दिल्ली महिला कमांडो मर्डर: 'तेरी बहन को खत्म कर रहा', पति ने भाई को कॉल पर सुनाया दर्दनाक पल

Delhi SWAT Commando Murder: बता दें कि काजल का भाई निखिल, पार्लियामेंट स्ट्रीट पुलिस स्टेशन में कांस्टेबल के पद पर तैनात है। उन्होंने बताया कि, जिस वक्त उसकी बहन पर हमला हो रहा था, वह उससे फोन पर बात कर रहा था। 27 साल की काजल चार महीने की गर्भवती थी

अपडेटेड Jan 30, 2026 पर 3:58 PM
Story continues below Advertisement
दिल्ली में SWAT कमांडों के पति ने की हत्या, अब इस केस में हुआ बड़ा खुलासा

राजधानी दिल्ली में एक बेहद ही हैरान कर देने वाली मामला सामने आया है। दिल्ली पुलिस की स्पेशल वेपन्स एंड टैक्टिक्स (SWAT) टीम में तैनात कमांडो काजल चौधरी की हत्या के मामले में दर्दनाक खुलासा हुआ है। काजल की हत्या के आरोप में  उसके पति ने को ही गिरफ्तार किया गया है। आरोप है कि, पति ने काडल को डंबल से पीट-पीटकर मार डाला। इस दौरान काजल के भाई को फोन पर उसकी चीखें सुननी पड़ीं, जब वह मदद के लिए चिल्ला रही थी।

कमांडो के भाई ने किया ये बड़ा खुलासा

बता दें कि काजल का भाई निखिल, पार्लियामेंट स्ट्रीट पुलिस स्टेशन में कांस्टेबल के पद पर तैनात है। उन्होंने बताया कि, जिस वक्त उसकी बहन पर हमला हो रहा था, वह उससे फोन पर बात कर रहा था। 27 साल की काजल चार महीने की गर्भवती थी। 22 जनवरी की रात उसकी अपने पति अंकुर से तेज बहस हो गई थी। बहस बढ़ने पर काजल ने अपने भाई निखिल को फोन किया। कुछ ही मिनट बाद निखिल के पास उसके जीजा का फोन आया। आरोप है कि उसने निखिल से कॉल रिकॉर्ड करने को कहा और बताया कि वह काजल को मार रहा है।


पति को किया गया गिरफ्तार

बता दें कि, आरोपी अंकुर रक्षा मंत्रालय में क्लर्क के पद पर काम करता है और दिल्ली कैंट में तैनात है। आरोपी को 27 जनवरी को गिरफ्तार कर लिया गया। यह गिरफ्तारी काजल की मौत के कुछ घंटों बाद की गई। काजल के परिवार का कहना है कि उसके सिर पर गंभीर चोटें थीं और उसके शरीर पर कई जगह गहरे घाव थे। काजल के भाई निखिल ने बताया कि उन्होंने उसे बचाने के लिए कई अस्पतालों में भर्ती कराने की कोशिश की, लेकिन हर जगह यही कहा गया कि उसके बचने की उम्मीद बहुत कम है। आखिर में काजल को गाजियाबाद के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहाँ इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

दहेज को लेकर उत्पीड़न

आरोप है कि काजल को उसकी सास और दो ननदों ने दहेज को लेकर परेशान किया था। काजल और उसके पति की शादी साल 2023 में हुई थी। परिवार का कहना है कि शादी के बाद से ही पैसों और घर की जिम्मेदारियों को लेकर दोनों के बीच अक्सर झगड़े होते रहते थे। काजल के भाई निखिल ने आरोप लगाया कि करीब पाँच महीने पहले उसके पति ने काजल को थप्पड़ भी मारा था। निखिल ने बताया कि वह उस समय काजल के घर गया था और उससे अपने साथ चलने को कहा था। तब अंकुर ने माफी मांगी और अपने होने वाले बच्चे की कसम खाकर कहा कि वह आगे ऐसा नहीं करेगा।

निखिल ने अपनी बहन से कहा था कि अगर वह चाहे तो कभी भी मायके लौट सकती है और उसे वहां रहने की मजबूरी नहीं है। यह बात उसने PTI को बताई। वहीं, काजल के पिता राकेश ने भी लगातार दहेज की मांगों का आरोप लगाया। उन्होंने बताया कि शादी में उन्होंने बुलेट बाइक, सोने के गहने और नकद पैसे दिए थे। इसके बावजूद ससुराल वालों ने कहा कि अगर उनके बेटे की शादी कहीं और होती तो उसे कार मिलती। बाद में काजल ने खुद कार का इंतज़ाम भी कर दिया, लेकिन फिर भी उसे परेशान किया जाता रहा। उन्होंने यह भी कहा कि हालात ऐसे हो गए थे कि वे अपनी बेटी से खुलकर बात तक नहीं कर पाते थे।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।