Diwali Gifts: बॉस हो तो ऐसा! सिंगापुर दूतावास ने भारतीय कर्मचारियों को दिवाली गिफ्ट में दी EV बाइक, TV और गोल्ड
Diwali Gifts: नई दिल्ली स्थित सिंगापुर के उच्चायोग में दिवाली का उत्सव खास अंदाज में मनाया गया। त्योहार की शुरुआत पूजा और शुभकामनाओं के साथ हुई। उच्चायोग ने अपने भारतीय कर्मचारियों के लिए एक विशेष पहल भी की। धनतेरस के अवसर पर कर्मचारियों को कैश पुरस्कार, इलेक्ट्रिक बाइक और टेलीविजन जैसे गिफ्ट दिए गए। इस पहल ने दीपावली त्योहार के माहौल को और खुशनुमा बना दिया
Diwali Gifts: नई दिल्ली स्थित सिंगापुर दूतावास ने दीपावली पर अनोखा गिफ्ट देकर दिल जीत लिया है
Diwali Gifts: धनतेरस और दिवाली के शुभ अवसर पर नई दिल्ली स्थित सिंगापुर दूतावास ने अपने ऑफिस में काम करने वाले भारतीय कर्मचारियों के लिए खुशियों से भरा एक विशेष आयोजन किया। इस मौके पर कर्मचारियों को उनकी मेहनत और योगदान के सम्मान में आकर्षक पुरस्कार और शानदार गिफ्ट दिए गए। कंपनी की ओर से आयोजित इस खास दिवाली कार्यक्रम में कर्मचारियों को कैश पुरस्कार, इलेक्ट्रिक बाइक (EV), 55 इंच के टीवी, घड़ियां और सोने के उपहार देकर सम्मानित किया गया। अनोखा पाकर कर्मचारियों के चेहरों पर खुशी और उत्साह देखने को मिला।
दिवाली के रंग में सजे इस आयोजन ने कर्मचारियों के लिए त्योहार की खुशियों को दोगुना कर दिया। कंपनी ने इस पहल के माध्यम से अपने कर्मचारियों की मेहनत और समर्पण को महत्व देने का सकारात्मक संदेश दिया। बताया जा रहा है कि कई कर्मचारियों को अच्छी घड़ी, साइकिल और बहुत कुछ दिया गया है। कार्यक्रम की तस्वीरों में भी कर्मचारियों का उत्साह और खुशी साफ नजर आ रही है। खास बात यह रही कि कर्मचारियों को मिले ये गिफ्ट उनके लिए केवल इनाम नहीं। बल्कि उनकी मेहनत की पहचान और त्योहार की एक यादगार सौगात बन गए।
कंपनी की इस पहल ने दिया खास संदेश
किसी भी संस्था की सफलता में कर्मचारियों की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण होती है। जब उनकी मेहनत को पहचान और सम्मान मिलता है, तो वर्कप्लेस पर सकारात्मकता, विश्वास और अपनापन बढ़ता है। धनतेरस के अवसर पर सिंगापुर दूतावास (Singapore in India) की यह पहल इसी भावना को दर्शाती है कि त्योहारों की असली खुशी अपनों के साथ खुशियां बांटने और उनकी मेहनत का सम्मान करने में है।
कर्मचारियों में दिखा उत्साह
जिस कर्मचारी को टीवी मिला, उसके चेहरे पर खुशी देखते ही बन रही थी। उसके लिए यह सिर्फ एक टीवी नहीं था। बल्कि अपने परिवार के साथ बिताए जाने वाले खूबसूरत पलों का एक नया तोहफा था। वह मन ही मन सोच रहा था कि जब वह घर जाकर अपने परिवार को यह खुशखबरी देगा, तो उनके चेहरे पर कितनी बड़ी मुस्कान आएगी।
किसी के लिए नई बाइक एक नया सपना पूरा होने जैसा था, तो किसी के लिए सोने के गिफ्ट धनतेरस की सबसे खूबसूरत याद बन गया। इस आयोजन ने एक बहुत खूबसूरत संदेश दिया कि किसी भी संस्था की असली ताकत सिर्फ उसका बिजनेस, उसकी बिल्डिंग या उसका मुनाफा नहीं होता। बल्कि उसमें काम करने वाले लोग होते हैं। सोशल मीडिया पर लोग सिंगापुर दूतावास की जमकर तारीफ कर रहे हैं।
भारत की दिवाली के रंग में रंगे विदेशी दूतावास
बता दें कि भारत में दिवाली का त्योहार सिर्फ घरों और बाजारों तक ही सीमित नहीं है, बल्कि इसकी रोशनी और खुशियां दुनिया के अलग-अलग देशों तक पहुंच रही हैं। भारत में मौजूद विदेशी दूतावास भी इस बार दीपावली के उत्सव में पूरी गर्मजोशी के साथ शामिल हुए। कहीं दीये जलाए गए, कहीं रंग-बिरंगी फूलों की रंगोली सजाई गई, तो कहीं भारतीय लोकनृत्यों की धुन पर विदेशी राजनयिक झूमते नजर आए। सिंगापुर के अलावा फ्रांस, अमेरिका, संयुक्त अरब अमीरात (UAE), श्रीलंका और स्विट्जरलैंड के दूतावासों ने अलग-अलग अंदाज में दिवाली मनाकर भारत की सांस्कृतिक परंपराओं के प्रति अपना सम्मान और जुड़ाव प्रदर्शित किया।
इन आयोजनों की खास बात यह रही कि विदेशी राजनयिकों और दूतावास के कर्मचारियों ने केवल औपचारिक कार्यक्रमों तक खुद को सीमित नहीं रखा, बल्कि भारतीय त्योहार की परंपराओं में सक्रिय रूप से हिस्सा लिया। इससे दिवाली का उत्सव भारत की सांस्कृतिक पहचान के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय मित्रता और आपसी सहयोग का भी प्रतीक बन गया।
फ्रांस दूतावास में 'ऑपरेशन दिवाली', कर्मचारियों में दिखा उत्साह
भारत में फ्रांस के दूतावास ने भी दीपावली का त्योहार उत्साह के साथ मनाया। दूतावास की ओर से दिवाली पार्टी का आयोजन किया गया। इस आयोजन को लेकर कर्मचारियों के बीच उत्सुकता और उत्साह का माहौल देखने को मिला। फ्रांसीसी दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक हल्का-फुल्का वीडियो शेयर किया। वीडियो के साथ दूतावास ने मजेदार अंदाज में लिखा कि दूतावास में एक कानाफूसी चल रही है। क्या दिवाली पार्टी होने वाली है?
इसके साथ ही 'ऑपरेशन दिवाली' शुरू होने की बात कही गई और मिशन का उद्देश्य इस राज से पर्दा उठाना बताया गया। फ्रांस और भारत के झंडों के साथ शेयर किए गए इस संदेश ने दोनों देशों के बीच सांस्कृतिक रिश्तों की खूबसूरत झलक पेश की। दूतावास का यह अंदाज सोशल मीडिया पर भी आकर्षण का केंद्र बना।
अमेरिका ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ मनाई दिवाली, जारी किया विशेष डाक टिकट
अमेरिकी दूतावास ने भी नई दिल्ली में दिवाली का उत्सव मनाया। भारत में अमेरिका के राजदूत सर्जियो गोर ने दूतावास में आयोजित कार्यक्रम की तस्वीरें X पर शेयर कीं। उन्होंने लिखा कि नई दिल्ली स्थित अमेरिकी दूतावास में दिवाली मनाना उनके लिए खुशी की बात है और इस त्योहार को मनाने वाले सभी लोगों को उन्होंने शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर दूतावास में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के जरिए भारतीय परंपराओं, संगीत और उत्सव की भावना को सम्मान दिया गया। अमेरिका की ओर से दिवाली के मौके पर एक और खास पहल की गई। अमेरिकी डाक सेवा (USPS) ने दीपावली के अवसर पर एक विशेष 'फॉरएवर स्टांप' जारी किया। यह दिवाली पर जारी किया गया दूसरा ऐसा डाक टिकट है। इससे पहले वर्ष 2016 में भी अमेरिकी डाक सेवा ने दिवाली पर विशेष टिकट जारी किया था।
भारत में UAE के राजदूत की पहली दिवाली बनी खास
भारत में संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के राजदूत अब्दुल्ला सैफ अल नुआइमी के लिए इस बार की दिवाली खास रही। भारत में यह उनकी पहली दिवाली थी। उन्होंने इसे यादगार बनाने के लिए नई दिल्ली स्थित दूतावास में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया। इस मौके पर राजदूत ने दूतावास के कर्मचारियों और उनके परिवारों के साथ दीपावली मनाई। सभी ने मिलकर दीये जलाए और त्योहार की खुशियां शेयर कीं।
श्रीलंका हाई कमीशन में 'डिप्लोमैट्स के साथ दिवाली', भांगड़ा और गरबा पर झूमे राजनयिक
नई दिल्ली स्थित श्रीलंका के उच्चायोग ने 4 नवंबर को 'Diwali with Diplomats' नाम से एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया। इस आयोजन में विभिन्न देशों के राजनयिक और डिप्लोमैटिक समुदाय के सदस्य शामिल हुए। चाणक्यपुरी स्थित श्रीलंका हाई कमीशन के परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण भारतीय लोकनृत्य रहे। मेहमानों के लिए पंजाबी भांगड़ा, राजस्थान का घूमर और गुजरात का गरबा परफॉर्म किया गया।
कार्यक्रम की खास बात यह रही कि राजनयिकों ने केवल प्रस्तुतियां देखने तक खुद को सीमित नहीं रखा, बल्कि वे भी डांस में शामिल हुए। कई विदेशी मेहमान अपने-अपने देशों की पारंपरिक वेशभूषा में पहुंचे थे। भारतीय लोकसंस्कृति की धुनों पर विदेशी राजनयिकों का उत्साह इस आयोजन को और खास बना गया।
स्विट्जरलैंड दूतावास में रंगोली और दीयों से सजा उत्सव
स्विट्जरलैंड ने भी भारत की दिवाली परंपराओं को उत्साह के साथ अपनाया। भारत और भूटान में स्विट्जरलैंड की राजदूत माया तिस्साफी ने 3 नवंबर को अपनी टीम के साथ दिवाली का एडवांस उत्सव मनाया। इस अवसर पर दूतावास परिसर में रंग-बिरंगी रंगोलियां सजाई गईं और दीये जलाए गए। राजदूत ने अपने कर्मचारियों के साथ उत्सव की तस्वीरें शेयर करते हुए लिखा कि दिल्ली में दिवाली की रौनक फैलने से पहले ही त्योहार का जादू दूतावास तक पहुंच गया।
विदेशी दूतावासों में दिवाली के ये आयोजन केवल रोशनी और सजावट तक सीमित नहीं रहे। इन कार्यक्रमों में भारतीय परंपराओं, लोककला, खानपान और पारिवारिक उत्सव की भावना को भी जगह मिली। फ्रांस के दूतावास की मजेदार 'ऑपरेशन दिवाली' पहल हो या अमेरिकी दूतावास का सांस्कृतिक कार्यक्रम, सिंगापुर के कर्मचारियों को दिए गए उपहार हों या श्रीलंका में विदेशी राजनयिकों का गरबा और भांगड़ा...हर आयोजन ने दिवाली की व्यापक सांस्कृतिक पहचान को सामने रखा।
भारत में मौजूद इन देशों के प्रतिनिधियों ने जिस तरह भारतीय त्योहार में हिस्सा लिया, उससे यह संदेश भी सामने आया कि संस्कृति और परंपराएं देशों की सीमाओं से आगे जाकर लोगों को जोड़ने का काम करती हैं। दिवाली की रोशनी ने इस बार विदेशी दूतावासों को भी भारतीय रंग में रंग दिया। दीयों की चमक, फूलों की रंगोली, पारंपरिक नृत्य और आपसी शुभकामनाओं के बीच भारत की सांस्कृतिक विरासत ने इंटरनेशनल लेवल पर दोस्ती, सद्भाव और एकजुटता का खूबसूरत संदेश दिया।
In the spirit of #Dhanteras #Dhanatrayodashi our staff walked away prizes of cash, EV bikes, 55" TVs, watches and a touch of gold. Happy #Diwali #Deepavali. HC Wong #Diwali2026 #Deepavali2026 https://t.co/0RcsHYO9P9