Keralam Fire: केरलम की राजधानी तिरुवनंपुरम के सरकारी मेडिकल कॉलेज के मल्टी-स्पेशियलिटी ब्लॉक के एक हिस्से में मंगलवार (17 मार्च) सुबह आग लग गई। गनीमत यह रही कि घटना में कोई हताहत नहीं हुआ। समय रहते ICU में भर्ती सभी मरीजों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। अधिकारियों ने बताया कि सर्जिकल इंटेंसिव केयर यूनिट (ICU) में लाइफ-सपोर्ट वेंटिलेटर में शॉर्ट सर्किट होने के कारण आग लगी। उन्होंने बताया कि इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ। इमारत की पहली मंजिल पर स्थित सर्जिकल ICU से मरीजों को सुरक्षित निकाल लिया गया है।
मरीजों के परिवार वालों ने समाचार चैनलों को बताया कि अस्पताल में बहुत धुआं था। तिरुवनंतपुरम नगर निगम के मेयर वी.वी. राजेश अस्पताल पहुंचे। उन्होंने बताया कि जानकारी के अनुसार आग पर काबू पा लिया गया है। उन्होंने यह भी कहा कि इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ और सभी लोग सुरक्षित हैं। मेयर ने बताया कि सभी वेंटिलेटर्स का भी निरीक्षण किया जा रहा है। दमकल अधिकारियों ने बताया कि अस्पताल में धुआं था। लेकिन अब वह समाप्त हो गया है।
पूर्व विधायक कडकमपल्ली सुरेंद्रन आग लगने की घटना के बाद तिरुवनंतपुरम मेडिकल कॉलेज पहुंचे। इस दौरान उन्होंने कहा, "आग पर काबू पा लिया गया है। मैंने मरीजों से बात की। मरीज और अस्पताल दोनों ही एक बड़ी आपदा से बच गए हैं। आग लगने के तुरंत बाद ही समय पर और प्रभावी कदम उठाए गए। कोई भी लापता नहीं है। हर जगह जांच की गई है। मैंने स्वास्थ्य मंत्री से बात की। जैसे ही घटना की जानकारी मिली। मंत्री ने संबंधित वरिष्ठ अधिकारियों को तुरंत मौके पर पहुंचने का निर्देश दिया।"
ओडिशा में 10 मरीजों की मौत
इससे पहले ओडिशा सरकार द्वारा संचालित एससीबी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के आईसीयू में रविवार देर रात भीषण आग लगने से कम से कम 10 मरीजों की मौत हो गई। घटना के बाद अस्पताल पहुंचे मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने बताया कि मरीजों को सुरक्षित बाहर निकालने के दौरान अस्पताल के करीब 11 कर्मचारी झुलस गए। मुख्यमंत्री ने छह सदस्यों की एक जांच टीम बनाई है, जो आग लगने की वजह की जांच करेगी। मांझी ने बताया कि आग शायद शॉर्ट सर्किट के कारण लगी।
एक अधिकारी ने बताया कि आग देर रात ढाई बजे से तीन बजे के बीच लगी। दमकलकर्मी तुरंत अस्पताल पहुंचे और आग बुझाने के लिए अभियान शुरू किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आग लगने की घटना में मरीजों की मौत पर शोक व्यक्त किया। पीएम मोदी ने प्रधानमंत्री राष्ट्रीय आपदा कोष (पीएमएनआरएफ) से प्रत्येक मृत व्यक्ति के परिजन को दो लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की।
प्रधानमंत्री कार्यालय ने X पर एक पोस्ट में कहा, "ओडिशा के कटक स्थित एक अस्पताल में हुई दुर्घटना अत्यंत दुखद है। अपनों को खोने वाले सभी लोगों के प्रति गहरी संवेदना। प्रत्येक मृतक के परिजन को पीएमएनआरएफ की ओर से दो लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी। घायलों को 50,000 रुपये दिए जाएंगे।" प्रधानमंत्री ने माझी से फोन पर बात की और हालात का जायजा लिया।
आग लगने की घटना पर पुलिस कमिश्नर के. कार्तिक ने कहा, "जिस जगह आग लगी थी, वहां 32 मरीज मौजूद थे। मेडिकल स्टाफ ने तुरंत धुएं को बुझा दिया। धुएं की वजह से दो मेडिकल स्टाफ को सांस लेने में तकलीफ हुई थी। लेकिन अब उनकी हालत सामान्य है। सभी मरीजों को वहां से निकालकर दूसरी जगहों पर शिफ्ट कर दिया गया है। अस्पताल ने अस्थायी ICU बना दिए हैं। अब हालात काबू में हैं। बिजली विभाग सभी जरूरी जांच कर रहा है।"