Jensen Huang Affair: Nvidia CEO जेनसेन हुआंग पर दूसरा अफेयर बम! अब अपनी ही कंपनी की VP से रिश्तों का आरोप, होटल में रिकॉर्डिंग का दावा
Jensen Huang Affair: एनवीडिया के मालिक जेनसेन हुआंग अब दो अलग-अलग कथित अफेयर से जुड़े विवाद में बुरी तरह से घिर गए हैं। एक तरफ चीनी जासूस एलिस हुआंग के साथ संबंधों को लेकर अमेरिकी सुरक्षा से जुड़े सवाल हैं, तो दूसरी तरफ Nvidia की वाइस प्रेसिडेंट किम्बर्ली पॉवेल के साथ कथित रिश्तों ने कंपनी की नीतियों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब सबकी नजर Nvidia के बोर्ड की जांच और एक्शन पर है
Nvidia प्रमुख Jensen Huang पर अब कंपनी की महिला VP किम्बर्ली पॉवेल से अफेयर का आरोप लगे हैं
Jensen Huang Affair: दुनिया की दिग्गज AI चिप निर्माता कंपनी Nvidia के CEO और को-फाउंडर जेनसेन हुआंग की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। चीन की खुफिया एजेंसी से कथित संबंध रखने वाली सिंगापुर की कारोबारी एलिस हुआंग के साथ रिश्तों को लेकर पहले से विवादों में घिरे जेन्सेन हुआंग पर अब एक और महिला के साथ कथित अफेयर होने का आरोप लगा है। इस बार महिला कोई बाहरी कारोबारी नहीं, बल्कि Nvidia की ही वरिष्ठ अधिकारी और कंपनी की वाइस प्रेसिडेंट किम्बर्ली पॉवेल (Kimberly Powell) हैं। 'द न्यूयॉर्क टाइम्स' की एक रिपोर्ट में दावा किया गया है कि दोनों के बीच कथित संबंध थे।
होटल में एक-दूसरे के करीब नजर आए हुआंग और किम्बर्ली पॉवेल
'न्यूयॉर्क टाइम्स' की रिपोर्ट के मुताबिक, मार्च में कैलिफोर्निया के सैन जोस में Nvidia की सालाना डेवलपर कॉन्फ्रेंस GTC आयोजित हुई थी। इसी दौरान एक होटल में जेनसेन हुआंग और कंपनी की वाइस प्रेसिडेंट किम्बर्ली पॉवेल को कथित तौर पर एक-दूसरे के साथ करीबी व्यवहार करते देखा गया।
अखबार ने Nvidia में पहले काम कर चुके पांच लोगों से बातचीत के आधार पर यह दावा किया है। इनमें से दो पूर्व कर्मचारियों के मुताबिक, होटल में दोनों के बीच हुई बातचीत और मुलाकात को किसी व्यक्ति ने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड भी किया था। हालांकि, 'न्यूयॉर्क टाइम्स' ने स्पष्ट किया कि उसने खुद इस वीडियो फुटेज को स्वतंत्र रूप से नहीं देखा है। रिपोर्ट में एक और अहम बात सामने आई है कि जेनसेन हुआंग और किम्बर्ली पॉवेल दोनों शादीशुदा हैं। ऐसे में इस कथित रिश्ते को लेकर कंपनी के भीतर भी चर्चाएं होने का दावा किया गया है।
वीडियो बनाने वाले व्यक्ति को NDA साइन करने के लिए कहा गया?
इस पूरे मामले में सबसे दिलचस्प पहलू होटल में हुई कथित रिकॉर्डिंग से जुड़ा है। 'न्यूयॉर्क टाइम्स' की रिपोर्ट के मुताबिक, GTC कॉन्फ्रेंस के दौरान हुआंग की सुरक्षा टीम ने एक व्यक्ति को दोनों की मुलाकात रिकॉर्ड करते हुए देख लिया था। तीन लोगों के हवाले से अखबार ने बताया कि सुरक्षा टीम ने उस व्यक्ति को अलग ले जाकर उससे नॉन-डिस्क्लोजर एग्रीमेंट (NDA) पर साइन करने के लिए कहा था। NDA एक ऐसा कानूनी समझौता होता है, जिसके तहत संबंधित व्यक्ति कुछ जानकारियां सार्वजनिक नहीं करने की सहमति देता है।
कौन हैं किम्बर्ली पॉवेल?
किम्बर्ली पॉवेल Nvidia की वरिष्ठ अधिकारियों में शामिल हैं। वह साल 2008 से कंपनी के साथ जुड़ी हुई हैं। वह फिलहाल वाइस प्रेसिडेंट ऑफ हेल्थकेयर के पद पर काम कर रही हैं। उनकी जिम्मेदारी हेल्थकेयर और हाई एजुकेशन जैसे क्षेत्रों में Nvidia की चिप टेक्नोलॉजी के इस्तेमाल को बढ़ावा देना है। खासतौर पर मेडिकल इमेजिंग और स्वास्थ्य सेवाओं में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के इस्तेमाल से जुड़े प्रोजेक्ट उनकी भूमिका का अहम हिस्सा हैं।
पॉवेल ने कंपनी में धीरे-धीरे कई महत्वपूर्ण पदों पर काम किया। उनके 'लिंक्डइन' प्रोफाइल के मुताबिक, 2016 में वह आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस बिजनेस डेवलपमेंट की सीनियर डायरेक्टर बनी थीं। इसके बाद 2017 के अंत में उन्हें हेल्थकेयर डिवीजन की वाइस प्रेसिडेंट की जिम्मेदारी मिली। वह अंतरराष्ट्रीय टेक्नोलॉजी कार्यक्रमों में भी Nvidia का प्रतिनिधित्व करती रही हैं।
मार्च में आयोजित GTC कॉन्फ्रेंस में उन्होंने हेल्थकेयर और बायोलॉजिकल रिसर्च के क्षेत्र में AI की संभावनाओं पर प्रस्तुति दी थी। इस प्रेजेंटेशन में एनवीडिया प्रमुख जेनसेन हुआंग के कार्टून चित्रों का भी इस्तेमाल किया गया था।
सवाल पूछने पर हुआंग ने क्या दिया जवाब?
'न्यूयॉर्क टाइम्स' ने बुधवार को जेन्सेन हुआंग से किम्बर्ली पॉवेल के साथ उनके कथित संबंधों को लेकर सवाल किया। रिपोर्ट के मुताबिक, इस सवाल पर हुआंग ने कहा, "मुझे नहीं लगता कि आपको सीधे मुझसे बात करनी चाहिए।" इतना कहने के बाद उन्होंने फोन काट दिया। रिपोर्ट में पॉवेल की ओर से इस कथित रिश्ते पर क्या जवाब दिया गया, इसकी विस्तृत जानकारी नहीं दी गई है।
Nvidia के अपने नियमों पर उठे सवाल
इस नए खुलासे के बाद Nvidia की आंतरिक कार्यप्रणाली और कर्मचारियों के लिए बनाए गए आचार संहिता (Code of Conduct) पर भी चर्चा शुरू हो गई है। कंपनी की आचार संहिता में कर्मचारियों को ऐसी परिस्थितियों से बचने की सलाह दी गई है, जिनमें उनके निजी या पेशेवर व्यवहार से हितों का टकराव पैदा हो सकता है। इसमें व्यक्तिगत रिश्तों (Personal Relationships) का भी विशेष रूप से उल्लेख किया गया है। कंपनी के नियमों के मुताबिक, किसी भी तरह के संभावित गलत आचरण की शिकायत मिलने पर उसकी जल्द जांच की जानी चाहिए। ऐसे में अगर CEO और उनके अधीन काम करने वाली किसी वरिष्ठ अधिकारी के बीच कथित संबंधों की बात सामने आती है, तो यह हितों के टकराव, कंपनी के भीतर जवाबदेही और वर्कप्लेस की नीतियों से जुड़े सवाल खड़े कर सकता है।
पहले एलिस हुआंग के साथ रिश्तों को लेकर विवाद में घिरे थे CEO
जेनसेन हुआंग के सामने यह नया विवाद ऐसे समय आया है, जब वह पहले से ही एलिस हुआंग के साथ कथित विवाहेतर संबंधों को लेकर चर्चा में हैं। एलिस हुआंग सिंगापुर स्थित डेटा सेंटर कंपनी Megaspeed की वरिष्ठ अधिकारी हैं। दोनों का सरनेम एक जैसा है, लेकिन उनके बीच कोई पारिवारिक रिश्ता नहीं है। हुआंग ने Nvidia के कर्मचारियों को भेजे गए संदेश में अपनी पत्नी के प्रति बेवफाई स्वीकार की थी। उन्होंने लिखा था, "मैं अपनी पत्नी के प्रति बेवफा था।"
इस मामले ने उस समय गंभीर रूप ले लिया, जब अमेरिकी खुफिया एजेंसियों की ओर से एलिस हुआंग के चीन की खुफिया एजेंसी मिनिस्ट्री ऑफ स्टेट सिक्योरिटी (MSS) से कथित संबंधों को लेकर चिंता जताए जाने की खबर सामने आई। रिपोर्टों में यह भी दावा किया गया कि एलिस हुआंग की भूमिका Nvidia के चिप्स चीनी कंपनियों तक पहुंचाने में हो सकती है।
Nvidia के बोर्ड ने शुरू की स्वतंत्र जांच
कथित चीनी जासूस एलिस हुआंग से जुड़े विवाद के बाद Nvidia के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स ने स्वतंत्र जांच शुरू कराई है। इस जांच की जिम्मेदारी प्रतिष्ठित अमेरिकी लॉ फर्म Wachtell, Lipton, Rosen & Katz को सौंपी गई है। जांच का उद्देश्य यह पता लगाना है कि क्या जेनसेन हुआंग को किसी विदेशी खुफिया ऑपरेशन के तहत निशाना बनाया गया और क्या कंपनी की गोपनीय जानकारियों या राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ी सूचनाओं पर कोई असर पड़ा है। अब किम्बर्ली पॉवेल के साथ कथित संबंधों का मामला सामने आने से हुआंग की निजी जिंदगी और कंपनी के कॉर्पोरेट गवर्नेंस को लेकर विवाद का एक नया पहलू जुड़ गया है।
Nvidia के शेयरों पर भी दिखा अफेयर विवाद का इफेक्ट
अफेयर के खुलासों के बीच Nvidia के शेयरों में भी उतार-चढ़ाव देखने को मिला। रिपोर्ट के मुताबिक, नए घटनाक्रम के बाद कंपनी के शेयर आफ्टर-आवर्स ट्रेडिंग में करीब 8 फीसदी तक गिर गए। बता दें कि Nvidia आज दुनिया की AI इंडस्ट्री की सबसे अहम कंपनियों में से एक है। कंपनी के चिप्स का इस्तेमाल AI मॉडल तैयार करने और उनकी ट्रेनिंग में किया जाता है। ऐसे में CEO से जुड़े विवाद का असर निवेशकों के भरोसे और कंपनी की भविष्य की रणनीति पर पड़ सकता है।