Udhampur Bus Accident: जम्मू-कश्मीर के उधमपुर जिले में सोमवार (20 अप्रैल) सुबह एक बस के गहरी खाई में गिरने से कम से कम 15 लोगों की मौत हो गई। जबकि कई अन्य घायल हो गए। अधिकारियों ने बताया कि सुबह करीब 10 बजे राम नगर क्षेत्र में पहाड़ी सड़क पर एक खतरनाक मोड़ पर बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई। उन्होंने बताया कि बचाव अभियान जारी है। कई लोगों को घटनास्थल से अस्पताल ले जाया गया है। उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
अधिकारियों ने बताया कि दुर्घटना उस समय हुई जब बस दूर-दराज के एक गांव से उधमपुर जा रही थी। दुर्घटना के तुरंत बाद बचाव कार्य शुरू कर दिया गया है। इमरजेंसी टीमें घटनास्थल पर पहुंच गई हैं।
एक अधिकारी ने बताया कि बड़े स्तर पर बचाव अभियान जारी है। इसमें सेना, पुलिस और स्थानीय निवासियों की टीमें घायलों को निकालने के प्रयासों में जुटी हुई हैं। कई यात्रियों को पास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। इनमें से कई की हालत गंभीर बताई जा रही है। केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने कहा कि उन्होंने जिला अधिकारियों से बात की है। उन्हें भरोसा दिलाया है कि हर संभव मदद दी जा रही है। गंभीर रूप से घायल लोगों को एयरलिफ़्ट करने की व्यवस्था की गई है।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट में केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने कहा, "अभी-अभी मैंने DC उधमपुर, श्री मिंगा शेरपा से बात की। मुझे एक घंटे से भी कम समय पहले, कनोट गांव में हुई एक दुखद सड़क दुर्घटना के बारे में पता चला था। इस दुर्घटना में रामनगर से उधमपुर जा रही एक पब्लिक ट्रांसपोर्ट बस शामिल थी।"
सिंह ने आगे कहा, "बचाव अभियान तुरंत शुरू कर दिया गया है। भारी जान-माल के नुकसान की आशंका है। हर संभव सहायता प्रदान की जा रही है। घायलों को मेडिकल सहायता के लिए अस्पताल ले जाया जाएगा। गंभीर रूप से घायलों को एयरलिफ्ट करने की व्यवस्था की जा रही है।"
PTI के अनुसार, अधिकारियों ने बताया कि यह दुर्घटना सुबह लगभग 10 बजे रामनगर इलाके के कगोर्ट गांव के पास एक पहाड़ी सड़क पर एक तीखे मोड़ (blind curve) से गुज़रते समय हुई। उन्होंने बताया कि एक बड़ा बचाव अभियान जारी है। घटनास्थल से कई लोगों को अस्पताल पहुंचाया गया है। उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।