मछुआरे ने जिसे समझा बड़ी मछली वो निकली मां दुर्गा की प्राचीन मूर्ति, बारामुला में सदियों पुरानी धरोहर पुरातत्व विभाग को सौंपी गई

बारामुला में एक मछुआरे की हैरत का उस समय ठिकाना न रहा, जब उसके मछली पकड़ने के जाल में मां दुर्गा की मुर्ति मिली। मूर्ती देखने के बाद मछुआरे ने तुरंत पुलिस को इसकी जानकारी और उसके बाद मूर्ती को राज्य के पुरातत्व विभाग के सुपुर्द कर दिया गया। जानिए पूरा मामला

अपडेटेड Dec 27, 2025 पर 11:03 PM
Story continues below Advertisement
यह घटना जम्मू कश्मीर के बारामूला में गुरुवार को नजीर अहमद लाटू के साथ हुई।

बारामुला के मछुआरे नजीर अहमद लाटू ने उस दिन भी रोज की तरह मछली पकड़ने के लिए अपना जाल झेलम नदी में डाला। उस वक्त उसे अंदाजा भी नहीं रहा होगा कि उसे आज झेलम नदी क्या देने वाली है। जाल भारी महसूस होने पर उसने बड़ी या ढेर सारी मछलियां फंसने की बात को सोच कर जाल खींच लिया। मगर, जाल को देखकर उसके होश तब उड़ गए जब मछलियों की जगह उसमें मूर्तीनुमा चीज नजर आई। नजदीक से देखने पर यह उसे किसी हिंदू देवी-देवता की मूर्ति लगी।

यह घटना जम्मू कश्मीर के बारामूला में गुरुवार को नजीर अहमद लाटू के साथ हुई। बारामुला के जोगियार इलाके में झेलम दरिया में गुलाम मोहम्मद लाटू का बेटा नजीर मछली पकड़ रहा था। बारामुला से आगे उड़ी के रास्ते में शीरी के पास झेलम दरिया में जब मछली पकड़ने के लिए उसने जाल फेंका तो वहां उसे मूर्ति मिली। इसे मां दुर्गा की प्राचीन मूर्ति बताया जा रहा है। बारामूला पुलिस ने इस मूर्ति को संरक्षण के लिए संबंधित विभाग को भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार बारामूला के शालटेंग-जोग्यार के रहने वाला नजीर ने झेलम से मूर्ति मिलने पर स्थानीय पुलिस स्टेशन शेरी को सूचित किया कि उसे झेलम नदी में मछली पकड़ते समय एक पत्थर की मूर्ति मिली है। मूर्ति को पुलिस स्टेशन शेरी में सुरक्षित रखा गया। इसके बाद 26 दिसंबर 2025 को जम्मू कश्मीर के अभिलेखागार, पुरातत्व और संग्रहालय निदेशालय के उचित प्रक्रिया और आधिकारिक निर्देशों का पालन करते हुए सौंप दिया गया। जांच में पता चला है यह पत्थर की मूर्ति देवी दुर्गा की है।

मां दुर्गा की मूर्ती को सही-सलामत पुलिस को सौंपने पर मछुआरे की तारीफ हो रही है। वहीं, राज्य की पुलिस ने लोगों से अपील की है कि ऐतिहासिक या पुरातात्विक महत्व की ऐसी किसी भी खोज के बारे में अधिकारियों को तुरंत सूचित करें। पुलिस ने कहा है कि उसे उम्मीद है कि लोग इसमें अपनी भूमिका को निभाएंगे और सहयोग देंगे।

Assam: चुनाव आयोग ने SR के बाद असम की ड्राफ्ट वोटर लिस्ट जारी की, हटाए गए 10 लाख नाम

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।