Delhi Parking Firing Incident: राष्ट्रीय राजधानी से पार्किंग को लेकर हुए एक मामूली विवाद के चलते गोलीबारी की एक जानलेवा घटना सामने आई है। पुलिस ने सोमवार को बताया कि पूर्वी दिल्ली के प्रीत विहार इलाके में गाड़ी खड़ी करने पर विवाद को लेकर रविवार (19 अप्रैल) देर रात 34 वर्षीय व्यक्ति की कथित तौर पर गोली मारकर हत्या कर दी गई। अधिकारी ने बताया कि यह घटना एक घर के बाहर हुई, जहां वाहनों को खड़ा करने को लेकर दो समूहों के बीच झगड़ा हो गया था।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि प्रीत विहार थाने में PCR को रविवार देर रात दो बजकर 22 मिनट और दो बजकर 26 मिनट पर झगड़े एवं गोलीबारी के संबंध में दो बार सूचना दी गई। उन्होंने बताया कि पंकज नैयर (34) और उनके भाई पारस (43) का गौरव शर्मा नाम के व्यक्ति से झगड़ा हुआ था।
अधिकारी ने कहा कि बहस काफी आगे बढ़ गई। इस दौरान गौरव ने कथित तौर पर गोली चला दी जो नैयर के सीने में लगी। उन्होंने बताया कि नैयर को निर्माण विहार के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
अधिकारी ने बताया कि घटना के बाद आरोपी गौरव शर्मा अपने साथियों के साथ मौके से फरार हो गया। उन्होंने कहा कि उनका पता लगाने के लिए पुलिस दलों का गठन किया गया है ।रिपोर्ट्स के अनुसार, पंकज का भाई प्रीत विहार स्थित एक मकान में रहता है। गौरव शर्मा भी उसी इमारत की एक मंजिल पर रहता है।
गौरव और पंकज के भाई के बीच पार्किंग को लेकर विवाद छिड़ गया। इसके बाद भाई ने नोएडा से पंकज को प्रीत विहार बुला लिया। यह कहा-सुनी इतनी बढ़ गई कि गौरव ने कथित तौर पर पंकज को गोली मार दी, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस फिलहाल आरोपी की तलाश कर रही है।
अधिकारियों ने बताया कि पंकज नायर को सीने में गोली लगी। उन्हें मलिक रेडिक्स हेल्थ केयर हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद आरोपी और उसके साथी मौके से फरार हो गए।
प्रीत विहार पुलिस स्टेशन में BNS की धारा 103(1)/115(2)/3(5) और Arms Act की धारा 25/27 के तहत आरोपियों के खिलाफ FIR दर्ज कर ली गई है। एक अधिकारी ने बताया कि आरोपी का पता लगाने और उसे जल्द से जल्द गिरफ्तार करने के सभी प्रयास जारी हैं।