Viral Video: 'जादू की झप्पी'! जब बेजुबान बंदर ने दुकानदार को लगाया गले, CCTV में कैद हुआ दिल छू लेने वाला वीडियो, भावुक हुए यूजर्स
Monkey Viral Video: सोशल मीडिया पर इन दिनों दिल को छू लेने वाला एक खूबसूरत सा वीडियो चर्चा में है। इसमें एक बेजुबान लंगूर यानी बंदर अचानक एक दुकान में पहुंचता है और दुकानदार की गोद में चढ़कर उसे गले लगा लेता है। दुकान में लगे CCTV कैमरे में कैद यह नजारा सोशल मीडिया पर लोगों का ध्यान खींच रहा है
Monkey Viral Video: वायरल वीडियो में एक बंदर दुकान में बैठे व्यक्ति को गले लगा लेता है
Monkey Viral Video: सोशल मीडिया पर आए दिन ऐसे वीडियो सामने आते हैं, जो कुछ पलों के लिए लोगों को अपनी भागदौड़ भरी जिंदगी भुलाकर मुस्कुराने पर मजबूर कर देते हैं। कभी किसी जानवर की इंसान के प्रति वफादारी दिल जीत लेती है, तो कभी किसी बेजुबान का अनोखा व्यवहार लोगों को हैरान कर देता है। इन दिनों एक ऐसा ही वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा में है, जिसमें एक बंदर (लंगूर) अचानक दुकान में पहुंचता है और दुकानदार की गोद में चढ़कर उसे गले लगा लेता है। दुकान में लगे CCTV कैमरे में कैद यह नजारा सोशल मीडिया पर लोगों का ध्यान खींच रहा है। सोशल मीडिया पर लोगों ने इस वीडियो को शेयर कर 'जादू की झप्पी' करार दिया है।
अचानक दुकान में पहुंचा लंगूर, फिर दुकानदार को लगा लिया गले
सोशल मीडिया पर शेयर की गई पोस्ट के मुताबिक, यह घटना दुकान में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई। वायरल वीडियो में दुकानदार अपनी दुकान में कुर्सी पर बैठा दिखाई देता है। दुकान में मोबाइल फोन और इलेक्ट्रॉनिक सामान से जुड़ी चीजें रखी नजर आ रही हैं। इसी दौरान एक बंदर अचानक उसके पास पहुंचता है और उसकी गोद में चढ़ जाता है।
इसके बाद लंगूर अपने दोनों हाथ दुकानदार के चारों ओर लपेट लेता है, मानो उसे 'जादू की झप्पी' दे रहा हो। अचानक हुए इस घटनाक्रम के बीच दुकानदार ज्यादा हलचल नहीं करता और शांत बैठा रहता है। यही सीन इस वीडियो को खास बनाता है। आमतौर पर किसी जंगली जानवर के अचानक इतने करीब आ जाने पर इंसान घबरा जाता है। लेकिन यहां दुकानदार संयम बनाए रखता दिखाई देता है।
X पर लोगों का ध्यान खींच रहा वीडियो
इस वीडियो को देखकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर कई लोगों को यह नजारा प्यारा और भावुक करने वाला लग रहा है। कुछ यूजर्स इसे इंसान और जानवर के बीच अपनापन दिखाने वाला पल मान रहे हैं। जबकि कुछ लोगों ने सवाल उठाया है कि क्या लंगूर पहले से दुकानदार के संपर्क में रहा होगा?
X के अलावा कई अन्य सोशल मीडिया प्लेफॉर्म्स पर भी इसी तरह का वीडियो शेयर किया गया, जहां लोगों ने अलग-अलग प्रतिक्रियाएं दीं। कुछ यूजर्स ने इसे दिल छू लेने वाला वीडियो बताया, तो कुछ ने इसकी प्रामाणिकता और जानवर के व्यवहार को लेकर संदेह जताया।
क्या जानवर भी इंसानों के साथ जुड़ाव महसूस करते हैं?
ये पहली बार नहीं है जब जानवरों का व्यवहार इंसानों को चौंकाया हो। बंदर जैसे प्राइमेट सामाजिक व्यवहार करते हैं। वे अपने समूह के सदस्यों के साथ शारीरिक संपर्क भी रखते हैं। लेकिन किसी वायरल वीडियो में दिखाई देने वाले व्यवहार का सही कारण समझने के लिए उसके आसपास की परिस्थितियों की जानकारी जरूरी होती है।
इस मामले में यह कहना जल्दबाजी होगी कि लंगूर दुकानदार को प्यार जताने, सांत्वना देने या किसी खास भावना के कारण गले लगा रहा था। संभव है कि जानवर दुकानदार से परिचित हो, या फिर खाने की तलाश में आया हो या किसी अन्य वजह से उसके पास पहुंचा हो।
वायरल वीडियो से मिलने वाली जरूरी सीख
यह वीडियो भले ही देखने में आकर्षक लगे। लेकिन वन्यजीवों के साथ व्यवहार करते समय सावधानी बेहद जरूरी है। लंगूर और बंदर अचानक डरने, उत्तेजित होने या खुद को खतरे में महसूस करने पर काट सकते हैं। वे आप पर हमला भी कर सकते हैं। इसलिए किसी वायरल वीडियो को देखकर जंगली जानवरों को गले लगाने, छूने या उनके करीब जाने की कोशिश नहीं करनी चाहिए।
अगर कोई वन्यजीव दुकान या घर में आ जाए, तो उससे दूरी बनाए रखना, उसे उकसाने से बचना और जरूरत पड़ने पर स्थानीय वन विभाग के अधिकारियों की मदद लेना बेहतर है। फिलहाल, दुकानदार की गोद में बैठे लंगूर का यह सीन लोगों का ध्यान जरूर खींच रहा है। इसकी सबसे दिलचस्प बात यही है कि एक सामान्य दुकान में घटा कुछ सेकंड का अप्रत्याशित घटनाक्रम लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गया।
यूजर्स के रिएक्शन
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लोग इस वीडियो को जमकर शेयर कर रहे हैं। एक यूजर ने लिखा, "ये बंदा बहुत किस्मत वाला हे...मानो साक्षात बजरंग बली गले लगाकर गए हो.. जय बजरंग बली..." एक अन्य ने लिखा, "आज की सबसे सुंदर तस्वीर...जय बजरंग बली।" एक तीसरे यूजर ने तंज कसते हुए कहा, "मकेंश (लंगूर) भाई आज तो फूल मूड में है। नहीं तो ये पास में आए और किसी की बैंड न बजाये ऐसा तो हो नहीं सकता। जानवर भी समझते हैं कि कौन अच्छा है कौन बुरा तभी तो पास आते हैं।"
एक अन्य ने लिखा, "ये रिश्ता क्या कहलाता है? पूंछता है भारत..." एक ने कहा, "मेरे भीतर के दर्द को देखकर पैरासिटामोल...।" एक यूजर ने वीडियो शेयर करते हुए लिखा, "एक दुकानदार तब डर गया जब एक बंदर अंदर आ गया, लेकिन बंदर ने उसे गले लगा लिया। शायद उसे बस थोड़े प्यार की जरूरत थी।" एक ने लिखा,"मेरे दोस्त भी मुझे छोड़कर ऐसे ही भागते हैं जैसे पीली टीशर्ट वाला भाग गया!" हालांकि, घटना की सटीक जगह और दुकानदार के संबंध में डिटेल्स जानकारी का इंतजार है।
A Shopkeeper got scared when a Monkey walked in, But the Monkey literally Hugged him.
Maybe he just needed a little love. https://t.co/SlK7UPOi0l — Saffron Aura (@Saffron_Aura) October 24, 2026