रांची के लोगों के लिए बड़ी खुशखबरी है। शहर में तीन नए फ्लाईओवर बनने जा रहे हैं। दुर्गा पूजा के बाद प्रोजेक्ट्स पर काम की रफ्तार तेज होगी। नगर विकास विभाग ने प्रोजेक्ट का प्रस्ताव तैयार किया है। इसके अनुसार, बिरसा चौक से तुपुदाना चौक (टेंडर हार्ट स्कूल के निकट), कटहल मोड़ से दलादिली चौक और लालपुर-फिरायालाल-डंगराटोली के बीच इंटीग्रेटेड फ्लाईओवर बनाए जाएंगे।
निर्माण के लिए कंपनियों के चुनाव का काम पूरा
पथ निर्माण विभाग के प्रधान सचिव सुनील कुमार ने बताया, "फ्लाईओवर के निर्माण के लिए कंपनियों का चयन कर लिया गया है। टेंडर प्रक्रिया भी पूरी हो चुकी है। विजिबिलिटी और साइट से जुड़ी दूसरी बाकी औपचारिकताएं एक-दो महीने में पूरी हो जाएंगी। इसके बाद काम प्रोजेक्ट्स पर काम शुरू हो जाएगा।
प्रोजेक्ट्स पर करीब 2400 करोड़ रुपये की लागत आएगी
उन्होंने कहा कि इस प्रोजेक्ट पर करीब 2400 करोड रुपए खर्च होने का अनुमान है। पहला, करमटोली-चिरौंदी कॉरिडोर करीब 3.2 किमी लंबा होगॉा। ये करमटोली से साइंस सिटी होते हुए चिरौंदी तक जाएगा। इससे लोगों को औरमांझी और चिरौंदी जाने के लिए वैकल्पिक रास्ता मिलेगा। लालपुर और फिरायालाल चौक पर ट्रैफिक का दबाव काफी हद तक कम हो जाएगा।
20 मिनट का रास्ता सिर्फ 5 मिनट में पूरा होगा
करमटोली-चिरौंदी कॉरिडोर का सबसे बड़ा फायदा यह होगा कि करमटोली में जाम की समस्या खत्म होगी। इससे समय की बचत होगी। लोगों को औरमांझी और चिरौंदी जाने और आने का रास्ता 20 मिनट से घटकर केवल 5 मिनट का रह जाएग। इससे शहर का इंफ्रास्ट्रक्चर भी बेहतर होगा।
जाम की समस्या से लोगों को मिलेगी निजात
अरगोड़ा-चापूटोली कॉरिडोर करीब चार किमी लंबा होगा। यहां अभी सिर्फ सिग्नल पार करने में 10 मिनट का समय लग जाता है। जिन लोगों को खासतौर पर कटहल मोड़ और रिंग रोड की तरफ जाना है उनके लिए यह 4 किलो मीटर लंबा रास्ता 25 मिनट का बन जाता है। जाम भी लगता है। फ्लाइओवर बन जाने से जाम की समस्या कम हो जाएगी।
रातू रोड पर भी जाम की समस्या खत्म होगी
हरमू रोड फ्लाईओवर सहजानंद चौक के पास से जज कॉलोनी तक बनेगा। इस फ्लाईओवर से लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। अभी रातू रोड का जाम लोगों के लिए सरदर्द जैसा है। रातू रोड से सहजानंद चौक तक का रास्ता करीब 3 किलोमीटर का है। मात्र इतनी दूरी तय करने में तीन सिग्नल पार करना पड़ता है। स्कूल बसों की लंबी कतार दिखती है, जिससे 25 से 30 मिनट तक का समय खराब हो जाता है।
ऑफिस आनेजाने वाले लोगों को मिलेगी राहत
इस फ्लाईओवर के बनने से सबसे बड़ा फायदा स्कूल बसों को होगा। ऑफिस आनेजाने वाले लोगों को भी बड़ी राहत मिलेगी। लोग हॉस्पिटल जाने के लिए भी इस रास्ते का इस्तेमाल करते हैं। एंबुलेंस के हॉस्पिटल पहुंचने में काफी समय लग जाता है। यह दिक्कत दूर हो जाएगी। लोग सीधा सहजानंद चौक से कांके और पतरातू निकल जाएंगे। इसमें महज तीन से चार मिनट का समय लगेगा।
(रांची से शिखा श्रेया की रिपोर्ट)