Delhi Air Pollution: दिल्ली-NCR में प्रदूषण का कहर, नोएडा-ग्रेटर नोएडा के स्कूलों में 5वीं तक हाइब्रिड क्लास अनिवार्य

Delhi Air Pollution: दिल्ली-NCR में 'ग्रेडेड रिस्पॉन्स एक्शन प्लान' (GRAP) के तीसरे चरण (Stage III) के लागू होने के बाद उत्तर प्रदेश के नोएडा और ग्रेटर नोएडा के स्कूलों को 5वीं क्लास तक के छात्रों के लिए ऑनलाइन और ऑफलाइन पढ़ाई में से किसी एक को चुनने का विकल्प देना होगा

अपडेटेड Nov 12, 2026 पर 9:55 AM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
Delhi Air Pollution: दिल्ली समेत पूरे एनसीआर में दीवाली के बाद प्रदूषण का कहर बढ़ता जा रहा है (फोटो- इंडिया टुडे)

Delhi-NCR Air Pollution: दिल्ली-NCR में बढ़ते वायु प्रदूषण ने बच्चों की सेहत को लेकर चिंता बढ़ा दी है। जहरीली हवा के खतरे को देखते हुए अब स्कूलों में पढ़ाई के तरीके में बदलाव किया गया है। नोएडा और ग्रेटर नोएडा के स्कूलों को क्लास 5वीं तक के बच्चों के लिए हाइब्रिड मोड में पढ़ाई कराने का निर्देश दिया गया है। यानी अब अभिभावक अपने बच्चों के लिए ऑनलाइन या फिर स्कूल जाकर ऑफलाइन पढ़ाई का विकल्प चुन सकेंगे। यह फैसला ग्रेडेड रिस्पॉन्स एक्शन प्लान (GRAP) के स्टेज-3 लागू होने के बाद लिया गया है। हालांकि, राहत की बात यह है कि स्कूलों को पूरी तरह बंद नहीं किया गया है।

नोएडा के स्कूलों को दोनों विकल्प देने होंगे

गौतमबुद्ध नगर के जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी राहुल पंवार ने 7 नवंबर को इस संबंध में आदेश जारी किया था। यह निर्देश जिले के सभी परिषदीय, सरकारी सहायता प्राप्त और मान्यता प्राप्त स्कूलों पर लागू होगा। जिला शिक्षा विभाग ने वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (CAQM) की ओर से 6 नवंबर को जारी निर्देशों के तहत यह कदम उठाया है।


CAQM के GRAP स्टेज-3 से जुड़े आदेश के क्लॉज 8(ii) के अनुसार, दिल्ली के साथ-साथ गुरुग्राम, फरीदाबाद, गाजियाबाद और गौतमबुद्ध नगर में कक्षा 5 तक की पढ़ाई हाइब्रिड मोड में कराई जानी है, जहां ऑनलाइन पढ़ाई की सुविधा उपलब्ध है।

इसके तहत स्कूलों के प्रधानाचार्यों और मैनेजमेंट को यह सुनिश्चित करने के लिए कहा गया है कि क्लास 5वीं तक के बच्चों को ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से पढ़ाई का विकल्प मिले। जिन स्कूलों में ऑनलाइन क्लास की सुविधा उपलब्ध है, उन्हें ऑनलाइन पढ़ाई भी करानी होगी।

आदेश नहीं मानने पर हो सकती है कार्रवाई

जिला शिक्षा विभाग ने स्कूलों को निर्देशों का सख्ती से पालन करने को कहा है। आदेश में स्पष्ट किया गया है कि नियमों का पालन नहीं करने वाले स्कूलों के खिलाफ कार्रवाई की जा सकती है। स्कूलों के मैनेजमेंट और प्रिंसिपल को इस व्यवस्था को लागू कराने की जिम्मेदारी दी गई है।

दिल्ली-NCR के अन्य स्कूलों पर भी लागू हुआ नियम

यह व्यवस्था सिर्फ नोएडा और ग्रेटर नोएडा तक सीमित नहीं है। GRAP स्टेज-3 के तहत दिल्ली और NCR के अन्य जिलों में भी क्लास 5वीं तक के बच्चों के लिए हाइब्रिड क्लास का विकल्प देने के निर्देश जारी किए गए हैं। इसमें गाजियाबाद, गुरुग्राम, फरीदाबाद और सोनीपत जैसे इलाके भी शामिल हैं। दिल्ली में सरकारी, सरकारी सहायता प्राप्त और मान्यता प्राप्त निजी स्कूलों के अलावा नगर निगम दिल्ली (MCD), नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (NDMC) और दिल्ली कैंटोनमेंट बोर्ड के स्कूलों पर भी यह व्यवस्था लागू होगी। अभिभावक अपने बच्चों की सुविधा और उपलब्ध विकल्पों के अनुसार ऑनलाइन पढ़ाई का चुनाव कर सकते हैं।

स्कूल बंद नहीं हुए, जारी रहेंगी ऑफलाइन क्लास

प्रदूषण के कारण स्कूलों को पूरी तरह बंद करने का फैसला नहीं लिया गया है। बच्चे पहले की तरह स्कूल जाकर क्लासरूम में शामिल हो सकते हैं। वहीं, जिन स्कूलों में ऑनलाइन पढ़ाई की सुविधा है, उन्हें यह विकल्प भी उपलब्ध कराना होगा। अभिभावकों को सलाह दी गई है कि वे ऑनलाइन और ऑफलाइन क्लास के समय और व्यवस्था को लेकर संबंधित स्कूल से संपर्क करें।

बच्चों को प्रदूषण से बचाने के लिए उठाया गया कदम

दिल्ली-NCR में लगातार खराब होती हवा बच्चों के स्वास्थ्य के लिए चिंता का विषय बनी हुई है। ऐसे में हाइब्रिड पढ़ाई की व्यवस्था का उद्देश्य बच्चों को जहरीली हवा के सीधे संपर्क से बचाने के साथ उनकी पढ़ाई भी जारी रखना है। इस व्यवस्था से अभिभावकों को यह सुविधा मिलेगी कि वे अपने बच्चों की सेहत और परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए पढ़ाई का माध्यम चुन सकें।

ये भी पढ़ें- Jensen Huang Affair: Nvidia CEO जेनसेन हुआंग पर दूसरा अफेयर बम! अब अपनी ही कंपनी की VP से रिश्तों का आरोप, होटल में रिकॉर्डिंग का दावा

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।