दिल्ली-एनसीआर में ठंड ने धीरे-धीरे अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। सोमवार को राजधानी में इस महीने का सबसे कम अधिकतम तापमान दर्ज किया गया। दिल्ली में सोमवार को इस महीने का अब तक का सबसे ठंडा दिन रहा। सुबह के समय ठंड का असर बढ़ने लगा है, लेकिन प्रदूषण से अभी पूरी तरह राहत नहीं मिली है। इस दौरान अधिकतम तापमान 27.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, राजधानी की हवा की गुणवत्ता खराब श्रेणी में बनी रही। लेकिन, अभी मौसम और हवा की स्थिति को देखते हुए आने वाले कुछ दिनों में प्रदूषण से थोड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के पूर्वानुमान के मुताबिक हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, पंजाब और उत्तर प्रदेश में कुछ जगहों पर घना कोहरा छाने की संभावना है। आइए जानते हैं कैसा होगा दिल्ली का कल का मौसम
दिल्ली आज पड़ी सबसे ज्यादा ठंड
भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, सोमवार सुबह दिल्ली में ठंड का असर ज्यादा महसूस किया गया। राजधानी में न्यूनतम तापमान गिरकर 14.8 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया, जो इस मौसम का अब तक का सबसे कम तापमान है। इससे पहले 11 नवंबर को भी इतना ही न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया था। दिल्ली के अलग-अलग इलाकों में सोमवार को अधिकतम तापमान में थोड़ा अंतर देखने को मिला। सफदरजंग में सबसे ज्यादा 27.5 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। वहीं, लोधी रोड में 27.2 डिग्री, आयानगर में 27 डिग्री, रिज में 26.4 डिग्री और पालम में 25.6 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा।
मौसम विभाग के मुताबिक, सोमवार को पालम में न्यूनतम तापमान 14.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.5 डिग्री ज्यादा था। वहीं, लोधी रोड में तापमान 14.8 डिग्री रहा, जो सामान्य से 2.8 डिग्री अधिक है। सफदरजंग में भी न्यूनतम तापमान 14.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। दिल्ली के रिज इलाके में सोमवार को न्यूनतम तापमान 15.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.1 डिग्री कम था। वहीं, आयानगर में तापमान 15.1 डिग्री रहा, जो सामान्य से 0.6 डिग्री ज्यादा है।
दूसरी ओर, केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के आंकड़ों के अनुसार, दिल्ली का औसत AQI 275 दर्ज किया गया, जबकि एक दिन पहले ये 290 था। यानी हवा की गुणवत्ता में थोड़ी सुधार हुआ है। वहीं, दिल्ली के लिए जारी वायु गुणवत्ता चेतावनी के मुताबिक, अगले दो दिनों में हवा में मौजूद PM2.5 और PM10 प्रदूषकों की मात्रा कुछ कम हो सकती है। दिल्ली की हवा में सोमवार को PM2.5 प्रदूषण की मात्रा सबसे ज्यादा रही।
CPCB के नियम के मुताबिक क्या है नियम
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के मुताबिक, AQI 0 से 50 के बीच होने पर हवा साफ, 51 से 100 के बीच संतोषजनक और 101 से 200 के बीच मध्यम मानी जाती है। वहीं, 201 से 300 के बीच खराब, 301 से 400 के बीच बहुत खराब और 401 से 500 के बीच AQI होने पर हवा की स्थिति गंभीर मानी जाती है।
दिल्ली में कैसा होगा मौसम
IMD के मुताबिक 17 नवंबर को हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली के साथ पंजाब में कुछ जगहों पर घना कोहरा छाने की संभावना है। मौसम विभाग ने इन इलाकों के लिए 17 से 20 नवंबर तक घने कोहरे की चेतावनी जारी की है। यानी उत्तर भारत के इन क्षेत्रों में अगले कुछ दिनों तक सुबह के समय कोहरे का असर बना रह सकता है। दिल्ली-NCR के लिए जारी स्थानीय पूर्वानुमान के मुताबिक 17 नवंबर को आसमान मुख्य रूप से साफ रहेगा। हालांकि सुबह के समय ज्यादातर स्थानों पर धुंध या हल्का कोहरा और कुछ अलग-अलग स्थानों पर मध्यम कोहरा छाने की संभावना है।
दिल्ली में 17 नवंबर को अधिकतम तापमान 26 से 28 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 13 से 15 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। मौसम विभाग के मुताबिक दिल्ली के अधिकतर स्थानों पर अधिकतम तापमान सामान्य के आसपास रह सकता है। न्यूनतम तापमान भी कई जगह सामान्य के करीब रहने की संभावना है जबकि कुछ अलग-अलग स्थानों पर यह सामान्य से थोड़ा अधिक रह सकता है।