Jensen Huang: 'मैंने अपनी पत्नी को धोखा दिया'; Nvidia CEO जेनसेन हुआंग ने चीनी जासूस संग अफेयर की बात स्वीकारा; कंपनी ने शुरू की जांच
Jensen Huang: दिग्गज टेक्नोलॉजी कंपनी Nvidia ने घोषणा की है कि वह अपने मुख्य कार्यकारी (CEO) और संस्थापक जेनसेन हुआंग के खिलाफ एक स्वतंत्र जांच शुरू कर रही है। यह कदम इस चिंता के बाद उठाया गया है कि वे विदेशी खुफिया एजेंसियों के निशाने पर हो सकते हैं। बताया जा रहा है कि हुआंग ने एक चीनी जासूस संग अफेयर की बात स्वीकार कर ली है
Nvidia के CEO और को-फाउंडर जेनसेन हुआंग एक चीनी जासूस को लेकर इन दिनों बड़े विवाद में घिर गए हैं
Jensen Huang: अमेरिका स्थित दुनिया की दिग्गज टेक्नोलॉजी कंपनी Nvidia के CEO और को-फाउंडर जेनसेन हुआंग इन दिनों बड़े विवाद में घिर गए हैं। चीन के लिए जासूसी करने की संदिग्ध एक महिला के साथ उनके कथित प्रेम संबंधों को लेकर अमेरिका में हलचल मची हुई है। हुआंग ने अपनी पत्नी के प्रति बेवफाई की बात स्वीकार करते हुए कंपनी के कर्मचारियों से माफी मांगी है। वहीं, मामले की गंभीरता को देखते हुए Nvidia के बोर्ड ने मामले की स्वतंत्र जांच शुरू करने का ऐलान किया है। 'CNN' के मुताबिक, Nvidia ने घोषणा की है कि वह अपने चीफ एग्जीक्यूटिव ऑफिसररी (CEO) और संस्थापक जेन्सेन हुआंग के खिलाफ एक स्वतंत्र जांच शुरू कर रही है। यह कदम इस चिंता के बाद उठाया गया है कि वे विदेशी खुफिया एजेंसियों के निशाने पर हो सकते हैं।
कंपनी की वेबसाइट पर जारी एक बयान में यह जानकारी दी गई है। इससे पहले अमेरिकी अधिकारियों ने जेन्सेन हुआंग और सिंगापुर की कंपनी मेगास्पीड (Megaspeed) की एक एग्जीक्यूटिव ऐलिस हुआंग के बीच संबंधों को लेकर चिंता जताई थी। 'फाइनेंशियल टाइम्स (FT)' की एक रिपोर्ट के अनुसार, अमेरिकी खुफिया एजेंसियों ने अमेरिकी अधिकारियों को जानकारी दी थी कि इन दोनों के बीच प्रेम संबंध थे। Nvidia, AI (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) के दौर में दुनिया की दिग्गज चिप निर्माता कंपनी है। इसका मार्केट कैपिटलाइजेशन लगभग 4.5 ट्रिलियन डॉलर है।
पत्नी से बेवफाई की बात स्वीकार की
जेनसेन हुआंग ने कर्मचारियों को भेजे एक नोट में स्वीकार किया कि उनका पत्नी के अलावा एक महिला के साथ संबंध था। हालांकि उन्होंने उस महिला का नाम नहीं बताया। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, जेनसेन हुआंग ने Nvidia के कर्मचारियों को भेजे गए एक आंतरिक संदेश में अपने निजी रिश्ते को लेकर माफी मांगी है। उन्होंने स्वीकार किया कि उन्होंने अपनी पत्नी के साथ बेवफाई की और उनके इस कदम से परिवार को चोट पहुंची है। 63 वर्षीय हुआंग ने एनवीडिया के कर्मचारियों को लिखे एक नोट में कहा कि वह 'बेवफा' रहे हैं। उन्होंने अपनी पत्नी तथा बच्चों को दुख पहुंचाया है। उन्होंने अपने किए की पूरी जिम्मेदारी लेते हुए कहा कि वह कंपनी के कर्मचारियों, बोर्ड, साझेदारों और शेयरधारकों का भरोसा दोबारा जीतने की कोशिश करेंगे।
कौन हैं एलिस हुआंग, जिनसे जुड़ा है विवाद?
इस पूरे मामले में एलिस हुआंग नाम की एक चीनी कारोबारी महिला का नाम सामने आया है। अमेरिकी मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, वह सिंगापुर स्थित टेक्नोलॉजी कंपनी Megaspeed की पूर्व एग्जीक्यूटिव ऑफिसर रही हैं। अमेरिकी खुफिया एजेंसियों को कथित तौर पर शक है कि एलिस हुआंग चीन की खुफिया एजेंसी मिनिस्ट्री ऑफ स्टेट सिक्योरिटी (MSS) के लिए काम कर रही थीं। 'द न्यूयॉर्क टाइम्स' की रिपोर्ट के मुताबिक, उन्हें बीजिंग के लिए जानकारी जुटाने के उद्देश्य से भर्ती किया गया था। आरोप है कि एलिस हुआंग के जरिए Nvidia की टेक्नोलॉजी और एडवांस AI चिप्स से जुड़ी जानकारियां हासिल करने की कोशिश की गई। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र जांच अभी जारी है।
Nvidia के बोर्ड ने क्यों शुरू की जांच?
विवाद बढ़ने के बाद Nvidia के निदेशक मंडल ने मामले की स्वतंत्र जांच कराने का फैसला किया है। कंपनी के मुताबिक, स्वतंत्र निदेशकों की एक समिति बाहरी कानूनी एक्सपर्ट की मदद से जांच की निगरानी करेगी। बोर्ड ने अपने बयान में कहा कि अमेरिका की राष्ट्रीय और आर्थिक सुरक्षा कंपनी तथा उसके शेयरधारकों के हितों से भी ज्यादा महत्वपूर्ण है।
बोर्ड ने यह भी स्पष्ट किया कि फिलहाल उसके पास ऐसा मानने की कोई वजह नहीं है कि अमेरिका की राष्ट्रीय सुरक्षा या Nvidia के कारोबारी रहस्य से जुड़ी जानकारियां खतरे में पड़ी हैं। हालांकि, जांच में उपलब्ध सभी जानकारियों की पड़ताल की जाएगी। कंपनी के अनुसार, जेनसेन हुआंग ने जांच का पूरा समर्थन किया है और इसमें सहयोग करने का भरोसा दिया है। बोर्ड ने उनके नेतृत्व और मैनेजमेंट टीम पर भी विश्वास जताया है।
अमेरिकी सांसदों ने भी मांगा जवाब
इस मामले ने अमेरिकी राजनीति और राष्ट्रीय सुरक्षा के गलियारों में भी चर्चा तेज कर दी है। अमेरिकी प्रतिनिधि सभा की तीन रिपब्लिकन समितियों के अध्यक्षों ने जेनसेन हुआंग से उनके और एलिस हुआंग के कथित संबंधों को लेकर जवाब मांगा है। 'Axios' की रिपोर्ट के मुताबिक, सांसदों ने हुआंग से बंद कमरे में बैठक कर इस मामले पर जानकारी देने का अनुरोध किया है। वे यह भी जानना चाहते हैं कि Nvidia विदेशी खुफिया गतिविधियों से अपनी संवेदनशील टेक्नोलॉजी और कारोबारी जानकारियों को सुरक्षित रखने के लिए क्या कदम उठा रही है।
चीन को चिप बेचने की पैरवी भी चर्चा में
इस विवाद के बीच जेनसेन हुआंग की अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप प्रशासन के सामने एडवांस सेमीकंडक्टर और AI चिप्स की चीन को बिक्री पर लगी पाबंदियों में ढील देने की कोशिशें भी चर्चा में आ गई हैं। अमेरिका ने राष्ट्रीय सुरक्षा के मद्देनजर चीन को अत्याधुनिक चिप्स के एक्सपोर्ट पर कई प्रतिबंध लगाए हैं। ऐसे में Nvidia के CEO और चीन से जुड़ी कारोबारी महिला के कथित संबंधों को लेकर अमेरिकी अधिकारियों की चिंता बढ़ गई है।
Nvidia ने आरोपों को बताया बेबुनियाद
Nvidia ने कंपनी और उसके CEO के खिलाफ लगाए गए आरोपों को बेबुनियाद बताया है। कंपनी का कहना है कि जेनसेन हुआंग का ग्राहकों और कारोबारी अधिकारियों से मिलना CEO की सामान्य जिम्मेदारी का हिस्सा है। कंपनी ने यह भी कहा है कि फिलहाल राष्ट्रीय सुरक्षा या उसके व्यापारिक रहस्यों से समझौता होने का कोई संकेत नहीं है। जेनसेन हुआंग CEO के पद पर बने रहेंगे और जांच में सहयोग करेंगे। फिलहाल इस पूरे मामले में जांच के नतीजों का इंतजार है। लेकिन इस खबर ने अमेरिका समेत पूरी दुनिया में हलचल मचा दी है।