अफेयर को लेकर पत्नी से हुआ झगड़ा, गुस्से में पति ने शेविंग ब्लेड से किया हमला, आरोपी गिरफ्तार

दिल्ली के सुंदर नगरी इलाके में अफेयर को लेकर हुए विवाद के बाद एक पति पर पत्नी पर शेविंग ब्लेड से हमला करने का आरोप है। हमले में महिला के चेहरे और गले पर चोटें आईं। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है

अपडेटेड Sep 15, 2026 पर 11:09 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर घायल महिला का बयान दर्ज किया और 14 सितंबर को इस मामले में एफआईआर दर्ज की

नॉर्थ-ईस्ट दिल्ली के सुंदर नगरी इलाके से पति-पत्नी के बीच विवाद का एक गंभीर मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि पति-पत्नी के बीच किसी दूसरी महिला से संबंध को लेकर विवाद हुआ था। इसी दौरान आरोपी ने कथित तौर पर अपनी पत्नी पर शेविंग ब्लेड से हमला कर दिया। घटना में महिला के चेहरे और गले पर चोटें आई हैं। मंगलवार को पुलिस ने महिला के पति को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस ने 35 साल के माजिद हुसैन के खिलाफ हत्या की कोशिश के आरोप में भारतीय न्याय संहिता की धारा 109 के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार, हमले में इस्तेमाल किया गया शेविंग ब्लेड भी आरोपी के पास से बरामद कर लिया गया है।

क्यों हुआ था विवाद


इंडिया टुडे के मुताबिक, महिला ने पुलिस को बताया कि उसके पति के किसी दूसरी महिला से संबंध थे और इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था। महिला ने ये भी आरोप लगाया कि पति पहले भी उसके साथ झगड़ा और मारपीट करता था। बताया जा रहा कि घटना से करीब 15 दिन पहले पति के साथ लगातार हो रहे झगड़ों से परेशान होकर महिला अपने तीन बच्चों को लेकर लोनी स्थित मायके चली गई थी। घटना से दो दिन पहले माजिद हुसैन और उसके पिता ने उसे समझाकर वापस घर बुला लिया। महिला के घर लौटने के बाद कुछ ही समय में पति-पत्नी के बीच फिर विवाद शुरू हो गया। इसके बाद दोनों के बीच हुई बहस ने गंभीर रूप ले लिया।

शेविंग ब्लेड से किया हमला

13 सितंबर की रात करीब 11 बजे पति-पत्नी के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि माजिद हुसैन ने कथित तौर पर अपनी पत्नी पर शेविंग ब्लेड से हमला कर दिया। इस घटना में महिला के चेहरे और गले पर चोटें आईं। रात करीब 11:40 बजे पुलिस को घटना की सूचना मिली। पुलिस के पहुंचने से पहले ही महिला को इलाज के लिए राजीव गांधी अस्पताल ले जाया गया था, जहां उसका इलाज किया गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस में दर्ज की शिकायत

पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर घायल महिला का बयान दर्ज किया और 14 सितंबर को इस मामले में एफआईआर दर्ज की। इसके बाद फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल की जांच कर जरूरी सबूत जुटाए। पुलिस ने माजिद हुसैन को गिरफ्तार कर उससे पूछताछ की, जिसमें उसके कथित तौर पर हमले में शामिल होने की बात सामने आई। रिपोट्स के मुताबिक, पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ पहले से कोई आपराधिक मामला दर्ज नहीं है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।