Nvidia में होने जा रहा बड़ा उलटफेर! CEO जेनसेन हुआंग की कुर्सी पर संकट! चीन जासूसी कनेक्शन और अफेयर के आरोपों से मचा हड़कंप
Nvidia CEO Jensen Huang Case: अमेरिकी मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, एनवीडिया का बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स कंपनी के सह-संस्थापक और सीईओ जेनसेन हुआंग को हटाने की तैयारी कर रहा है। अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या तीन दशक से Nvidia की कमान संभाल रहे हुआंग अपनी कुर्सी बचा पाएंगे या निजी रिश्तों और चीन से जुड़े कथित खुफिया विवाद के बीच कंपनी को नया नेतृत्व तलाशना पड़ेगा
Nvidia CEO Jensen Huang Case: अफेयर और चीन से जुड़े जासूसी विवाद के चलते एनवीडिया बोर्ड जेनसेन हुआंग को पद से हटाने पर विचार कर रहा है
Nvidia CEO Jensen Huang Case: दुनिया की सबसे बड़ी AI (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) चिप कंपनियों में शामिल एनवीडिया (Nvidia) में नेतृत्व को लेकर बड़े बदलाव की अटकलें तेज हो गई हैं। कंपनी के सह-संस्थापक और CEO जेनसेन हुआंग (Jensen Huang) को पद से हटाने की तैयारी किए जाने की खबर सामने आई है। 'द वॉल स्ट्रीट जर्नल (WSJ)' की एक रिपोर्ट के मुताबिक, Nvidia का बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स हुआंग के भविष्य को लेकर बैठक कर सकता है। मामला सिर्फ उनके कथित निजी संबंधों तक सीमित नहीं है। बल्कि इसमें चीन की खुफिया एजेंसी से कथित संबंधों और अमेरिकी राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े सवाल भी शामिल हो गए हैं। इस पूरे विवाद ने टेक्नोलॉजी जगत से लेकर अमेरिकी राजनीति तक हलचल पैदा कर दी है।
CEO को हटाने पर विचार कर रहा Nvidia का बोर्ड?
एनवीडिया का बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स कंपनी के सह-संस्थापक और सीईओ जेनसेन हुआंग को हटाने की तैयारी कर रहा है। WSJ की रिपोर्ट में मामले से परिचित लोगों के हवाले से दावा किया गया है कि Nvidia का बोर्ड बुधवार को ही बैठक कर जेनसेन हुआंग के भविष्य पर चर्चा कर सकता है। वहीं, CBS News के मुताबिक, डोनाल्ड ट्रंप प्रशासन को भी बोर्ड की कथित योजना की जानकारी है। अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या तीन दशक से Nvidia की कमान संभाल रहे हुआंग अपनी कुर्सी बचा पाएंगे या निजी रिश्तों और चीन से जुड़े कथित खुफिया विवाद के बीच कंपनी को नया नेतृत्व तलाशना पड़ेगा।
हालांकि, कंपनी की ओर से हुआंग को पद से हटाने का कोई आधिकारिक फैसला सामने आने की बात इस रिपोर्ट में नहीं कही गई है। फिलहाल, यह पूरा मामला मीडिया रिपोर्ट्स में सामने आए दावों और बोर्ड की स्वतंत्र जांच के इर्द-गिर्द घूम रहा है। 63 वर्षीय जेन्सेन हुआंग पिछले तीन दशकों से अधिक समय से Nvidia का नेतृत्व कर रहे हैं। उनकी अगुवाई में कंपनी ने गेमिंग ग्राफिक्स कार्ड बनाने वाली कंपनी से दुनिया की सबसे प्रभावशाली AI चिप निर्माता कंपनियों में अपनी पहचान बनाई है।
Nvidia की महिला अधिकारी के साथ रिश्तों की चर्चा
हुआंग को लेकर विवाद तब और बढ़ गया, जब 'द न्यूयॉर्क टाइम्स' ने बुधवार को अपनी रिपोर्ट में उनके Nvidia की वाइस प्रेसिडेंट किम्बर्ली पॉवेल (Kimberly Powell) के साथ भी कथित संबंधों का दावा किया। रिपोर्ट के मुताबिक, पॉवेल कंपनी में हेल्थकेयर डिवीजन की वरिष्ठ अधिकारी हैं। वह कथित तौर पर सीधे हुआंग को रिपोर्ट करती थीं। अखबार ने कंपनी में काम कर चुके पांच लोगों के हवाले से इस रिश्ते की जानकारी दी।
रिपोर्ट में यह भी दावा किया गया कि मार्च में सैन जोस में आयोजित Nvidia के सालाना GTC डेवलपर कॉन्फ्रेंस के दौरान एक होटल में हुआंग और पॉवेल को एक-दूसरे के साथ करीबी व्यवहार करते देखा गया था। बताया गया है कि वहां मौजूद एक व्यक्ति ने अपने मोबाइल फोन से इस बातचीत और मुलाकात को रिकॉर्ड कर लिया था। इसके बाद हुआंग की सुरक्षा टीम ने कथित तौर पर उस व्यक्ति को रोका और उससे नॉन-डिस्क्लोजर एग्रीमेंट (NDA) पर साइन करवाए। जब न्यूयॉर्क टाइम्स ने हुआंग से पॉवेल के साथ उनके रिश्तों को लेकर सवाल किया, तो उन्होंने कथित तौर पर कहा, "मुझे नहीं लगता कि आपको सीधे मुझसे बात करनी चाहिए।" इसके बाद उन्होंने फोन काट दिया।
हुआंग ने खुद स्वीकार की बेवफाई, कर्मचारियों से मांगी माफी
यह पूरा विवाद तब और गंभीर हो गया, जब जेनसेन हुआंग ने कथित चीनी जासूस एलिस हुआंग (Alice Huang) के साथ अपने अफेयर को स्वीकार किया। एलिस हुआंग सिंगापुर की डेटा सेंटर कंपनी Megaspeed में वरिष्ठ अधिकारी बताई गई हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, दोनों के बीच कोई पारिवारिक संबंध नहीं है। हुआंग ने पिछले वीकेंड Nvidia के कर्मचारियों को भेजे गए संदेश में अपनी गलती स्वीकार करते हुए पत्नी के प्रति बेवफाई की बात कही। उन्होंने लिखा, "मैं अपनी पत्नी के प्रति बेवफा था।" उनका यह बयान सामने आने के बाद मामला और सुर्खियों में आ गया। हालांकि, विवाद की गंभीरता केवल निजी रिश्तों तक सीमित नहीं रही। एलिस हुआंग के कथित चीन कनेक्शन ने अमेरिकी खुफिया एजेंसियों का ध्यान भी इस ओर खींचा है।
चीन की खुफिया एजेंसी से कथित कनेक्शन ने बढ़ाई चिंता
रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिकी खुफिया एजेंसियों को संदेह है कि एलिस हुआंग का संबंध चीन के मिनिस्ट्री ऑफ स्टेट सिक्योरिटी (MSS) से हो सकता है। यह चीन की प्रमुख खुफिया एजेंसी है। दावा किया गया है कि इस साल की शुरुआत में अमेरिकी खुफिया एजेंसियों के बीच एक मेमो प्रसारित हुआ था, जिसमें बीजिंग के साथ एलिस हुआंग के कथित संबंधों और Nvidia की चिप्स चीनी कंपनियों तक पहुंचाने में उनकी संभावित भूमिका को लेकर चिंता जताई गई थी। इस खुलासे के बाद मामला अमेरिकी राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ गया। आशंका जताई गई कि कहीं जेन्सेन हुआंग को किसी विदेशी खुफिया ऑपरेशन के तहत निशाना तो नहीं बनाया गया। हालांकि, एलिस हुआंग के चीन की खुफिया एजेंसी से संबंध होने का आरोप अभी साबित नहीं हुआ है। इस संबंध में सामने आए दावों की स्वतंत्र पुष्टि भी जरूरी है।
Nvidia के बोर्ड ने शुरू कराई स्वतंत्र जांच
विवाद सामने आने के बाद Nvidia के बोर्ड ने मामले की जांच के लिए स्वतंत्र जांच प्रक्रिया शुरू करने की घोषणा की। यह जांच कंपनी के स्वतंत्र निदेशकों की निगरानी में बाहरी कानूनी विशेषज्ञों की मदद से की जा रही है। इसका मुख्य उद्देश्य यह पता लगाना है कि क्या जेन्सेन हुआंग को किसी विदेशी खुफिया एजेंसी ने निशाना बनाया था और क्या इस पूरे मामले का कंपनी की गोपनीय जानकारियों या राष्ट्रीय सुरक्षा पर कोई असर पड़ा है। 8 नवंबर को जारी बयान में बोर्ड ने कहा था कि उसके पास फिलहाल ऐसा मानने का कोई कारण नहीं है कि कंपनी की राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ी जानकारी या गोपनीय डेटा से समझौता हुआ है। बोर्ड ने यह भी स्पष्ट किया कि स्वतंत्र जांच में उपलब्ध सभी जानकारियों की पड़ताल की जाएगी। साथ ही, उसने हुआंग और उनकी नेतृत्व टीम पर भरोसा जताया था। दूसरी तरफ, हुआंग ने भी जांच का समर्थन किया है। उन्होंने इसमें पूरा सहयोग करने की प्रतिबद्धता जताई है।
Nvidia के शेयरों में करीब 8% की गिरावट
इस पूरे विवाद का असर Nvidia के शेयर बाजार पर भी दिखाई देने लगा है। WSJ की रिपोर्ट सामने आने के बाद बुधवार को आफ्टर-आवर्स ट्रेडिंग में कंपनी के शेयर करीब 8 फीसदी तक गिर गए। निवेशकों के बीच इस बात को लेकर चिंता बढ़ गई है कि यदि हुआंग को CEO पद छोड़ना पड़ता है, तो कंपनी के भविष्य और उसकी नेतृत्व व्यवस्था पर क्या असर पड़ेगा। Nvidia का कारोबार आज वैश्विक AI इंडस्ट्री की बुनियाद बन चुका है। ऐसे में कंपनी के शीर्ष नेतृत्व को लेकर किसी भी तरह की अनिश्चितता का असर निवेशकों के भरोसे और बाजार मूल्यांकन पर पड़ सकता है।
अमेरिकी संसद भी कर सकती है पूछताछ
इस मामले ने अमेरिकी संसद तक भी दस्तक दे दी है। रिपोर्ट के मुताबिक, हुआंग को एलिस के साथ कथित संबंधों और उनसे जुड़े खुफिया चिंताओं पर बंद कमरे में जानकारी देने के लिए कहा गया है। यदि वह इस अनुरोध का जवाब नहीं देते हैं, तो उन्हें अमेरिकी कांग्रेस की ओर से समन (Subpoena) जारी किए जाने की संभावना भी जताई गई है। यानी अब यह विवाद केवल कंपनी के आंतरिक प्रबंधन तक सीमित नहीं रह गया है। इसमें अमेरिकी राष्ट्रीय सुरक्षा, विदेशी खुफिया गतिविधियों और चीन को चिप निर्यात जैसे अहम मुद्दे भी जुड़ गए हैं।
1993 में रखी थी Nvidia की नींव, AI की दुनिया में बनाया दबदबा
जेनसन हुआंग ने साल 1993 में कर्टिस प्रीम (Curtis Priem) और क्रिस मालाचोस्की (Chris Malachowsky) के साथ मिलकर Nvidia की स्थापना की थी। शुरुआत में कंपनी का मुख्य फोकस कंप्यूटर गेमिंग के लिए ग्राफिक्स प्रोसेसिंग यूनिट (GPU) बनाने पर था। लेकिन हुआंग के नेतृत्व में Nvidia ने धीरे-धीरे अपना कारोबार बढ़ाया और आज कंपनी दुनिया भर में AI चिप्स की सबसे प्रमुख आपूर्तिकर्ताओं में शामिल है। Nvidia के प्रोसेसर का इस्तेमाल आधुनिक आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस सिस्टम को विकसित करने और चलाने में किया जाता है। दुनिया की बड़ी टेक कंपनियां AI मॉडल की ट्रेनिंग और संचालन के लिए Nvidia के चिप्स पर निर्भर हैं।