Ahmedabad Plane Crash: अहमदाबाद एयरपोर्ट पर एयर इंडिया के एक विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने के कारण उड़ान सेवाएं फिलहाल निलंबित कर दिया गया है। न्यूज एजेंसी ANI के मुताबिक, एयर इंडिया विमान दुर्घटना की घटना के बाद सरदार वल्लभभाई पटेल इंटरनेशनल एयरपोर्ट अहमदाबाद फिलहाल चालू नहीं है। अगली सूचना तक सभी उड़ान संचालन अस्थायी रूप से निलंबित कर दिए गए हैं। 242 यात्रियों को लेकर लंदन जा रहा एयर इंडिया का विमान गुरुवार (12 जून) को अहमदाबाद एयरपोर्ट के पास उड़ान भरने के तुरंत बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गया। न्यूज 18 के मुताबिक, इस हादसे में विमान में सवार सभी 242 लोगों की मौत हो गई है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, अहमदाबाद से गैटविक (ब्रिटेन)) जा रही फ्लाइट संख्या AI 171 का बोइंग 787 विमान उड़ान भरने के तुरंत बाद ही मेघानी नगर में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इससे इलाके में हड़कंप मच गया। विमान में चालक दल के 12 सदस्यों सहित 242 लोग सवार थे। फिलहाल हादसे में घायल लोगों को बचाने का काम जारी है।
एक अधिकारी ने बताया कि अहमदाबाद में एयर इंडिया विमान दुर्घटना स्थल पर बचाव और राहत कार्य जारी है। घायल यात्रियों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाने के लिए ग्रीन कॉरिडोर बनाया जा रहा है। अहमदाबाद के सिविल अस्पताल में घायल को भर्ती काराया गया है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल से फोन पर बात की है।
खबरों के मुताबिक, रेस्क्यू ऑपरेशन के लिए BSF और NDRF की टीमों को मौके पर रवाना कर दिया गया है। फायर विभाग के अधिकारी जयेश खड़िया ने बताया कि विमान के गिरने के बाद उसमें आग लग गई। दमकल गाड़ियों को आग बुझाने के लिए मौके पर भेजा गया है। एयर इंडिया के चेयरमैन एन. चंद्रशेखरन ने कहा कि विमान दुर्घटना स्थल पर आपातकालीन प्रतिक्रिया दलों की सहायता के लिए एयरलाइंस हर संभव प्रयास कर रही है।
इस बीच, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नागरिक उड्डयन मंत्री राममोहन नायडू से बात की है। पीएम मोदी ने उनसे अहमदाबाद में एयर इंडिया विमान दुर्घटना की घटना का जायजा लिया। उन्होंने प्रधानमंत्री को बताया कि वे बचाव और राहत कार्यों की निगरानी के लिए अहमदाबाद जा रहे हैं। प्रधानमंत्री ने मंत्री को निर्देश दिया है कि वे सभी आवश्यक सहायता तत्काल उपलब्ध कराएं और स्थिति के बारे में नियमित रूप से अपडेट रहने को कहा है। सभी संबंधित एजेंसियां हाई अलर्ट पर हैं और समन्वित प्रयास जारी हैं।
न्यूज एजेंसी ANI के मुताबिक, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने विमान दुर्घटना के संबंध में गुजरात के मुख्यमंत्री, गृह मंत्री और पुलिस कमिश्नर से बात की। उन्होंने केंद्र सरकार की सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन भी दिया है। राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (NDRF) की 90 कर्मियों वाली तीन टीमें गांधीनगर से विमान दुर्घटना स्थल पर भेजी गई हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी भी एयर इंडिया के दुर्घटनाग्रस्त विमान में सवार हैं। हालांकि अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि होने का इंतजार है। अमित शाह गुजरात के लिए रवाना हो गए हैं।