दिल्लीवासियों को जल्द जाम से मिलेगी मुक्ति! 2047 के मास्टर प्लान में बड़ा बदलाव, 695 KM मेट्रो और 383 KM नमो भारत नेटवर्क का होगा विस्तार
Delhi Master Plan 2047: दिल्ली विकास प्राधिकरण (DDA) ने 'दिल्ली मास्टर प्लान-2047' को लेकर आने वाली चुनौतियों से निपटने के लिए परिवहन व्यवस्था में बड़े बदलावों की रूपरेखा पेश की है। योजना में मेट्रो और नमो भारत नेटवर्क का विस्तार, करीब 200 किलोमीटर साइकिल ट्रैक, बेहतर पार्किंग व्यवस्था और हाईटेक ट्रैफिक टेक्नोलॉजी जैसे प्रस्ताव शामिल हैं
Delhi Master Plan 2047: दिल्ली-NCR वालों को जल्द ही ट्रैफिक जाम से राहत मिलेगी
Delhi Master Plan 2047: राजधानी दिल्ली की सड़कों पर घंटों लगने वाला ट्रैफिक जाम, पार्किंग की परेशानी और घर से मेट्रो स्टेशन तक पहुंचने की मुश्किलें आने वाले सालों में कम हो सकती हैं। दिल्ली विकास प्राधिकरण (DDA) ने 'दिल्ली मास्टर प्लान-2047' को लेकर ऐसी ही चुनौतियों से निपटने के लिए परिवहन व्यवस्था में बड़े बदलावों की घोषणा की है। योजना में मेट्रो और 'नमो भारत' नेटवर्क का विस्तार, करीब 200 किलोमीटर साइकिल ट्रैक, बेहतर पार्किंग मैनेजमेंट और आधुनिक ट्रैफिक टेक्नोलॉजी जैसे प्रस्ताव शामिल हैं। इसका मकसद दिल्ली को अधिक कनेक्टेड, सुविधाजनक और टिकाऊ राजधानी बनाना है।
दिल्ली मास्टर प्लान-2047 पर 11वां परामर्श सत्र आयोजित
दिल्ली के उपराज्यपाल सरदार तरनजीत सिंह संधू के निर्देशों के अनुसार, DDA ने शुक्रवार, 23 अक्टूबर 2026 को 'दिल्ली मास्टर प्लान-2047 (MPD-2047)' पर स्टेकहोल्डर्स के साथ अपना 11वां कॉन्सुलेशन सेशन आयोजित किया। बैठक का मुख्य फोकस ट्रैफिक की भीड़ कम करने, सार्वजनिक परिवहन को मजबूत बनाने और टिकाऊ शहरी आवागमन को बढ़ावा देने पर रहा।
इस बैठक में दिल्ली नगर निगम (MCD), एशियन डेवलपमेंट बैंक (ADB), लोक निर्माण विभाग (PWD), दिल्ली सरकार, नेशनल हाई स्पीड रेल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (NHSRCL), भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI), दिल्ली ट्रैफिक पुलिस, परिवहन विभाग, नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (NDMC) और दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (DMRC) समेत विभिन्न सरकारी संगठनों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया।
बैठक में DDA ने मास्टर प्लान के उन प्रस्तावों की जानकारी दी, जो परिवहन बुनियादी ढांचे, सड़क संपर्क, पैदल चलने और साइकिल चलाने की सुविधाओं तथा पार्किंग मैनेजमेंट से जुड़े हैं। शेयरहोल्डर्स ने भी ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने और अलग-अलग परिवहन साधनों के बीच बेहतर तालमेल बनाने के सुझाव दिए।
416 से बढ़कर 695 किलोमीटर होगा मेट्रो नेटवर्क
दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों में सार्वजनिक परिवहन को मजबूत करना 'मास्टर प्लान-2047' का प्रमुख लक्ष्य है। योजना में मेट्रो नेटवर्क को मौजूदा 416 किलोमीटर से बढ़ाकर 695 किलोमीटर करने की परिकल्पना की गई है। इसी तरह, 'नमो भारत' नेटवर्क को 82 किलोमीटर से बढ़ाकर 383 किलोमीटर तक पहुंचाने का टारगेट रखा गया है। इससे दिल्ली और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र के विभिन्न हिस्सों के बीच संपर्क बेहतर करने में मदद मिल सकती है।
योजना में सराय काले खां, आनंद विहार और कश्मीरी गेट जैसे प्रमुख परिवहन केंद्रों पर मल्टीमॉडल कनेक्टिविटी मजबूत करने का प्रस्ताव भी शामिल है। इसका उद्देश्य यात्रियों को मेट्रो, 'नमो भारत' और अन्य सार्वजनिक परिवहन सेवाओं के बीच आसानी से आवागमन की सुविधा देना है। अगर अलग-अलग परिवहन साधनों के बीच बेहतर तालमेल स्थापित होता है, तो यात्रियों को एक स्थान से दूसरे स्थान तक पहुंचने के लिए निजी वाहन पर कम निर्भर रहना पड़ सकता है। इससे सड़कों पर वाहनों का दबाव कम करने में भी मदद मिल सकती है।
200 किलोमीटर साइकिल ट्रैक, पैदल चलने वालों को भी मिलेगी राहत
दिल्ली में ट्रैफिक की समस्या का समाधान केवल नई सड़कें और फ्लाईओवर बनाना नहीं है। 'मास्टर प्लान-2047' में पैदल चलने और साइकिल चलाने को भी शहरी परिवहन का महत्वपूर्ण हिस्सा बनाने पर जोर दिया गया है। योजना में करीब 200 किलोमीटर साइकिल ट्रैक विकसित करने की परिकल्पना की गई है। इनका उद्देश्य साइकिल को सुरक्षित और किफायती परिवहन विकल्प के रूप में बढ़ावा देना है।
इसके साथ ही सड़क डिजाइन को बेहतर बनाने, पैदल यात्रियों और साइकिल चालकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा सार्वजनिक स्थानों को सभी के लिए अधिक सुलभ बनाने पर भी जोर दिया गया है। यदि इन सुविधाओं को व्यवस्थित तरीके से विकसित किया जाता है, तो कम दूरी की यात्राओं के लिए लोगों को कार या बाइक का इस्तेमाल करने की जरूरत कम हो सकती है। इससे प्रदूषण घटाने और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने में भी मदद मिल सकती है।
पार्किंग की समस्या दूर करने के लिए बनेगा नया फ्रेमवर्क
दिल्ली में ट्रैफिक जाम की एक बड़ी वजह सड़कों के किनारे बेतरतीब पार्किंग और सीमित पार्किंग सुविधाएं भी हैं। 'मास्टर प्लान-2047' में इस समस्या से निपटने के लिए पार्किंग नियमों को आसान बनाने और उपलब्ध पार्किंग स्थलों का बेहतर इस्तेमाल करने का प्रस्ताव है। योजना के तहत अधिक भीड़भाड़ वाले इलाकों की पहचान कर वहां पार्किंग प्रबंधन क्षेत्र विकसित करने की बात कही गई है।
नए सड़क नेटवर्क, अंडरपास और एलिवेटेड कॉरिडोर पर जोर
मास्टर प्लान में दिल्ली के ट्रैफिक दबाव को कम करने के लिए सड़क नेटवर्क में सुधार के कई प्रस्ताव शामिल हैं। इनमें नए सड़क मार्ग, अंडरपास, एलिवेटेड कॉरिडोर और क्रॉस-कॉरिडोर विकसित करना शामिल है। इसके अलावा, सड़क नेटवर्क में मौजूद मिसिंग लिंक को जोड़ने, जंक्शनों में सुधार करने और ट्रैफिक में बाधा डालने वाले पॉइंट को दूर करने पर जोर दिया गया है। योजना का एक महत्वपूर्ण उद्देश्य नए विकसित हो रहे शहरी क्षेत्रों तक बेहतर पहुंच सुनिश्चित करना है। इसके लिए भूमि उपयोग और परिवहन व्यवस्था के बीच तालमेल बढ़ाने का प्रस्ताव है, ताकि आवासीय, व्यावसायिक और अन्य क्षेत्रों को सार्वजनिक परिवहन से बेहतर तरीके से जोड़ा जा सके।
ट्रैफिक मैनेजमेंट में AI और स्वच्छ तकनीक का इस्तेमाल
'दिल्ली मास्टर प्लान-2047' में स्मार्ट और टिकाऊ मोबिलिटी समाधानों को भी जगह दी गई है। इसके तहत ट्रैफिक और पार्किंग मैनेजमेंट में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) जैसी टेक्नोलॉजी के इस्तेमाल की परिकल्पना की गई है। हाईटेक टेक्नोलॉजी के जरिए ट्रैफिक की स्थिति का बेहतर आकलन करने, पार्किंग मैनेजमेंट सुधारने और परिवहन व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने की संभावनाएं तलाशने पर जोर है। योजना में क्लीन फ्यूल और तकनीकी रूप से हाईटेक ट्रांजिट सिस्टम को बढ़ावा देने की बात भी कही गई है।
इसके साथ ही दिल्ली के लिए एक यूनिफाइड मेट्रोपॉलिटन ट्रांसपोर्ट अथॉरिटी (UMTA) गठित करने का प्रस्ताव है। यह संस्था राष्ट्रीय राजधानी के लिए व्यापक मोबिलिटी योजना तैयार करने, उसकी निगरानी करने और उसे लागू करने में समन्वय की भूमिका निभाएगी। इस प्रस्ताव का उद्देश्य परिवहन से जुड़ी अलग-अलग एजेंसियों के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करना है। ताकि सड़क, मेट्रो, बस और अन्य सार्वजनिक परिवहन सेवाओं की योजना एक-दूसरे से जुड़कर बनाई जा सके।
2047 तक बदलेगी दिल्ली की तस्वीर?
'दिल्ली मास्टर प्लान-2047' में सार्वजनिक परिवहन के विस्तार से लेकर पैदल यात्रियों की सुरक्षा, पार्किंग मैनेजमेंट और स्मार्ट ट्रैफिक टेक्नोलॉजी तक कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव शामिल हैं। मेट्रो नेटवर्क को 695 किलोमीटर और 'नमो भारत' नेटवर्क को 383 किलोमीटर तक बढ़ाने की तैयारी है। साथ ही 200 किलोमीटर साइकिल ट्रैक का लक्ष्य राजधानी की परिवहन व्यवस्था में बड़े बदलाव की दिशा दिखाते हैं।
हालांकि, दिल्लीवासियों समेत पूरे NCR के लिए सबसे अहम सवाल यह होगा कि इन योजनाओं का लाभ उन्हें जमीन पर कब और किस रूप में मिलेगा। नई परियोजनाओं के साथ मौजूदा बस सेवाओं, फुटपाथों, सड़क सुरक्षा और अंतिम छोर तक पहुंचने की सुविधाओं में सुधार भी जरूरी होगा।