Delhi Awaas Yojana 2026: दिल्ली में सस्ता घर खरीदने का सुनहरा मौका! DDA ला रहा 1,648 नए फ्लैट, 25% डिस्काउंट के साथ सिर्फ 14.95 लाख रुपये

DDA Awaas Nivesh Yojana 2026: 'डीडीए आवास निवेश योजना' के तहत नरेला में 1,648 सस्ता फ्लैट उपलब्ध कराने का फैसला उन लोगों के लिए एक नया अवसर है, जो दिल्ली में अपेक्षाकृत कम कीमत पर घर खरीदना चाहते हैं। करीब 14.95 लाख रुपये की अनुमानित कीमत, 25 प्रतिशत की छूट और 'पहले आओ, पहले पाओ' की व्यवस्था इस हाउसिंग स्कीम को खास बनाती है

अपडेटेड Oct 23, 2026 पर 4:50 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
DDA Awaas Nivesh Yojana 2026: देश की राजधानी में सिर्फ 14.95 लाख रुपये में सपनों का घर खरीदने का सुनहरा अवसर है

DDA Awaas Nivesh Yojana 2026: दिल्ली में अपना घर खरीदने का सपना देख रहे लोगों के लिए अच्छी खबर है। दिल्ली विकास प्राधिकरण (DDA) ने लोगों की जबरदस्त मांग को देखते हुए नरेला में 1,648 एक्स्ट्रा एलआईजी (Low-Income Group) फ्लैट उपलब्ध कराने का ऐलान किया है। इन फ्लैटों पर 25 प्रतिशत की डिस्काउंट दी जाएगी। इसके बाद एक फ्लैट की अनुमानित कीमत करीब 14.95 लाख रुपये रह जाएगी। इन घरों की ऑनलाइन बुकिंग 29 अक्टूबर 2026 को दोपहर 12 बजे से शुरू होगी। फ्लैटों का आवंटन 'पहले आओ, पहले पाओ' के आधार पर किया जाएगा। इच्छुक आवेदक 29 अक्टूबर 2026 को दोपहर 12 बजे से आधिकारिक पोर्टल पर बुकिंग कर सकेंगे।

DDA की आवास योजना में 1,648 फ्लैट

दिल्ली में सस्ता घर खरीदने की योजना बना रहे लोगों के लिए 'DDA Awaas Nivesh Yojana 2026' एक अहम मौका बनकर सामने आई है। दशहरा के दौरान शुरू की गई इस योजना को लोगों की शानदार प्रतिक्रिया मिली थी। स्थिति यह रही कि बुकिंग शुरू होने के महज दो घंटे के भीतर पहले चरण में पेश किए गए फ्लैट बुक हो गए थे।


इसी मांग को देखते हुए अब DDA ने नरेला में 1,648 एक्स्ट्रा एलआईजी फ्लैट उपलब्ध कराने का फैसला किया है। दिल्ली के उपराज्यपाल और DDA के अध्यक्ष सरदार तरनजीत सिंह संधू के मार्गदर्शन में शुरू की गई इस पहल का उद्देश्य लोगों को किफायती दरों पर नियोजित आवास उपलब्ध कराना है। एक्स्ट्रा फ्लैटों की पेशकश से उन लोगों को भी अवसर मिल सकता है, जो पहले चरण में घर बुक नहीं कर पाए थे।

कहां मिलेंगे सस्ता फ्लैट और कितनी होगी कीमत?

DDA की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक, ये सभी एक्स्ट्रा फ्लैट दिल्ली के नरेला इलाके के पॉकेट-1, सेक्टर G2 से G6 में स्थित हैं। इन पर फ्लैट की निर्धारित कीमत पर 25 फीसदी की डायरेक्ट डिस्काउंट दी जाएगी। 49.90 वर्ग मीटर के क्षेत्रफल में कॉमन एरिया भी शामिल है। इसलिए इच्छुक खरीदारों को फ्लैट की वास्तविक उपयोग योग्य जगह और अन्य डिटेल्स आधिकारिक ब्रोशर में जरूर चेक करनी चाहिए।

- फ्लैटों की संख्या: कुल 1,648

- लोकेशन: पॉकेट-1, सेक्टर G2-G6, नरेला

- अनुमानित कीमत: करीब 14.95 लाख रुपये प्रति फ्लैट

- डिस्काउंट: 25 फीसदी

- एरिया: लगभग 49.90 वर्ग मीटर है

- आवंटन का तरीका: 'पहले आओ, पहले पाओ' के तहत फ्लैट मिलेंगे

29 अक्टूबर को दोपहर 12 बजे से शुरू होगी ऑनलाइन बुकिंग

इन एक्स्ट्रा फ्लैटों के लिए ऑनलाइन बुकिंग 29 अक्टूबर 2026 को दोपहर 12 बजे से शुरू होगी। इच्छुक आवेदक DDA के आधिकारिक 'आवास पोर्टल' पर जाकर आवेदन कर सकते हैं। पोर्टल पर योजना का नाम 'DDA Awaas Nivesh Yojana 2026' होगा। फ्लैटों का आवंटन 'पहले आओ, पहले पाओ' यानी FCFS के आधार पर किया जाएगा। ऐसे में इच्छुक आवेदकों को बुकिंग शुरू होने से पहले जरूरी दस्तावेज और भुगतान संबंधी जानकारी तैयार रखनी चाहिए।

बुकिंग पोर्टल: https://eservices.dda.org.in/

फ्लैट बुक करने के लिए कितनी रकम जमा करनी होगी?

डीडीए स्कीम के तहत प्रत्येक फ्लैट के लिए बुकिंग राशि 1 लाख रुपये निर्धारित की गई है। यानी फ्लैट बुक करने के लिए आवेदक को हर हाल में प्रति फ्लैट एक लाख रुपये जमा करने होंगे। हालांकि, यह राशि फ्लैट की कुल कीमत से अलग एक्स्ट्रा खर्च है या फाइनल भुगतान में कैसे ये रकम कैसे शामिल होगी, इसकी पुष्टि आधिकारिक ब्रोशर में दिए गए नियमों से करनी चाहिए।

DDA ने यह भी स्पष्ट किया है कि जिन लोगों ने पहले ही DDA के आवास पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन करा लिया है, उन्हें दोबारा रजिस्टर्ड कराने की जरूरत नहीं होगी। वहीं, जिन आवेदकों ने अब तक रजिस्ट्रेशन नहीं किया है, उन्हें पोर्टल पर उपलब्ध प्रक्रिया पूरी करनी होगी।

नरेला में क्यों बढ़ रही है घर खरीदने वालों की दिलचस्पी?

दिल्ली का नरेला इलाका आने वाले सालों में एक महत्वपूर्ण आवासीय एरिया के रूप में विकसित होने की संभावनाएं हैं। यहां नियोजित शहरी बुनियादी ढांचे, परिवहन सुविधाओं और शैक्षणिक संस्थानों से जुड़े विकास कार्यों पर जोर दिया जा रहा है।

मेट्रो और RRTS से कनेक्टिविटी बेहतर होने की उम्मीद

नरेला को भविष्य में बेहतर परिवहन सुविधाओं का लाभ मिलने की संभावना है। इनमें रिठाला-नरेला-कुंडली मेट्रो कॉरिडोर पर प्रस्तावित स्टेशन और नरेला में प्रस्तावित रीजनल रैपिड ट्रांजिट सिस्टम (RRTS) स्टेशन शामिल हैं। इसके अलावा अर्बन एक्सटेंशन रोड (UER)-I, UER-II और जीटी करनाल रोड के जरिए सड़क संपर्क भी इलाके की कनेक्टिविटी को मजबूत करने में मदद कर सकता है।

एजुकेशन हब और खेल सुविधाओं का भी होगा फायदा

नरेला के सेक्टर G2–G6 में प्रस्तावित एजुकेशन हब भी इस इलाके की प्रमुख विकास योजनाओं में शामिल है। यहां कई विश्वविद्यालयों को जमीन आवंटित की गई है। इसके अलावा सेक्टर A-7 में नरेला स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स और प्रस्तावित मल्टी-स्पोर्ट्स इंटीग्रेटेड स्टेडियम जैसी खेल सुविधाएं विकसित करने की योजना है।

पहले से रजिस्ट्रेशन करा चुके लोगों को दोबारा आवेदन नहीं करना होगा

DDA के मुताबिक, जिन आवेदकों का Awaas Portal पर पहले से रजिस्ट्रेशन है, वे उसी रजिस्ट्रेशन के जरिए आगे की प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं। यानी उन्हें दोबारा रजिस्ट्रेशन कराने की जरूरत नहीं होगी। आवेदन से पहले आधिकारिक ब्रोशर में दी गई सभी शर्तों को पढ़ना अनिवार्य है। फ्लैटों की उपलब्धता, भुगतान की टाइमलाइन और आवंटन प्रक्रिया से संबंधित जानकारी के लिए DDA के आधिकारिक पोर्टल का ही इस्तेमाल करें। किसी भी सहायता के लिए आवेदक DDA की टोल-फ्री हेल्पलाइन- 1800 110 332 पर भी संपर्क कर सकते हैं।

ये भी पढ़ें- IMD Cyclone Warning: बंगाल की खाड़ी में उठेगा भयंकर चक्रवाती तूफान! इन राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट, 26 अक्टूबर तक ऐसा रहेगा मौसम

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।