दिल्ली के मंत्री प्रवेश वर्मा ने अरविंद केजरीवाल को बताया 'रहमान डकैत', AAP प्रमुख ने BJP पर किया पलटवार
BJP vs AAP: दिल्ली विधानसभा में बुधवार (25 मार्च) को खूब हंगामा देखने को मिला। भारतीय जनता पार्टी (BJP) के मंत्री प्रवेश वर्मा ने रसीदों का एक बहुत बड़ा रोल खोलकर दिखाया, ताकि यह पता चल सके कि पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के पुराने सरकारी आवास पर कथित तौर पर कितना भारी खर्च किया गया था। इस दौरान उन्होंने केजरीवाल की तुलना धुरंधर फिल्म के कैरेक्टर 'रहमान डकैत' से कर दी
BJP vs AAP: 'शीशमहल' को लेकर दिल्ली विधानसभा में उस समय जोरदार हंगामा देखने को मिला
BJP vs AAP: दिल्ली विधानसभा में बुधवार (25 मार्च) को जोरदार हंगामा देखने को मिला। दिल्ली सरकार के मंत्री प्रवेश साहिब सिंह वर्मा ने पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के आवास पर हुए खर्चों को लेकर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने सदन में एक लंबी लिस्ट पेश करते हुए कहा कि 'शीशमहल' जैसे इस घर में अत्यंत महंगे और लग्जरी सामान लगाए गए हैं। दिल्ली विधानसभा में प्रवेश वर्मा ने अपने भाषण में आम आदमी पार्टी (AAP) के नेता और पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल को 'रहमान डकैत' करार दिया।
बीजेपी नेता ने 'धुरंधर' फिल्म के किरदार से अरविंद केजरीवाल की तुलना करते हुए कहा, "यह बिल्कुल 'रहमान डकैत' वाले पल जैसा था। जनता का पैसा लूटा जा रहा था। जबकि लोग तकलीफ में थे।" प्रवेश वर्मा ने कहा, "देश में एक नई फिल्म रिलीज हुई है 'धुरंधर', जो काफी चर्चा में है। इसमें एक किरदार की भी खूब चर्चा हो रही है 'रहमान डकैत'। ये दिल्ली के डकैत थे, अरविंद केजरीवाल जी, जिन्होंने दिल्ली के पैसों पर डाका डाला। हर बच्चा जानता है कि अब केजरीवाल जी कुछ भी बोलेंगे, तो वह केवल झूठ ही होगा, झूठ के सिवा कुछ नहीं।"
प्रवेश वर्मा ने दावा किया कि मुख्यमंत्री आवास में लगाए गए जिम उपकरणों से लेकर फर्नीचर और इलेक्ट्रॉनिक आइटम तक हर चीज बेहद महंगी है। उन्होंने कहा कि एक ट्रेडमिल की कीमत करीब 14 लाख रुपये थी और उसके लिए अलग से ट्रेनर को भी भुगतान किया गया। इसके अलावा डम्बल सेट पर करीब 3 लाख रुपए खर्च किए गए।
उन्होंने बताया कि घर में 88 इंच का बड़ा टीवी लगाया गया। साथ ही तीन टीवी पर कुल 27 लाख रुपए खर्च हुए। इसके अलावा चिमनी, सोफा, मिनी बार और एंट्रेंस लाइट जैसी सुविधाएं भी लगाई गई। प्रवेश वर्मा ने फर्नीचर के खर्च का जिक्र करते हुए कहा कि सोफा सेट के दो टेंडर हुए। एक 35 लाख रुपए का और दूसरा 1.5 लाख रुपये का।
मंत्री ने कहा कि उनके घर में 76 टेबल लगाए गए, जिन पर करीब 1 करोड़ 5 लाख रुपए खर्च हुए। इसके अलावा 8 बेड पर 40 लाख रुपए खर्च किए गए। जबकि कुर्सियों पर 60 लाख रुपए और कंसोल पर 50 लाख रुपए खर्च किए गए। उन्होंने बताया कि घर में 1.5 करोड़ रुपए के पर्दे (कर्टन) लगाए गए।
वर्मा ने दावा किया किया कि इसके अलावा 60 लाख रुपए के कार्पेट और छोटे पफी (सोफे के साथ रखे जाने वाले छोटे स्टूल) भी खरीदे गए। प्रवेश वर्मा ने आगे कहा कि एक बड़ा डाइनिंग टेबल लगाया गया, जो 28 लोगों के बैठने लायक है, जिसकी कीमत 14 लाख रुपए है। इसके अलावा, जिम में स्पिन बाइक 1 लाख रुपए की, फ्यूजन क्रेस्ट मशीन 3 लाख रुपए की और बॉडी सॉलिड उपकरण 6 लाख रुपए के लगाए गए।
उन्होंने कहा कि घर में करीब 12 लाख रुपए के इलेक्ट्रिकल आइटम और 14 लाख रुपए की सीलिंग डेकोरेटिव फिटिंग्स लगाई गई। उन्होंने यह भी दावा किया कि घर में कुल 11 टीवी लगाए गए, जिन पर डेढ़ करोड़ रुपए खर्च हुए। साथ ही बारबेक्यू यूनिट, सीलिंग स्पीकर, कैमरा, एम्प्लीफायर और प्री-एम्प्लीफायर जैसे महंगे उपकरण भी लगाए गए।
बीजेपी ने कहा कि 50 एयर कंडीशनर लगाए गए और 5 लाख रुपए का इन्वर्टर सिस्टम भी लगाया गया। प्रवेश वर्मा ने आरोप लगाया कि इन सभी कामों के टेंडर और एस्टिमेट एक ही दिन में तैयार और पास कर दिए गए। उन्होंने कहा कि दिल्ली की जनता के पैसे पर बहुत बड़ी डकैती की गई है। दिल्ली सरकार के मंत्री ने यह भी आरोप लगाया कि बजट सत्र को बाधित करने के लिए धमकी भरे ईमेल भेजे जा रहे हैं।
केजरीवाल का पलटवार
अरविंद केजरीवाल ने बुधवार को लोगों से किसी एक पार्टी या नेता को नहीं बल्कि खुद को वोट देने और गुजरात में अपनी सरकार बनाने का आग्रह किया। सत्तारूढ़ BJP पर भ्रष्टाचार में लिप्त होने का आरोप लगाया। केजरीवाल ने 'विजय विश्वास सभा' रैली को संबोधित करते हुए आरोप लगाया कि BJP ने पिछले तीन दशकों में अपने वफादार मतदाताओं को अपमानित और बेइज्जत किया है। साथ ही वादा किया कि अगर आम आदमी पार्टी को सरकार बनाने का मौका मिला तो वह गुजरात को उसी तरह बदल देगी जैसे वह पंजाब में कर रही है।
AAP के संयोजक ने अमरेली जिले में आयोजित एक कार्यक्रम में कहा, "आप पिछले 30 वर्षों से पार्टियों और नेताओं को वोट देते आ रहे हैं। फिर भी इन नेताओं ने आपके लिए कुछ भी नहीं किया है। वे सिर्फ अपने प्रति वफादार हैं, किसी के प्रति नहीं।" गुजरात विधानसभा के लिए अगले साल चुनाव होने हैं। राज्य की 182 सदस्यीय विधानसभा में BJP के 160 से अधिक विधायक हैं। जबकि आम आदमी पार्टी के चार विधायक हैं।
दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री ने दावा किया कि इन 30 वर्षों में BJP ने लोगों को लूटा है और मोरबी और वडोदरा में पुलों के ढहने का हवाला देते हुए सत्तारूढ़ पार्टी पर भ्रष्टाचार में लिप्त होने का आरोप लगाया। उन्होंने पूछा, "यह सारा पैसा कहां जाता है?" उन्होंने दावा किया कि BJP सरकार ने हाल में फसल के नुकसान के लिए 10,000 करोड़ रुपये के मुआवजे पैकेज की घोषणा की थी। लेकिन किसानों को यह कभी नहीं मिला, क्योंकि नेताओं ने पूरी राशि का गबन कर लिया।
उन्होंने कहा कि पंजाब में आम जनता की सरकार है, जिसका नेतृत्व एक किसान के बेटे मुख्यमंत्री कर रहे हैं। आम आदमी पार्टी के 90 से अधिक विधायकों में से 80 पहली बार विधायक चुने गए हैं। केजरीवाल ने कहा कि आम आदमी पार्टी ने पंजाब में बहुत काम किया है। इतना काम इसलिए कर पाई है क्योंकि वह एक पैसे तक के भ्रष्टाचार में लिप्त नहीं है।