Congress MPs In Speaker's Chamber: संसदीय मामलों के मंत्री किरेन रिजिजू ने गुरुवार (12 फरवरी) को पिछले सप्ताह लोकसभा स्पीकर के चैंबर में हुए टकराव का एक चौंकाने वाला वीडियो शेयर किया है। संसद में हंगामे की एक नई बानगी देखने को मिली जब रिजिजू ने दावा किया कि कांग्रेस के 20-25 सांसदों ने स्पीकर ओम बिरला के चैंबर में जबरन घुसकर उन्हें गालियां दीं। साथ ही उन्हें धमकियां भी दीं। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है।
रिजिजू ने बताया कि कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा और केसी वेणुगोपाल की मौजूदगी में यह शर्मनाक व्यवहार हुआ। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक वीडियो शेयर करते हुए लिखा, "यह एक गैर-कानूनी वीडियो क्लिप है जिसे एक कांग्रेस MP ने तब बनाया था जब 20-25 कांग्रेस MP माननीय स्पीकर के चैंबर में घुसे, उन्हें गालियां दीं। माननीय प्रधानमंत्री को भी धमकाया। हमारी पार्टी बहस और चर्चा में विश्वास करती है और कभी भी सांसद को मारपीट करने के लिए बढ़ावा नहीं देती।"
उन्होंने आगे कहा, "स्पीकर को गालियां देकर कांग्रेस सांसदों ने चेतावनी दी कि जब पीएम सदन में बोलने आएंगे तो देख लें।" यह वीडियो एक कांग्रेस सांसद ने गैरकानूनी तरीके से बनाया था। केंद्रीय मंत्री ने जोर देकर कहा कि बीजेपी बहस और संवाद में यकीन रखती है, हिंसा का समर्थन नहीं करती। राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए बोले, "उनमें सुधार की कोई उम्मीद नहीं, लेकिन नेता प्रतिपक्ष होने के नाते आशा बनी रहती है। कांग्रेस की विचारधारा बिखर चुकी है।"
रिजिजू ने पिछले हंगामों का भी जिक्र किया, जब कांग्रेस की महिला सांसदों ने पीएम मोदी की सीट तक पहुंचकर प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा, "एनडीए सांसदों की सहनशीलता कमाल की है। अगर हमने भी वैसा किया होता तो संसद में अफरा-तफरी मच जाती।" यह घटना संसदीय मर्यादा पर सवाल खड़े करती है। वीडियो के वायरल से कांग्रेस पर कार्रवाई की मांग तेज हो गई है। एक्सपर्ट का मानना है कि स्पीकर के चैंबर की सुरक्षा मजबूत होनी चाहिए। संसद सत्र के दौरान ऐसे विवाद लोकतंत्र की गरिमा को ठेस पहुंचाते हैं।
कांग्रेस नेता राहुल गांधी के चीन के साथ 2020 के लद्दाख बॉर्डर विवाद पर जनरल की किताब 'फोर स्टार्स ऑफ डेस्टिनी' के कुछ हिस्से पढ़ने की कोशिश करने से शुरू हुआ सियासी तूफान सत्ताधारी भारतीय जनता पार्टी और विपक्ष के बीच अब तक की सबसे तीखी बहस में बदल गया है। कांग्रेस ने अक्सर ओम बिरला पर भेदभाव का आरोप लगाया है।
रिजिजू ने बुधवार (11 फरवरी) को सनसनीखेज आरोप लगाते हुए दावा किया था कांग्रेस के 20 से 25 सांसदों ने लोकसभा स्पीकर के चैंबर में घुसकर उनके साथ गाली-गलौज की है। केंद्रीय मंत्री ने दावा किया था कि प्रियंका गांधी वाड्रा और केसी वेणुगोपाल की मौजूदगी में कांग्रेस सांसदों ने स्पीकर के चेंबर में जाकर गाली गलौज की। इस दौरान उन्हें बहुत बुरा भला कहा। हालांकि, उन्होंने वीडियो शेयर नहीं किया था।