CM Yogi mother passes away: खबरों के अनुसार उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की माता सावित्री देवी का लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया है। वह उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले के पंचूर गांव में अपने पैतृक घर में रह रही थीं। पौड़ी गढ़वाल के एसएसपी सर्वेश पंवार ने उनके निधन की जानकारी दी है। पंवार ने बताया कि उनका निधन जिले के पंचूर गांव में हो गया। योगी जी की मां का अंतिम संस्कार शनिवार को हरिद्वार में किया जा सकता है।
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 'X' पर शोक व्यक्त करते हुए लिखा- "उत्तर प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी की पूजनीय माताजी सावित्री देवी जी के निधन का समाचार अत्यंत दुखद और हृदय विदारक है। एक मां का स्नेह, आशीर्वाद और ममता जीवन की सबसे अनमोल निधि होती है। उनका जाना परिवार के लिए एक अपूरणीय क्षति है। मैं बाबा केदारनाथ से प्रार्थना करता हूं कि वे दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और माननीय योगी जी तथा शोकाकुल परिजनों को इस असीम दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।"
मध्य प्रदेश के सीएम डॉ. मोहन यादव ने पोस्ट में लिखा- उत्तर प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी की पूज्य माताजी श्रीमती सावित्री देवी जी के निधन का समाचार अत्यंत दुखद है। मां का जाना वह दुःख है, जिसे शब्दों में व्यक्त कर पाना असंभव है। मां का स्थान जीवन में कोई नहीं ले सकता। इस कठिन समय में मेरी संवेदनाएं मुख्यमंत्री जी एवं उनके समस्त परिवारजनों के साथ हैं। प्रभु श्रीराम जी दिवंगत को अपने श्रीचरणों में स्थान दें एवं शोकाकुल परिवार को यह असहनीय दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करें। ॐ शांति!
योगी आदित्यनाथ जिनका मूल नाम अजय सिंह बिष्ट है। उनका का जन्म 5 जून 1972 को पंचूर गांव में हुआ था। उन्होंने कम उम्र में ही घर छोड़ दिया था और राजनीति में आने से पहले एक प्रमुख धार्मिक नेता बने। अपनी व्यस्त राजनीतिक जिम्मेदारियों के बावजूद योगी आदित्यनाथ अपने पैतृक गांव और परिवार से जुड़े रहे।