'बाय-बाय, पापा...' ये कहकर युवती ने लगा दी चिनाब नदी में छलांग! जम्मू की ये घटना आपको कर देगी हैरान

जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले में 21 वर्षीय पायल देवी के चिनाब नदी में कूदने की घटना सामने आई है। बताया जा रहा कि, नदी में छलांग लगाने से पहले उसने अपने पिता से फोन पर बात की और उन्हें आखिरी बार “बाय-बाय पापा” कहा था। सूचना मिलते ही पुलिस, SDRF और स्थानीय लोगों ने उसकी तलाश शुरू कर दी

अपडेटेड Sep 06, 2026 पर 9:58 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
ये घटना दोपहर करीब 2 बजे प्रेम नगर के पास शिव दल पुल पर हुई

जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले में एक हैरान करने वाली घटना हुई है। जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले में शनिवार को एक युवती चिनाब नदी में कूद गई। युवती ने प्रेम नगर के पास शिव दल पुल पर पहुंचने से पहले अपने पिता से फोन पर बात की थी। इस बात में युवती ने अपने पापा को आखिरी बार बाय-बाय पापा कहा। इस बातचीत के कुछ देर बाद उसने नदी में छलांग लगा दी। जानकारी मिलते ही पुलिस और स्टेट डिजास्टर रिस्पॉन्स फोर्स की टीमें मौके पर पहुंचीं। स्थानीय लोग भी बचाव दल के साथ नदी में युवती की तलाश में जुटे हैं। युवती की पहचान 21 वर्षीय पायल देवी के तौर पर हुई है। आइए जानते हैं क्या है पूरी घटना

पापा को आखिरी बार कहा बाय-बाय

ये घटना दोपहर करीब 2 बजे प्रेम नगर के पास शिव दल पुल पर हुई। लड़की के पिता ने पुलिस को बताया कि घटना से पहले उनकी बेटी ने किसी दूसरे व्यक्ति के फोन से उनसे बात की थी। पिता ने उससे कई बार पूछा कि वह परेशान क्यों है और क्या कोई उसे किसी तरह परेशान कर रहा है। लेकिन बेटी ने इन सवालों का कोई साफ जवाब नहीं दिया और सिर्फ इतना कहा कि "नहीं पापा, ये मेरी अपनी जिंदगी है। मेरा दिल कह रहा है कि मुझे इसी रास्ते जाना चाहिए। इसके बाद उसने 'बाय-बाय पापा' कहा और नदी में छलांग लगा दी।"


पिता से की थी बात

21 साल की पायल देवी की पहचान इस घटना में हुई है। परिवार के अनुसार, पायल शनिवार को गांव में लगे मेले में गई थी। कुछ देर बाद उसने अपने पिता कृष्ण लाल से फोन पर बात की और तबीयत खराब होने की बात कहते हुए डॉक्टर को दिखाने की इच्छा जताई। जब उसे डॉक्टर नहीं मिला, तो वह एक व्यक्ति के साथ बाइक से वापस लौट आई। बाद में उसी व्यक्ति के मोबाइल से उसके पिता को फोन किया गया। कुछ समय बाद उस व्यक्ति ने पायल के पिता को फोन कर बताया कि उनकी बेटी उनसे बात करना चाहती है, लेकिन वह अचानक चिनाब नदी की ओर चली गई। इसके बाद पिता ने फोन पर बेटी से बात की। बातचीत के दौरान पायल ने उन्हें अलविदा कहा और फिर नदी में छलांग लगा दी।

वायरल हो रहा वीडियो

घटना से ठीक पहले पुल पर मौजूद कुछ लोगों ने वीडियो बना लिया था। वीडियो में कुछ लोग युवती को रोकने और समझाने की कोशिश करते नजर आ रहे हैं। इसके बाद युवती के नदी में कूदने की बात सामने आई। घटना का वीडियो बाद में सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। शिवा दल पुल से युवती के नदी में कूदने की सूचना मिलते ही पुलिस, SDRF और स्थानीय लोगों ने मिलकर तलाश शुरू कर दी। बचाव टीमों ने चिनाब नदी के साथ आसपास के इलाकों में भी खोजबीन की, लेकिन काफी कोशिशों के बावजूद अभी तक युवती का कोई सुराग नहीं मिल सका है। अधिकारी लगातार रेस्क्यू ऑपरेशन चला रहे हैं।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।