Delhi Weather Update: दिल्ली में 14 साल में मई में सबसे गर्म रात दर्ज! अब IMD ने भारी बारिश की दी चेतावनी, तापमान में 3 डिग्री की हो सकती है गिरावट
Delhi Weather Update: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में लगभग 14 वर्षों में मई माह की सबसे गर्म रात दर्ज की गई। सफदरजंग में अधिकतम तापमान 43.5 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 3.3 डिग्री अधिक है। जबकि न्यूनतम तापमान 32.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 5.7 डिग्री अधिक है
Delhi Weather Update: भीषण गर्मी के बीच IMD ने दिल्ली में भारी बारिश की चेतावनी दी है
Delhi Weather Update: दिल्ली में सोमवार (25 मई) को भीषण गर्मी रही। अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच गया। राष्ट्रीय राजधानी में लगभग 14 वर्षों में मई माह की सबसे गर्म रात दर्ज की गई। सफदरजंग में अधिकतम तापमान 43.5 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 3.3 डिग्री अधिक है। जबकि न्यूनतम तापमान 32.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 5.7 डिग्री अधिक है। मौसम विभाग ने बताया कि मई माह में दर्ज किया गया यह अब तक का सबसे अधिक न्यूनतम तापमान या सबसे गर्म रात का रिकॉर्ड है, जो 26 मई, 2012 के बाद दर्ज किया गया है, तब तापमान 32.5 डिग्री सेल्सियस था।
IMD के आंकड़ों के अनुसार, राष्ट्रीय राजधानी में इस महीने की शुरुआत में भी ऐसी ही स्थिति देखी गई थी। जबकि 21 मई को न्यूनतम तापमान 31.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। मौसम वैज्ञानिकों ने कहा, "दिल्ली के कुछ हिस्सों में देर शाम के दौरान हल्की बारिश, 70 किमी प्रति घंटे तक की तेज हवाएं और धूल भरी आंधी आने के आसार हैं।"
कहां कितना था तापमान?
मौसम विभाग के अनुसार, पालम में अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.3 डिग्री अधिक है। जबकि लोदी रोड में अधिकतम तापमान 43.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से 4.2 डिग्री अधिक है। वहीं, रिज में यह 44.3 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 2.1 डिग्री अधिक है। इसके अलावा आयानगर में यह 44 डिग्री सेल्सियस बना रहा, जो सामान्य से 1.7 डिग्री सेल्सियस अधिक है।
पालम में न्यूनतम तापमान 30.5 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 3.4 डिग्री अधिक है। वहीं, लोधी रोड में 30 डिग्री सेल्सियस, जो सामान्य से पांच डिग्री सेल्सियस अधिक है। रिज में 30.6 डिग्री सेल्सियस, जो सामान्य से 4.4 डिग्री अधिक है। आयानगर में न्यूनतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस, जो सामान्य से 5.3 डिग्री सेल्सियस अधिक है। आईएमडी के एक अधिकारी ने कहा, "सफदरजंग, लोदी रोड और आयानगर में रात काफी गर्म रही।"
कैसे तय किया जाता है गर्म रात?
IMD के अनुसार, गर्म रात तब घोषित की जाती है जब अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस या उससे अधिक रहता है और न्यूनतम तापमान में सामान्य से 4.5 डिग्री सेल्सियस से लेकर 6.4 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि होती है। आईएमडी ने मंगलवार को लू चलने की आशंका जताते हुए 'येलो अलर्ट’ जारी किया है, जिसके कारण अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।
स्काईमेट वेदर के उपाध्यक्ष महेश पलावत ने कहा, "मौसम संबंधी गड़बड़ी आज से इस क्षेत्र से दूर चली जाएगी और कल से मौसम साफ होने की उम्मीद है। इसके परिणामस्वरूप, अधिकतम तापमान में वृद्धि होने की संभावना है, जबकि न्यूनतम तापमान में गिरावट आ सकती है।"
28 मई तक का वेदर अपडेट
महेश पलावत ने कहा, "आज 26 मई से 28 मई तक दिन का तापमान काफी अधिक रहने की संभावना है। इसके बाद, मध्य पाकिस्तान और उससे सटे पंजाब और हरियाणा के ऊपर एक और पश्चिमी विक्षोभ के कारण मानसून से पहले की बारिश फिर से शुरू हो सकती है।"
उन्होंने कहा, "हवा में काफी नमी और धुंध है, जिसके कारण प्रदूषक फंस गए होंगे। यह भी प्रदूषण स्तर उच्च रहने का एक कारण हो सकता है। कल से इन स्थितियों में सुधार होने की उम्मीद है, जिससे दिन के समय न्यूनतम तापमान कम और अधिकतम तापमान अधिक होगा।" IMD ने बताया कि मंगलवार और बुधवार को दिल्ली में 'गर्म रात' जैसी स्थिति बनी रहने की आशंका है। न्यूनतम तापमान 40 से 42 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की उम्मीद है।
प्रचंड गर्मी से परेशान दिल्लीवालों के लिए एक अच्छी खबर है। राजधानी को जल्द ही भीषण गर्मी से राहत मिलने की संभावना है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने एक बार फिर दिल्ली के लिए बारिश और आंधी-तूफान का अलर्ट जारी किया है। IMD ने दिल्ली-NCR में 29 मई को भारी बारिश का अनुमान लगाया है। इसके साथ ही, 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से हवाएं चलने की भी प्रबल संभावना है। बिजली गिरने और आंधी-तूफान के लिए भी अलर्ट जारी किए गए हैं।
IMD फोरकास्ट के मुताबिक, भारी बारिश के कारण तापमान में दिल्ली में दो से तीन डिग्री सेल्सियस की गिरावट आ सकती है। हालांकि, 26 और 27 मई को भीषण गर्मी पड़ने की आशंका है। दोपहर के समय खतरनाक लू चलने की आशंका है। इससे पहले सोमवार को रात के समय भी तेज गर्मी और लू जैसे हालात बने रहे।