DDA Mega E auction 2026: देश की राजधानी में अपनी संपत्ति खरीदने और कारोबार शुरू करने का सपना देख रहे लोगों के लिए दिल्ली विकास प्राधिकरण (DDA) एक बड़ा अवसर लेकर आया है। दीपावली के अवसर पर डीडीए ने अपनी 23वीं मेगा ई-नीलामी की घोषणा की है। इस नीलामी के तहत राजधानी की कुल 146 संपत्तियों को बिक्री के लिए रखा जाएगा। इनमें आवासीय और औद्योगिक भूखंडों के साथ दुकानें तथा विभिन्न कैटेगरी की व्यावसायिक संपत्तियां शामिल हैं। इच्छुक लोग निर्धारित प्रक्रिया के तहत ऑनलाइन पंजीकरण कराकर नीलामी में हिस्सा ले सकेंगे।
डीडीए की इस मेगा ई-नीलामी का उद्देश्य विभिन्न श्रेणियों की उपलब्ध संपत्तियों को पारदर्शी ऑनलाइन प्रक्रिया के माध्यम से इच्छुक खरीदारों तक पहुंचाना है। खास बात यह है कि इस बार नीलामी में केवल आवासीय संपत्तियां ही नहीं। बल्कि व्यावसायिक गतिविधियों से जुड़ी कई महत्वपूर्ण संपत्तियों को भी शामिल किया गया है। इससे निवेशकों, कारोबारियों और खुद की दुकान या औद्योगिक इकाई शुरू करने की योजना बना रहे लोगों को अवसर मिलेगा।
146 संपत्तियों में शामिल हैं अलग-अलग कैटेगरी के भूखंड
डीडीए की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक, मेगा ई-नीलामी में 74 बनी हुई दुकानें, 32 आवासीय भूखंड और 25 औद्योगिक भूखंड शामिल हैं। इसके अतिरिक्त तीन छात्रावास भूखंड भी नीलामी के लिए रखे गए हैं। वहीं चार व्यावसायिक भूखंड, एक ईंधन केंद्र, छह बहुस्तरीय कार पार्किंग और साकेत खेल परिसर स्थित एक कैफेटेरिया की भी नीलामी की जाएगी। इस तरह डीडीए ने आवासीय जरूरतों से लेकर व्यावसायिक और औद्योगिक निवेश तक को ध्यान में रखते हुए संपत्तियों की अलग-अलग कैटेगरी तैयार की हैं। खासकर बनी हुई दुकानों और व्यावसायिक भूखंडों की उपलब्धता उन लोगों के लिए उपयोगी हो सकती है, जो दिल्ली में अपना कारोबार स्थापित करना चाहते हैं।
29 नवंबर शाम छह बजे तक करा सकेंगे रजिस्ट्रेशन
डीडीए के अनुसार, ई-नीलामी में भाग लेने के इच्छुक आवेदक 29 नवंबर शाम छह बजे तक रजिस्ट्रेशन करा सकते हैं। रजिस्ट्रेशन के साथ निर्धारित प्रक्रिया के तहत आवश्यक धरोहर राशि भी जमा करनी होगी। प्राधिकरण की ओर से बताया गया है कि रजिस्ट्रेशन और सहायता केंद्र 31 अक्टूबर को सुबह 11 बजे से शुरू हो चुका है। रजिस्ट्रेशन की आखिरी तारीख समाप्त होने के बाद नीलामी में शामिल संपत्तियों का डिटेल्स शेड्यूल जारी किया जाएगा। इसमें संपत्तियों की नीलामी की तारीख और समय से संबंधित जानकारी दी जाएगी। रजिस्टर्ड आवेदकों को यह सूचना ई-मेल के माध्यम से भी उपलब्ध कराई जाएगी।
डिजिटल सिग्नेचर के बिना नहीं ले सकेंगे हिस्सा
डीडीए ने स्पष्ट किया है कि ई-नीलामी में भाग लेने के लिए बोलीदाताओं के पास डिजिटल सिग्नेचर होना अनिवार्य है। इच्छुक आवेदकों को संपत्ति की जानकारी, पात्रता, नियम एवं शर्तों तथा आवेदन प्रक्रिया को ध्यानपूर्वक समझने के बाद ही रजिस्ट्रेशन करना चाहिए। नीलामी में शामिल होने वाली संपत्तियों से संबंधित डिटेल्स जानकारी डीडीए की आधिकारिक वेबसाइट www.dda.gov.in पर उपलब्ध ई-नीलामी लिंक के माध्यम से देखी जा सकती है। इसके अलावा बनी हुई दुकानों और साकेत खेल परिसर स्थित कैफेटेरिया से जुड़ी जानकारी भी पोर्टल पर उपलब्ध कराई गई है।
रजिस्ट्रेशन और नीलामी प्रक्रिया की पूरी डिटेल्स