Air India Ahmedabad Plane Crash: गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी की भी मौत

Vijay Rupani Died in Air India Plane Crash: विजय रूपाणी के कार्यालय ने पहले कहा था कि रूपाणी दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। अब उनकी भी मौत की खबर आई है। रूपाणी अगस्त 2016 से सितंबर 2021 तक गुजरात के 16वें मुख्यमंत्री रहे। वह अपने शांत स्वभाव और दृढ़ प्रशासनिक शैली के लिए जाने जाते थे

अपडेटेड Jun 12, 2025 पर 11:50 PM
Story continues below Advertisement

गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी (Vijay Rupani) की भी एयर इंडिया प्लेन क्रैश में मौत हो गई है। वह उन 242 लोगों में शामिल थे, जो गुरुवार दोपहर को एयर इंडिया की AI171 फ्लाइट से अहमदाबाद से लंदन जा रहे थे। उनके कार्यालय ने पहले कहा था कि रूपाणी दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। अब उनकी भी मौत की खबर आई है।

केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सीआर पाटिल ने रूपाणी की मौत की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि गुरुवार को अहमदाबाद में एयर इंडिया विमान दुर्घटना में मारे गए लोगों में गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी भी शामिल हैं। यह भाजपा के लिए एक बड़ा झटका है।

241 लोगों के मरने की खबर 


12 जून को दोपहर 1.38 बजे अहमदाबाद से लंदन गैटविक जा रहा एयर इंडिया का एक प्लेन अहमदाबाद एयरपोर्ट से उड़ान भरने के कुछ ही पलों बाद एयरपोर्ट के पास मेघाणी नगर इलाके में क्रैश हो गया। इसमें चालक दल के 10 सदस्यों सहित 242 लोग सवार थे। हादसे में 241 लोगों के मरने की खबर है।

एयर इंडिया प्लेन क्रैश के पैसेंजर्स में रूपाणी के शामिल होने की बात सोशल मीडिया पर वायरल एक फोटो से भी हुई थी। यह फोटो गुजरात के पूर्व सीएम से आगे बैठे एक पैसेंजर ने लिया था। वायरल हो रही रूपाणी की तस्वीर को हादसे से पहले का बताया जा रहा है। जब प्लेन क्रैश की खबर आई, तब ही से रूपाणी पर स्थिति को लेकर अपडेट का इंतजार किया जा रहा था। हादसे के बाद उनके कार्यालय ने कहा कि रूपाणी प्लेन दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।

कब से कब तक थे गुजरात के CM

रूपाणी अगस्त 2016 से सितंबर 2021 तक गुजरात के 16वें मुख्यमंत्री रहे। उन्होंने अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) से जुड़े एक छात्र कार्यकर्ता के रूप में अपना राजनीतिक करियर शुरू किया और बाद में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) में शामिल हो गए। रूपाणी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की स्थापना के समय से ही इससे जुड़े रहे हैं। गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री को 1976 में इमरजेंसी के दौरान 11 महीने जेल में रहना पड़ा था।

रूपाणी अपने शांत स्वभाव और दृढ़ प्रशासनिक शैली के लिए जाने जाते थे। राजकोट नगर निगम में पार्षद चुने जाने के साथ ही 1987 में उन्होंने जन सेवा में एंट्री की और बाद में महापौर बने। वह 2006 से 2012 के बीच राज्यसभा के सदस्य भी रहे। गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में उनके कार्यकाल में राज्य औद्योगिक नीति 2020 की शुरुआत और आदिवासी उत्थान के लिए पहल देखी गई। रूपाणी ने सितंबर 2021 में मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया और उनकी इस पहल से राज्य चुनावों से पहले ही भूपेंद्र पटेल के लिए मुख्यमंत्री बनने का रास्ता साफ हो गया।

Air India Plane Crash: अहमदाबाद एयरपोर्ट पर फ्लाइट हुईं सस्पेंड तो वेस्टर्न रेलवे आई आगे, चलाएगी अतिरिक्त ट्रेनें

अहमदाबाद एयरपोर्ट पर फ्लाइट्स सस्पेंड

हादसे के बाद अहमदाबाद के सरदार वल्लभभाई पटेल इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर फ्लाइट्स के ऑपरेशंस अगले आदेश तक रोक दिए गए हैं। दुर्घटनाग्रस्त बोइंग 787-8 एयरक्राफ्ट वाली एयर इंडिया फ्लाइट AI171 के पैसेंजर्स में 169 भारतीय नागरिक, 53 ब्रिटिश नागरिक, 1 कनाडाई नागरिक और 7 पुर्तगाली नागरिक शामिल थे।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।