Cyclone Akvan Alert: बंगाल की खाड़ी में उठेगा चक्रवात अकवान, 130 kmph की स्पीड से बढ़ेगा ये तूफान! जानिए कब और कहां होगा असर

बंगाल की खाड़ी में बना गहरा दबाव 16 नवंबर को चक्रवाती तूफान और 19 नवंबर तक बेहद गंभीर तूफान बन सकता है। ओडिशा में निकासी की तैयारी, चेन्नई समेत तमिलनाडु के कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट।

अपडेटेड Nov 16, 2026 पर 1:42 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
मंगलवार से बारिश तेज होने की संभावना है। चेन्नई, तिरुवल्लूर और चेंगलपट्टू जिलों में कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है।

बंगाल की खाड़ी में बन रहा गहरा दबाव का क्षेत्र तेजी से ताकतवर हो रहा है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के पूर्वानुमान के मुताबिक यह मौसमी सिस्टम सोमवार 16 नवंबर को चक्रवाती तूफान का रूप ले सकता है। इसके बाद मंगलवार तक इसके गंभीर चक्रवाती तूफान में बदलने की संभावना है। मौसम विभाग का अनुमान है कि यह सिस्टम उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ते हुए 19 नवंबर की रात आंध्र प्रदेश के तट के पास पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी में बेहद गंभीर चक्रवाती तूफान के रूप में पहुंच सकता है। हमारी सहयोगी न्यूज 18 की रिपोर्ट के मुताबिक तूफान की आशंका को देखते हुए ओडिशा में प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। दक्षिणी और तटीय इलाकों के जिलों को अलर्ट पर रखा गया है और संवेदनशील क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को समय रहते सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के निर्देश दिए गए हैं। दूसरी ओर तमिलनाडु के चेन्नई और आसपास के जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। 18 और 19 नवंबर को बारिश का असर सबसे ज्यादा रहने की आशंका जताई गई है।

इस संभावित चक्रवात को लेकर पूर्वी और दक्षिणी तटीय इलाकों में एहतियाती कदम उठाए जा रहे हैं। प्रशासन की तैयारियों में लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने, राहत एवं बचाव दलों को तैयार रखने, मछुआरों को समुद्र में नहीं जाने की सलाह देने और किसानों को फसल काटने के निर्देश देने जैसे कदम शामिल हैं।

कैसे आगे बढ़ रहा है चक्रवात अकवान?


भारत मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक बंगाल की खाड़ी में इस मौसमी सिस्टम की शुरुआत दक्षिण-पूर्व बंगाल की खाड़ी के ऊपर बने सुस्पष्ट निम्न दबाव क्षेत्र के रूप में हुई थी। यह 15 नवंबर की सुबह गहरे दबाव के क्षेत्र में बदल गया। इसके बाद यह उत्तर-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ा और दक्षिण-पूर्व तथा उससे सटे दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के ऊपर इसकी ताकत बढ़ती गई। शुरुआती अनुमान में IMD ने कहा था कि यह गहरा दबाव 16 नवंबर को दक्षिण और उससे सटे पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी के मध्य हिस्सों में चक्रवाती तूफान में बदल सकता है। इसके बाद 17 नवंबर को पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर इसके गंभीर चक्रवाती तूफान बनने की संभावना जताई गई थी।

मौसम विभाग के बाद के पूर्वानुमान के मुताबिक यह सिस्टम पिछले छह घंटों के दौरान 8 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से उत्तर-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ा। IMD के मुताबिक यह सिस्टम और मजबूत हो सकता है और उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ते हुए 19 नवंबर 2026 की रात आंध्र प्रदेश तट के पास पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी में बेहद गंभीर चक्रवाती तूफान के रूप में पहुंच सकता है।

ओडिशा में तीसरे संभावित चक्रवात को लेकर अलर्ट, संवेदनशील इलाकों से लोगों को हटाने की तैयारी

बंगाल की खाड़ी में बन रहे इस सिस्टम को देखते हुए ओडिशा सरकार ने दक्षिणी क्षेत्र के जिला प्रशासन को संवेदनशील इलाकों में रहने वाले लोगों को पहले से सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की तैयारी करने का निर्देश दिया है। प्रशासन को उन स्थानों की पहचान करने के लिए कहा गया है जहां भारी बारिश के कारण जलभराव या दूसरी तरह की परेशानी हो सकती है। न्यूज एजेंसी पीटीआई के मुताबिक गंजाम कलेक्टर कीर्ति वासन वी ने बताया कि जिले में भूस्खलन की आशंका वाले इलाकों और निचले क्षेत्रों की पहचान की गई है। इन जगहों पर बारिश के दौरान पानी भरने का खतरा हो सकता है। उन्होंने कहा कि गंजाम जिले में पहाड़ी और निचले, दोनों तरह के इलाके हैं। लोगों को बारिश शुरू होने से काफी पहले सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के लिए कर्मचारी और मशीनरी तैयार हैं।

गंजाम कलेक्टर ने बताया कि जिला पहले ही चक्रवात अर्नब और मुरासु का सामना कर चुका है। अब तीन सप्ताह के भीतर यह तीसरा संभावित चक्रवात होगा। उन्होंने कहा कि इस बार प्रशासन की प्राथमिकता भूस्खलन की वजह से होने वाले संभावित नुकसान को रोकना है। आपको बता दें कि इससे पहले चक्रवात अर्नब की वजह से ओडिशा में कम से कम 11 लोगों की मौत हुई थी जबकि छह लोग लापता बताए गए थे। इनमें से 10 मौतें गंजाम और कंधमाल जिलों में भूस्खलन की वजह से हुई थीं। ऐसे में नए संभावित चक्रवात को देखते हुए प्रशासन किसी तरह की लापरवाही नहीं बरतना चाहता। एक अधिकारी के मुताबिक इस मौसमी सिस्टम के असर से ओडिशा में 17 नवंबर की शाम से बारिश शुरू होने की संभावना है।

हर जिले में 24 घंटे कंट्रोल रूम, NDRF और ODRAF की टीमें रहेंगी तैयार

ओडिशा के आपदा प्रबंधन मंत्री सुरेश पुजारी ने रविवार को कहा था कि राज्य के सभी जिलों को खराब मौसम की आशंका के मद्देनजर सतर्क रहने के लिए कहा गया है। खासतौर पर दक्षिणी और तटीय जिलों को तैयार रहने का निर्देश दिया गया है। पीटीआई के मुताबिक मंत्री ने कहा कि अक्टूबर में चक्रवात अर्नब से हुए नुकसान और इस महीने की शुरुआत में चक्रवात मुरासु के कारण हुई बारिश को ध्यान में रखते हुए एहतियाती कदम उठाए जा रहे हैं। प्रशासन की ओर से हर जिले में 24 घंटे काम करने वाला कंट्रोल रूम चलाया जाएगा। NDRF, ओडिशा आपदा त्वरित कार्रवाई बल (ODRAF), फायर सर्विस और आपातकालीन सेवाओं के कर्मचारियों को बचाव और निकासी अभियान के लिए तैयार रखा जाएगा।

मछुआरों को 16 नवंबर तक लौटने की सलाह, किसानों से फसल काटने को कहा

ओडिशा में बारिश और समुद्र की खराब होती स्थिति को देखते हुए मछुआरों और किसानों के लिए भी एहतियाती निर्देश जारी किए गए हैं। किसानों को सलाह दी गई है कि वे 18 और 19 नवंबर को संभावित बारिश से पहले अपनी फसल काट लें। वहीं मछुआरों को 16 नवंबर तक समुद्र से वापस तट पर लौटने के लिए कहा गया है। इसके बाद मत्स्य विभाग को यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है कि कोई भी मछुआरा समुद्र में न जाए। प्रशासन ने जरूरत पड़ने पर लोगों को सुरक्षित स्थानों और चक्रवात आश्रय स्थलों में पहुंचाने की तैयारी भी की है।

गंजाम जिला प्रशासन ने इस बार शून्य जनहानि का लक्ष्य रखा है। इसके साथ ही पशुओं की सुरक्षा पर भी जोर दिया गया है। स्वास्थ्य और सामाजिक कल्याण विभाग को समन्वय करके गर्भवती महिलाओं को समय रहते सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की व्यवस्था करने को कहा गया है। वहीं पशु संसाधन विकास विभाग को मवेशियों और दूसरे पशुओं के सुरक्षित रहने के लिए इंतजाम करने के निर्देश दिए गए हैं।

ओडिशा में 18 से 21 नवंबर तक भारी बारिश की चेतावनी

IMD ने ओडिशा में बारिश को लेकर भी चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग के अनुसा, 18 नवंबर को राज्य में कई जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इस दौरान कुछ जगहों पर भारी बारिश की भी संभावना है। इसके बाद बारिश की तीव्रता बढ़ सकती है। 19 से 21 नवंबर के बीच राज्य के अलग-अलग जगहों पर भारी से बहुत भारी बारिश होने का पूर्वानुमान है। ओडिशा तट के आसपास समुद्र और हवा की स्थिति को लेकर भी चेतावनी जारी की गई है। 18 नवंबर को राज्य के तट के पास और उससे लगे समुद्री क्षेत्र में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। हवा के झोंकों की रफ्तार 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।

19 नवंबर से 20 नवंबर की सुबह तक हवा की रफ्तार बढ़कर 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे हो सकती है। इस दौरान हवा के झोंके 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की आशंका है। मौसम विभाग ने 18 नवंबर से 20 नवंबर की सुबह तक समुद्र की स्थिति खराब से बहुत खराब रहने का अनुमान जताया है। इसी वजह से मछुआरों को इस अवधि में समुद्र में नहीं जाने की सलाह दी गई है।

तमिलनाडु में चेन्नई समेत इन जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट

बंगाल की खाड़ी में बन रहा संभावित चक्रवात तमिलनाडु के उत्तरी तटीय इलाकों में भी भारी बारिश ला सकता है। चेन्नई मौसम विभाग ने चेन्नई और आसपास के जिलों में आने वाले दिनों में भारी से बहुत भारी बारिश का पूर्वानुमान जताया है। आईएएनएस के मुताबिक मौसम विभाग ने कहा है कि सोमवार को बंगाल की खाड़ी में बनने वाला चक्रवात मंगलवार तक गंभीर चक्रवाती तूफान में बदल सकता है। इसके प्रभाव से तमिलनाडु के उत्तरी तटीय क्षेत्रों में बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है। सोमवार को उत्तरी तटीय तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में कुछ स्थानों पर मध्यम बारिश हो सकती है। वहीं, दक्षिणी तमिलनाडु में एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश का अनुमान है।

मंगलवार से बारिश तेज होने की संभावना है। चेन्नई, तिरुवल्लूर और चेंगलपट्टू जिलों में कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। इन तीनों जिलों में 18 और 19 नवंबर को बहुत भारी बारिश का पूर्वानुमान जताया गया है। इसके अलावा बुधवार को कांचीपुरम, रानीपेट, तिरुवन्नामलाई, विल्लुपुरम, कुड्डालोर और मयिलादुथुराई जिलों के कुछ हिस्सों में भारी बारिश हो सकती है। पुडुचेरी में भी बुधवार को भारी बारिश की चेतावनी दी गई है।

कुल मिलाकर देखें तो बंगाल की खाड़ी में विकसित हो रहा सिस्टम ओडिशा और तमिलनाडु के तटीय इलाकों के लिए चिंता का विषय बना हुआ है। ओडिशा में प्रशासन ने संभावित निकासी और बचाव अभियान की तैयारी शुरू कर दी है जबकि तमिलनाडु में चेन्नई समेत कई जिलों के लिए बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।