Delhi On High Alert: हाई अलर्ट पर दिल्ली! BJP हेडक्वॉर्टर समेत सरकारी दफ्तरों पर आतंकी हमले की आशंका, सुरक्षा कड़ी

Delhi On High Alert: इंटेलिजेंस एजेंसियों को आतंकी हमले की खुफिया इनपुट मिलने के बाद राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है। इन इनपुट में BJP हेडक्वॉर्टर समेत सरकारी दफ्तरों पर संभावित आतंकी खतरे का संकेत दिया गया है। सूत्रों ने बताया कि इसके चलते दिल्ली पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियों ने कई संवेदनशील जगहों पर अपनी निगरानी बढ़ा दी है

अपडेटेड May 10, 2026 पर 8:06 AM
Delhi On High Alert: भारतीय जनता पार्टी (BJP) के मुख्यालय पर आतंकी हमला हो सकता है

Delhi On High Alert: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में आतंकी खतरे के इनपुट मिलने के बाद हाई अलर्ट जारी किया गया है। मामले की जानकारी रखने वाले इंटेलिजेंस एजेंसियों के अधिकारियों ने बताया कि स्पेशल सेल को लुटियंस दिल्ली में सरकारी इमारतों और राजनीतिक पार्टियों के दफ्तरों पर आतंकी हमले की खुफिया जानकारी मिलने के बाद दिल्ली पुलिस ने राजधानी को हाई अलर्ट पर रखा है। अधिकारियों ने बताया कि मिली खास जानकारियों से संकेत मिला है कि भारतीय जनता पार्टी (BJP) के मुख्यालय पर हमला हो सकता है।

दीनदयाल उपाध्याय मार्ग पर स्थित दिल्ली BJP प्रदेश मुख्यालय सहित अन्य कार्यालयों पर आतंकी हमला कर सकते हैं। यह जानकारी इंटेलिजेंस एजेंसियों के सूत्रों के हवाले से दी गई है। हमले का अलर्ट मिलते BJP कार्यालय पर सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। इसके साथ ही सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गई हैं। एक सूत्र ने बताया कि दीन दयाल उपाध्याय (DDU) मार्ग पर स्थित भारतीय जनता पार्टी (BJP) के मुख्यालय और आस-पास के सरकारी संस्थानों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है।

अधिकारियों ने बताया कि अतिरिक्त हथियारबंद जवानों की तैनाती की गई है। बैरिकेडिंग की गई है और वाहनों की सघन जांच की जा रही है। न्यूज एजेंसी आईएएनएस के मुताबिक, खुफिया एजेंसियों से सूचना मिली है कि आतंकी अपने मंसूबों को कामयाब करने के लिए सुसाइड बॉम्ब, कार बम, शूटआउट और आईईडी को प्लांट कर सकते हैं।


इस खतरे को देखते हुए सुरक्षा बढ़ा दी गई है, ताकि किसी भी खतरे से निपटा जा सके। हालांकि अभी तक इस मामले में दिल्ली पुलिस का कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने तलाशी अभियान शुरू कर दिया है। संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है।

कानून-व्यवस्था के लिहाज से संवेदनशील माने जाने वाले इलाकों और बस्तियों में भी सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। सूत्र ने बताया कि सभी जिला यूनिट्स को सतर्क रहने और खुफिया एजेंसियों तथा केंद्रीय अर्धसैनिक बलों के साथ करीबी तालमेल बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं। सूत्र के अनुसार, वरिष्ठ अधिकारी लगातार स्थिति पर नजर रख रहे हैं। अधिकारी पूरे शहर में सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा कर रहे हैं।

13 अप्रैल को मिली थी धमकी

13 अप्रैल को ईमेल के माध्यम से दिल्ली विधानसभा को बम से उड़ाने की धमकी मिली थी। ईमेल में दावा किया गया था कि तीन घंटे के भीतर विधानसभा परिसर में साइनाइड गैस से भरे 15 आरडीएक्स बम धमाके किए जाएंगे। इस धमकी के बाद सुरक्षा एजेंसियां तुरंत अलर्ट हो गईं थीं। ईमेल में बेहद आपत्तिजनक और भड़काऊ बातें भी लिखी गई थीं।

इसके पहले 25 मार्च को भी विधानसभा को बम से उड़ाने की धमकी मिली थी। उस समय विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने सदन में जानकारी दी थी कि स्पीकर कार्यालय को एक ईमेल मिला था। धमकी को बेहद गंभीरता से लेते हुए तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। दिल्ली पुलिस का बम स्क्वॉड मौके पर पहुंचा और पूरे विधानसभा परिसर की गहन जांच की गई थी। लेकिन कुछ नहीं मिला था।

हाल ही में 5 मई को पंजाब के जालंधर और अमृतसर में बम धमाका हुआ था। पुलिस महानिदेशक (DGP) गौरव यादव का कहना है कि ऐसा लगता है कि पाकिस्तान की खूफिया एजेंसी ISI 'ऑपरेशन सिंदूर' की पहली वर्षगांठ से पहले राज्य में हालात बिगाड़ने की कोशिश कर रही है।

ये भी पढ़ें- Vijay Thalapathy News: तमिलनाडु में आज से 'विजय' राज की शुरुआत! 10 बजे लेंगे सीएम पद की शपथ, कब तक टिक पाएगी TVK सरकार?

डीजीपी यादव के मुताबिक, अमृतसर में रात करीब 10:50 बजे खासा आर्मी कैंप की चारदीवारी के पास कम तीव्रता वाले धमाके की सूचना मिली। यह घटना जालंधर में बीएसएफ मुख्यालय के पास हुए एक धमाके के ठीक दो घंटे बाद हुई।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।