By-Election Results 2025: तेलंगाना की जुबली हिल्स कांग्रेस की झोली में, पंजाब के तरन तारन में AAP के हरमीत संधू जीते
By-Election Results 2025: तेलंगाना में जुबली हिल्स विधानसभा क्षेत्र के उपचुनाव में कांग्रेस उम्मीदवार वी नवीन यादव आगे हैं। ओडिशा में नुआपाड़ा विधानसभा उपचुनाव के लिए BJP उम्मीदवार जय ढोलकिया बढ़त बनाए हुए हैं
पंजाब के तरन तारन से आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार हरमीत सिंह संधू आगे हैं।
14 नवंबर को बिहार चुनाव के साथ-साथ 7 राज्यों में 8 विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव के तहत भी वोटों की गिनती हुई। ये 7 राज्य- मिजोरम, पंजाब, तेलंगाना, राजस्थान, जम्मू-कश्मीर, झारखंड और ओडिशा हैं। राजस्थान के अंता विधानसभा क्षेत्र के लिए हुए उपचुनाव की मतगणना में कांग्रेस उम्मीदवार प्रमोद जैन भाया ने 15,612 वोटों से जीत हासिल की है। उन्हें 69,571 वोट मिले। सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार मोरपाल सुमन को 53,959 वोट मिले। निर्दलीय नरेश मीणा को 53,800 वोट मिले। इस जीत के साथ ही राज्य विधानसभा में कांग्रेस के विधायकों की संख्या बढ़कर 67 हो गई है। राज्य की 200 सीट वाली विधानसभा में सत्तारूढ़ भाजपा के पास इस समय 118 सीटें हैं। इसके अलावा भारत आदिवासी पार्टी के पास 4, बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के पास 2 और राष्ट्रीय लोकदल के पास 1 सीट है।
अशोक गहलोत सरकार में मंत्री रहे भाया 2023 के विधानसभा चुनाव में अंता सीट पर भाजपा के कंवर लाल मीणा से 5,861 मतों के अंतर से हार गए थे। बाद में भाजपा विधायक मीणा को एक आपराधिक मामले में दोषी ठहराए जाने के बाद अयोग्य घोषित कर दिया गया। इसके चलते इस सीट पर उपचुनाव हुआ।
डंपा विधानसभा सीट
मिजोरम में विपक्षी पार्टी MNF ने एक बार फिर डंपा विधानसभा सीट हासिल कर ली है। आर लालथंगलियाना ने उपचुनाव में 562 मतों के अंतर से जीत दर्ज की है। जुलाई में MNF के मौजूदा विधायक लालरिंतलुआंगा साइलो के निधन के बाद इस सीट पर उपचुनाव हुए हैं। उपचुनाव में 20,888 पात्र मतदाताओं में से 83.07 प्रतिशत ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया।
तरन तारन
सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी (आप) ने पंजाब की तरन तारन विधानसभा सीट पर अपना कब्जा बरकरार रखा। पार्टी उम्मीदवार हरमीत सिंह संधू ने अपनी निकटतम प्रतिद्वंद्वी और शिरोमणि अकाली दल (शिअद) की उम्मीदवार सुखविंदर कौर रंधावा को 12,091 मतों के अंतर से हराया। सभी 16 दौर की मतगणना पूरी होने के बाद हरमीत सिंह संधू को 42,649 वोट मिले, जबकि रंधावा को 30,558 वोट मिले। निर्दलीय उम्मीदवार मनदीप सिंह 19,620 मत के साथ तीसरे स्थान पर रहे, जबकि कांग्रेस उम्मीदवार करणबीर सिंह बुर्ज 15,078 वोट के साथ चौथे स्थान पर रहे। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के हरजीत सिंह संधू 6,239 मतों के साथ पांचवें स्थान पर रहे। चुनावी मैदान में कुल 15 उम्मीदवार थे।
तरन तारन उपचुनाव मंगलवार को हुआ था, जिसमें 60.95 प्रतिशत वोटर्स ने अपने वोट का इस्तेमाल किया। तरन तारन विधानसभा सीट ‘आप’ विधायक कश्मीर सिंह सोहल के जून में निधन के बाद खाली हो गई थी। पिद्दी स्थित ‘इंटरनेशनल कॉलेज ऑफ नर्सिंग’ में बनाए गए मतगणना केंद्र पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। वोटों की गिनती 16 दौर में पूरी होगी। चुनाव मैदान में 15 उम्मीदवार हैं।
जुबली हिल्स उपचुनाव
तेलंगाना की जुबली हिल्स विधानसभा क्षेत्र के उपचुनाव में कांग्रेस उम्मीदवार वी. नवीन यादव ने अपनी निकटतम प्रतिद्वंद्वी और बीआरएस उम्मीदवार मगंती सुनीता को 24,000 से अधिक मतों के अंतर से हरा दिया है। यादव को 98,988 वोट मिले, जबकि बीआरएस उम्मीदवार को 74,259 वोट मिले। भाजपा उम्मीदवार एल. दीपक रेड्डी की जमानत जब्त हो गई, उन्हें केवल 17,061 वोट मिले। 11 नवंबर को हुए मतदान में 48.49 प्रतिशत वोट पड़े थे। कुल पात्र मतदाताओं की संख्या 4.01 लाख थी और 1.94 लाख मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। इस वर्ष जून में बीआरएस विधायक मगंती गोपीनाथ के निधन के कारण यह उपचुनाव कराना जरूरी हो गया था।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने इस सीट पर एल. दीपक रेड्डी को मैदान में उतारा है, जबकि गोपीनाथ की पत्नी सुनीता बीआरएस उम्मीदवार हैं। सत्तारूढ़ कांग्रेस के उम्मीदवार नवीन यादव को असदुद्दीन ओवैसी की एआईएमआईएम (ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन) का भी सपोर्ट हासिल है।
जम्मू जिले के नगरोटा विधानसभा क्षेत्र में भाजपा उम्मीदवार देवयानी राणा ने जम्मू-कश्मीर नेशनल पैंथर्स पार्टी (जेकेएनपीपी) के उम्मीदवार हर्ष देव सिंह को हरा दिया है। इस सीट पर कुल 10 उम्मीदवार मैदान में थे। मतगणना गांधी नगर के राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज के सेमिनार हॉल में की गई, जहां 23 टेबल लगाए गए हैं। नगरोटा में मंगलवार को मतदान हुआ था और 75 प्रतिशत से अधिक लोगों ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया था। देवयानी राणा पूर्व विधायक देवेंद्र सिंह राणा की बेटी हैं, जिनके निधन के कारण उपचुनाव हो रहा है। उन्होंने 2024 के विधानसभा चुनाव में यहां से जीत दर्ज की थी। पिछले साल उनका निधन हो गया था।
बडगाम उपचुनाव
जम्मू कश्मीर के बडगाम में पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) के उम्मीदवार आगा सैयद मुंतजिर अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी और नेशनल कॉन्फ्रेंस (नेकां) के उम्मीदवार आगा सैयद महमूद से 4,478 मतों से जीत गए हैं। मंगलवार को हुए उपचुनाव में 50 प्रतिशत से अधिक मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया था। अंतिम मतदान प्रतिशत 50.01 प्रतिशत रहा। बडगाम विधानसभा क्षेत्र में लगभग 1.26 रजिस्टर्ड मतदाता थे।
पिछले साल विधानसभा चुनाव में बडगाम और गांदेरबल दोनों सीट से जीत हासिल करने के बाद मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने बडगाम सीट खाली कर दी थी। इसके चलते इस सीट पर फिर से चुनाव हुए हैं।
घाटशिला उपचुनाव
झारखंड के पूर्वी सिंहभूम जिले में घाटशिला विधानसभा उपचुनाव में मतगणना के रुझानों में झामुमो उम्मीदवार सोमेश चंद्र सोरेन भाजपा के अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी बाबूलाल सोरेन से 20,807 मतों से आगे हैं। दसवें चरण की मतगणना के बाद झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) उम्मीदवार को 53,096 वोट मिले, जबकि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार को 32,289 वोट मिले। झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (जेएलकेएम) के उम्मीदवार रामदास मुर्मू 7,811 वोटों के साथ तीसरे स्थान पर हैं।
अधिकारी ने बताया कि घाटशिला उपचुनाव के लिए मतगणना कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच जमशेदपुर कोऑपरेटिव कॉलेज में सुबह 8 बजे शुरू हुई। इस सीट पर 11 नवंबर को हुए उपचुनाव में 74.63 प्रतिशत मतदान हुआ था।
ओडिशा में नुआपाड़ा विधानसभा उपचुनाव के लिए जारी मतगणना में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) उम्मीदवार जय ढोलकिया 62,313 मतों के अंतर से जीत की ओर अग्रसर हैं। 26 में से 19 दौर की गणना के बाद ढोलकिया 92,947 वोट हासिल कर आगे हैं। कांग्रेस के घासी राम माझी 30,634 मतों के साथ दूसरे और बीजू जनता दल (बीजद) की स्नेहांगिनी छुरिया (29,026) तीसरे स्थान पर हैं। मतगणना के 26 चरण होंगे। बीजू जनता दल के विधायक राजेंद्र ढोलकिया का 8 सितंबर को निधन होने के कारण यह उपचुनाव जरूरी हो गया था। नुआपाड़ा उपचुनाव में 83.45 प्रतिशत मतदान हुआ, जो 11 नवंबर को देश में 8 सीट पर हुए उपचुनावों के दौरान सबसे अधिक मतदान था। इस उपचुनाव में 14 उम्मीदवार मैदान में हैं।