Cyclonic Storm Akvan: बंगाल की खाड़ी में गंभीर चक्रवाती तूफान 'अकवान', 8 राज्यों में बारिश का अलर्ट, IMD ने मौसम को लेकर दिया ये अलर्ट

Cyclonic Storm Akvan: बंगाल की खाड़ी में उठा भीषण चक्रवाती तूफान 'अकवान' तेजी से उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर बढ़ रहा है। मौसम विभाग के मुताबिक, यह तूफान 20 नवंबर की दोपहर तक आंध्र प्रदेश और दक्षिण ओडिशा के तटों से टकरा सकता है। इस दौरान 90 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने और इनके 110 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की आशंका है। तूफान के प्रभाव से कुछ राज्यों में भारी से अत्यंत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है

अपडेटेड Nov 19, 2026 पर 3:41 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
Cyclonic Storm Akvan: चक्रवाती तूफान 'अकवान' के कारण दक्षिण भारत के कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी हुआ है

Cyclonic Storm Akvan: देशभर में मौसम का मिजाज एक बार फिर तेजी से बदलने वाला है। बंगाल की खाड़ी में उठा भीषण चक्रवाती तूफान 'अकवान' (Akvan) अब तटीय इलाकों की ओर बढ़ रहा है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के ताजा पूर्वानुमान के मुताबिक, यह तूफान 20 नवंबर 2026 की दोपहर तक उत्तर आंध्र प्रदेश, यानम और दक्षिण ओडिशा के तटों के बीच दस्तक दे सकता है। इस दौरान समुद्र में तेज हलचल के साथ 90 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की आशंका है। हवा के झोंके 110 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकते हैं।

इस चक्रवाती तूफान का सबसे ज्यादा असर आंध्र प्रदेश और ओडिशा में देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग ने दोनों राज्यों में कई स्थानों पर भारी से अत्यंत भारी बारिश की चेतावनी दी है। इसके अलावा पश्चिम बंगाल, झारखंड, बिहार, छत्तीसगढ़ और पूर्वोत्तर भारत के कई राज्यों में भी बारिश और गरज-चमक का दौर देखने को मिलेगा। वहीं, उत्तर भारत में ठंड के साथ घने कोहरे की चुनौती बढ़ने वाली है। दिल्ली-NCR, हरियाणा, पंजाब और उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में सुबह के समय दृश्यता प्रभावित हो सकती है।

20 नवंबर को तट से टकराएगा चक्रवाती तूफान  


मौसम विभाग के अनुसार, 18 नवंबर की रात तक दक्षिण और उससे सटे मध्य-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी के ऊपर मौजूद गंभीर चक्रवाती तूफान 'अकवान' उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर बढ़ा। इसके बाद 19 नवंबर की सुबह 8:30 बजे यह पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर केंद्रित था। उस समय तूफान लगभग 14.9 डिग्री उत्तरी अक्षांश और 85.3 डिग्री पूर्वी देशांतर पर मौजूद था। इसकी स्थिति आंध्र प्रदेश के नरसापुर से करीब 420 किलोमीटर पूर्व-दक्षिणपूर्व, कलिंगपट्टनम से 400 किलोमीटर दक्षिण-दक्षिणपूर्व, ओडिशा के गोपालपुर से 490 किलोमीटर दक्षिण और पुरी से लगभग 550 किलोमीटर दक्षिण में थी।

IMD के मुताबिक, तूफान उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ते हुए 20 नवंबर की दोपहर तक नरसापुर और पुरी के बीच उत्तर आंध्र प्रदेश एवं दक्षिण ओडिशा के तटों को पार कर सकता है। इसके गोपालपुर के पूर्व से गुजरने की आशंका है। तूफान के तट से टकराने के दौरान हवा की अधिकतम रफ्तार 90-100 किलोमीटर प्रति घंटा रह सकती है। जबकि झोंकों की रफ्तार 110 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।

आंध्र-तेलंगाना में भारी बारिश का अलर्ट, ओडिशा में तूफानी हवाओं की चेतावनी

  • चक्रवाती तूफान अकवन का सबसे सीधा असर तटीय आंध्र प्रदेश और यानम में देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग ने 19 नवंबर को यहां कुछ स्थानों पर अत्यंत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।
  • इसके साथ ही 19 नवंबर को गरज-चमक, बिजली गिरने और 80 से 90 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की आशंका है।
  • 20 नवंबर को भी भारी बारिश का दौर जारी रह सकता है। इस दिन कुछ इलाकों में बहुत भारी बारिश होने का अनुमान है।
  • मौसम विभाग ने 20 नवंबर को तटीय आंध्र प्रदेश और यानम में 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली तूफानी हवाओं की भी चेतावनी दी है। हवा के झोंके 80 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकते हैं।
  • इसके अलावा तेलंगाना में 20 और 21 नवंबर को कुछ स्थानों पर बारिश होने की आशंका है।
  • रायलसीमा में 23 नवंबर को गरज-चमक और बिजली गिरने का अलर्ट है।
  • ओडिशा में चक्रवाती तूफान अकवन का व्यापक असर देखने को मिल सकता है।
  • मौसम विभाग ने 19 और 20 नवंबर को राज्य के कुछ हिस्सों में अत्यंत भारी बारिश की आशंका जताई है।
  • इसके अलावा 21 नवंबर को भी कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है।
  • 19 और 20 नवंबर को ओडिशा में 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तूफानी हवाएं चलने की आशंका है।
  • इनके झोंके 90 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकते हैं।
  • इसके बाद 21 से 23 नवंबर के दौरान भी राज्य के कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रह सकता है।
  • चक्रवात के प्रभाव को देखते हुए तटीय क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को मौसम विभाग के ताजा अपडेट पर नजर रखने की जरूरत है।

पश्चिम बंगाल और झारखंड में भी बारिश-आंधी का अलर्ट

  • चक्रवाती तूफान का असर पूर्वी भारत के दूसरे राज्यों में भी दिखाई देगा।
  • पश्चिम बंगाल में 19 से 21 नवंबर के बीच कई इलाकों में व्यापक स्तर पर बारिश होने की आशंका है।
  • वहीं, 22 और 23 नवंबर को गंगा के मैदानी पश्चिम बंगाल में कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है।
  • 19 और 20 नवंबर को गंगा के मैदानी पश्चिम बंगाल में गरज-चमक और बिजली गिरने के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
  • हवा के झोंके 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान है।
  • झारखंड में 19 नवंबर को और फिर 22-23 नवंबर को बारिश हो सकती है।
  • राज्य में 19 और 20 नवंबर को गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने की आशंका है।
  • 19 और 21 नवंबर को कुछ इलाकों में भारी बारिश होगी।
  • जबकि 20 नवंबर को बहुत भारी बारिश का अलर्ट है।

बिहार का वेदर फोरकास्ट

  • बिहार में 21 और 22 नवंबर को कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है। 21 नवंबर को दक्षिण-पूर्वी बिहार में भारी बारिश की आशंका जताई गई है।
  • इस दौरान कुछ इलाकों में तेज हवाएं और गरज-चमक भी देखने को मिल सकती है।

मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में भी बदलेगा मौसम

  • मध्य भारत के राज्यों में भी मौसम करवट लेने वाला है। मध्य प्रदेश के पूर्वी हिस्सों में 20 से 22 नवंबर के बीच कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है।
  • पश्चिमी मध्य प्रदेश में 21 और 22 नवंबर को बारिश की आशंका है। वहीं, विदर्भ में 20 और 21 नवंबर को हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
  • छत्तीसगढ़ में 19 नवंबर को कुछ स्थानों पर बारिश का अनुमान है।
  • इसके बाद 20 और 21 नवंबर को राज्य में कई इलाकों में व्यापक स्तर पर बारिश हो सकती है।
  • मौसम विभाग ने 20 और 21 नवंबर को छत्तीसगढ़ में गरज-चमक, बिजली गिरने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान जताया है।

पूर्वोत्तर भारत में भी बारिश और बिजली गिरने की चेतावनी

  • पूर्वोत्तर भारत के राज्यों में भी अगले सात दिनों तक मौसम का उतार-चढ़ाव जारी रह सकता है।
  • अरुणाचल प्रदेश और असम-मेघालय में 19 से 25 नवंबर के बीच कुछ स्थानों पर बारिश होने की संभावना है।
  • नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 19 और 20 नवंबर को कई स्थानों पर बारिश हो सकती है।
  • इसके बाद 21 से 25 नवंबर के दौरान कुछ इलाकों में बारिश का सिलसिला जारी रहने का अनुमान है।
  • मौसम विभाग ने नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 19 से 21 नवंबर के दौरान गरज-चमक, बिजली गिरने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी दी है।
  • वहीं, असम और मेघालय में 19 और 20 नवंबर को बिजली गिरने की आशंका है।
  • 20 नवंबर को असम और मेघालय में भारी बारिश हो सकती है।
  • 21 नवंबर को यहां बहुत भारी बारिश का अनुमान है।
  • नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 19 से 21 नवंबर के दौरान कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है।

तमिलनाडु, केरल और दक्षिण भारत में 25 नवंबर तक बारिश

  • दक्षिण भारत के राज्यों में भी अगले कुछ दिनों तक बारिश का दौर जारी रह सकता है।
  • तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में 19 से 25 नवंबर के बीच कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की आशंका है।
  • 23 से 25 नवंबर के दौरान तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। इस दौरान गरज-चमक और बिजली गिरने की भी आशंका है।
  • केरल और माहे में 19 से 25 नवंबर तक कुछ स्थानों पर बारिश होने का अनुमान है।
  • वहीं, 24 और 25 नवंबर को दक्षिण आंतरिक कर्नाटक तथा 25 नवंबर को तटीय कर्नाटक और लक्षद्वीप में भी बारिश हो सकती है।
  • अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में भी 19 से 25 नवंबर तक कुछ स्थानों पर बारिश होने की आशंका है।

दिल्ली-NCR, हरियाणा और पंजाब में घने कोहरे की चेतावनी

  • एक तरफ पूर्वी और दक्षिणी भारत में चक्रवाती तूफान के कारण बारिश और तेज हवाओं का खतरा बना हुआ है, तो दूसरी तरफ उत्तर भारत में कोहरा परेशानी बढ़ा सकता है।
  • मौसम विभाग के मुताबिक, पूर्वी उत्तर प्रदेश में 19 नवंबर को घना कोहरा छाने की आशंका है।
  • इसके बाद 22 और 23 नवंबर को भी राज्य के कुछ इलाकों में घने कोहरे की स्थिति बन सकती है।
  • हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में 20 से 22 नवंबर के दौरान घना कोहरा छाने की चेतावनी जारी की गई है।
  • पंजाब में भी इसी अवधि के दौरान घने कोहरे का असर देखने को मिल सकता है।
  • पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 21 से 23 नवंबर तक कुछ स्थानों पर घना कोहरा छाने की आशंका है।
  • इससे पहले 19 नवंबर की सुबह पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में बेहद घना कोहरा दर्ज किया गया।
  • बलिया में विजिबिलिटी घटकर महज 30 मीटर रह गई, जबकि आजमगढ़ और अयोध्या में विजिबिलिटी 50 मीटर दर्ज की गई।

ये भी पढ़ें- दिल्ली की जहरीली हवा पर सुप्रीम कोर्ट की चुटकी! बेटे को सिंगापुर से भारत लाने की बात पर जज बोले- 'पहले AQI सुधरने दीजिए'

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।