Farooq Abdullah News: '20 साल से मारना चाहता था'; फारूक अब्दुल्ला पर फायरिंग करने वाला कमल सिंह कौन है? देखें- चौंकाने वाला वीडियो

Farooq Abdullah Firing: जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेशनल कांफ्रेंस (NC) के नेता फारूक अब्दुल्ला पर बुधवार (11 मार्च) एक शादी समारोह में एक व्यक्ति ने गोली चला दी। इस फायरिंग में वह बाल-बाल बच गए। अब्दुल्ला ग्रेटर कैलाश इलाके में एक शादी समारोह में शामिल होने गए थे। वहां एक व्यक्ति ने काफी नजदीक से उनपर गोली चला दी

अपडेटेड Mar 12, 2026 पर 8:21 AM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
Farooq Abdullah Firing: सुरक्षाकर्मियों ने तुरंत आरोपी कमल सिंह को पकड़ लिया और बाद में पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया

Farooq Abdullah Firing: जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेशनल कांफ्रेंस (NC) के अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला पर बुधवार (11 मार्च) रात कमल सिंह जामवाल नाम के एक व्यक्ति ने फायरिंग कर दी। फारूक अब्दुल्ला के साथ जम्मू-कश्मीर के उपमुख्यमंत्री सुरिंदर चौधरी भी थे। फायरिंग में दोनों चमत्कारिक रूप से बच गए। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। यह घटना तब हुई जब अब्दुल्ला और चौधरी जम्मू के ग्रेटर कैलाश के रॉयल पार्क में एक शादी फंक्शन में शामिल हो रहे थे।

सूत्रों ने बताया कि जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री को गोली मारने की कोशिश के आरोप में गिरफ्तार आरोपी कमल सिंह ने पुलिस पूछताछ में दावा किया कि वह पिछले दो दशकों से फारूक अब्दुल्ला को मारने की योजना बना रहा था। जम्मू के पुरानी मंडी के रहने वाले कमल सिंह ने पुलिस पूछताछ के दौरान कहा, "मैं पिछले 20 सालों से फारूक अब्दुल्ला को मारना चाहता था। यही मेरा खुद का मकसद था। आज आखिरकार मुझे मौका मिल गया। लेकिन ऐसा नहीं हो सका।"

खबर है कि जम्मू के रहने वाले 63 साल के सिंह ने NC प्रमुख पर अपनी लाइसेंसी बंदूक से हमला किया। उसने कहा कि जिस हथियार से उसने हमला किया वह उसी का है। सूत्रों के मुताबिक, आरोपी की जम्मू के पुराने हिस्से में कुछ दुकानें हैं। वह अपनी दुकानों से किराए पर देकर अपना गुजारा करता है।


NC चीफ की जान लेने की नाकाम कोशिश के बाद उसने पुलिस से कहा, "आज मुझे मौका मिला, लेकिन वह (फारूक अब्दुल्ला) खुशकिस्मत थे कि बच गए।" खबर है कि हमले के दौरान आरोपी नशे में था। J&K के पूर्व मुख्यमंत्री की हत्या की कोशिश करने के बाद सिक्योरिटी गार्ड्स ने उसे पकड़ लिया।

जम्मू-कश्मीर पुलिस ने अपने बयान में कहा, "जम्मू-कश्मीर नेशनल कॉन्फ्रेंस पार्टी के अध्यक्ष/पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. फारूक अब्दुल्ला पर तब हमला किया गया जब वे रॉयल पार्क, ग्रेटर कैलाश, जम्मू में एक शादी में शामिल हो रहे थे। J&KP और NSG के सुरक्षाकर्मी तुरंत हरकत में आए और हमले को नाकाम कर दिया। आरोपी की पहचान कमल सिंह, पुत्र अजीत सिंह, निवासी पुरानी मंडी, जम्मू के तौर पर हुई है, जिसे हिरासत में ले लिया गया है। आरोपी के पास से जुर्म में इस्तेमाल किया गया हथियार भी बरामद कर लिया गया है। इस पर कार्रवाई की गई है। आगे की जांच चल रही है।"

अधिकारियों के मुताबिक, फारूक अब्दुल्ला और चौधरी नेशनल कॉन्फ्रेंस के नेता बीएस चौहान को उनकी बेटी की शादी की बधाई देने गए थे। वे एक घंटे से ज्यादा समय तक वेन्यू पर मौजूद रहे। घटना पर दुख जताते हुए जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री और फारूक अब्दुल्ला के बेटे उमर अब्दुल्ला ने अपने पिता की जान बचाने के लिए अल्लाह का शुक्रिया अदा किया। उन्होंने सिक्योरिटी पर सवाल उठाया कि लोडेड पिस्टल वाला आदमी कैसे उनके एकदम पास आ गया और NC चीफ पर गोली चला दी।

उमर अब्दुल्ला ने ट्वीट किया, "अल्लाह मेहरबान है। मेरे पिता बाल-बाल बचे थे। अभी डिटेल्स साफ़ नहीं हैं, लेकिन जो पता चला है वह यह है कि एक आदमी लोडेड पिस्टल लेकर पॉइंट-ब्लैंक रेंज में आ गया और गोली चला दी। सिर्फ क्लोज प्रोटेक्शन टीम ने ही गोली को डिफ्लेक्ट किया और यह सुनिश्चित किया कि हत्या की कोशिश नाकाम हो जाए। इस समय जवाबों से ज्यादा सवाल हैं, जिनमें यह भी शामिल है कि कोई Z+ NSG प्रोटेक्टेड पूर्व मुख्यमंत्री के इतने करीब कैसे पहुंच गया।"

ये भी पढे़ं- Farooq Abdullah Firing: जम्मू में NC चीफ फारूक अब्दुल्ला पर फायरिंग! J&K के डिप्टी CM सुरिंदर चौधरी भी मौजूद, बाल-बाल बचे

बीजेपी नेता रविंदर रैना ने कहा, "जम्मू शहर में देर रात एक शादी समारोह में गोलीकांड का मामला सामने आया है। ये बेहद चिंताजनक और बहुत ही गंभीर मामला है। उस शादी समारोह में जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. फारूक अब्दुल्ला साहब भी मौजूद थे। गोली चलाने वाले व्यक्ति को जम्मू-कश्मीर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। तमाम सुरक्षा एजेंसियां और जम्मू-कश्मीर पुलिस छानबीन कर रही हैं।"

उन्होंने आगे कहा, "सुरक्षा एजेंसियां परत-दर-परत तमाम एंगल को खंगाल रही हैं। हालांकि जम्मू-कश्मीर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों का मानना है कि इस गोली कांड में किसी भी प्रकार से कोई आतंकवादी घटना की साजिश नजर नहीं आती। लेकिन फिर भी तमाम एंगलों को खंगाल रही हैं... भगवान का शुक्र है कि वे सभी लोग जो शादी समारोह में शामिल थे, जिसमें फारूक अब्दुल्ला भी शामिल हैं वे सुरक्षित हैं।"

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।