IMD Weather Alert: बंगाल की खाड़ी से उठा गंभीर चक्रवाती तंत्र अब तटीय इलाकों से होता हुआ देश के आंतरिक हिस्सों में चला आया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) द्वारा जारी 24 सितंबर के मौसम बुलेटिन के मुताबिक उत्तरी तटीय आंध्र प्रदेश और उससे सटे दक्षिणी ओडिशा के ऊपर मौजूद डीप डिप्रेशन पिछले 6 घंटों के दौरान 7 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से उत्तर-पश्चिम दिशा में बढ़ा है। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक यह मौसमी प्रणाली उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ते हुए 24 सितंबर की शाम तक कमजोर होकर एक डिप्रेशन (दबाव के क्षेत्र) में बदल जाएगी। इसके बाद अगले 24 घंटों में यह उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ते हुए धीरे-धीरे और कमजोर पड़ जाएगी।
