गुजरात सरकार ने आम लोगों को बड़ी राहत देते हुए पीएम सूर्य घर योजना के तहत अतिरिक्त सब्सिडी देने का फैसला किया है। इससे लोगों के लिए घरों की छत पर सोलर पैनल लगवाना और सस्ता हो जाएगा। मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने इसके लिए 1,000 करोड़ रुपये की अतिरिक्त मदद का ऐलान किया है। इससे राज्य के 3 लाख से ज्यादा परिवारों को फायदा मिलने की उम्मीद है। गुजरात में अब तक 14 लाख से अधिक घरों में रूफटॉप सोलर पैनल लगाए जा चुके हैं। इनमें से 8.5 लाख घर पीएम सूर्य घर योजना के तहत शामिल हैं। इससे सौर ऊर्जा के इस्तेमाल को बढ़ावा देने में गुजरात की स्थिति और मजबूत हुई है। आइए जानते हैं इस योजना के बारे में डिटेल में
सोलर रूफटॉप लगवाने में गुजरात आगे
गुजरात सोलर रूफटॉप पैनल लगाने के मामले में पहले से ही देश के अग्रणी राज्यों में शामिल है। राज्य में अब तक 14 लाख से ज्यादा परिवार अपने घरों की छतों पर सोलर पैनल लगवा चुके हैं। इनमें से 8.5 लाख से अधिक परिवारों ने पीएम सूर्य घर योजना के तहत इसका लाभ उठाया है। अब सरकार की ओर से मिलने वाली अतिरिक्त सब्सिडी से इस योजना को और बढ़ावा मिलेगा। खासकर 2 किलोवाट के सोलर पैनल की सुविधा से मध्यम वर्ग के परिवारों को ज्यादा फायदा होगा। जिन घरों में हर महीने करीब 200 से 350 यूनिट बिजली खर्च होती है, उनके लिए यह योजना काफी फायदेमंद साबित हो सकती है।
सरकार देगी अतिरिक्त सब्सिडी
न्यूज एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, गुजरात सरकार ने पीएम सूर्य घर योजना के तहत अतिरिक्त सब्सिडी देने का फैसला किया है। मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल के नेतृत्व में उठाए गए इस कदम से राज्य के ज्यादा से ज्यादा परिवारों के लिए घरों में सोलर पैनल लगवाना आसान होगा। इस फैसले के बाद घरों में सोलर पैनल लगवाना पहले के मुकाबले काफी सस्ता हो गया है। पहले 1 किलोवाट का सोलर पैनल लगवाने के लिए लोगों को 21,600 रुपये देने पड़ते थे। लेकिन अब सामान्य वर्ग के लोगों को सिर्फ 5,400 रुपये और एससी/एसटी वर्ग के लोगों को केवल 2,700 रुपये देने होंगे। इससे परिवारों को हर महीने 2,000 से 2,500 रुपये तक की बचत हो सकती है। वहीं, 4 से 5 हजार रुपये का बिजली बिल भी शून्य तक हो सकता है।
बिजली का बिल कम करना है उद्देश्य
योजना का लाभ लेने वाले एक व्यक्ति ने बताया कि उसे गुजरात सरकार की ओर से मिलने वाली 78 हजार रुपये की सब्सिडी आसानी से मिल गई। इसके लिए कागजी प्रक्रिया भी काफी सरल थी और सब्सिडी की रकम सीधे बैंक खाते में जमा हो गई। उन्होंने सरकार की इस पहल की तारीफ करते हुए इसे अच्छा और सराहनीय कदम बताया। कम खर्च में ज्यादा बचत और स्वच्छ बिजली देने की दिशा में गुजरात सरकार की यह पहल एक बड़ा कदम है। मुख्यमंत्री के नेतृत्व में शुरू की गई इस योजना का मकसद ज्यादा से ज्यादा घरों को सौर ऊर्जा से जोड़ना, बिजली का बिल कम करना और लोगों को बिजली के मामले में आत्मनिर्भर बनाना है।