा था। आज एयर इंडिया के पास 27 बोइंग 787-8 ड्रीमलाइनर हैं, जो दिल्ली, मुंबई और अहमदाबाद जैसे शहरों से इंटरनेशनल रूट्स पर उड़ान भरते हैं। ये विमान लंदन, सिंगापुर, दुबई, टोक्यो, और सिडनी जैसे डेस्टिनेशन्स के लिए इस्तेमाल किए जाते हैं।
क्या बनाता है ड्रीमलाइनर को खास?
बोइंग 787-8 ड्रीमलाइनर पुराने विमानों की तुलना में 20-25% कम फ्यूल खर्च करता है, जिससे एयरलाइंस को लागत कम होती है और टिकट भी सस्ते हो सकते हैं। इसमें बड़ी खिड़कियां,बेहतर केबिन प्रेशर और कम शोर होता है, जो लंबी उड़ानों में यात्रियों को आराम देता है। 787-8 विमान में 210 से 250 सीटें होती हैं और ये 13,500 किलोमीटर से भी अधिक की दूरी तय कर सकता है। बोइंग ने साल 2025 तक दुनिया भर में 1,700 से ज्यादा 787 ड्रीमलाइनर डिलीवर किए हैं, इसमें 787-8, 787-9 और 787-10 मॉडल शामिल हैं।
Ahmedabad Plane Crash: विमान हादसे की जांच शुरू
एयर इंडिया और सिविल एविएशन मिनिस्ट्री ने इस हादसे की उच्च स्तरीय जांच के आदेश दिए हैं। सिविल एविएशन मिनिस्टर राम मोहन नायडू ने कहा कि राहत और बचाव कार्य जारी है और इसे केंद्र सरकार की निगरानी में अंजाम दिया जा रहा है। उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि पीड़ित परिवारों को हरसंभव सहायता प्रदान की जाएगी।